तुम मुझे वोट दो,मैं तुम्हें डॉलर दूँगा

व्यंग्य

तुम मुझे वोट दो,मैं तुम्हें डॉलर दूँगा

राजकुमार कुम्भज

सुभाषचंद्र बोस का ये विश्व-प्रसिद्ध कथन लगभग सभी को याद होगा कि ” तुम मुझे ख़ून दो,मैं तुम्हें आज़ादी दूँगा ” लेकिन इधर डोनाल्ड ट्रम्प ने ऐलान किया है कि अगर मध्यावधि चुनाव ( नवंबर,2026 ) में वे जीत जाते हैं,तो प्रत्येक वयस्क अमेरिकी मतदाता को पाँच हज़ार डॉलर देंगे.” तुम मुझे वोट दो,मैं तुम्हें डॉलर दूँगा.”

सर्वशक्तिमान विश्व-शक्ति महादेश अमेरिका के सर्वशक्तिमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प चाहते हैं कि अमेरिकी मतदाता,ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी को आगामी मध्यावधि चुनावों के दौरान दोनों सदनों में बहुमत दे दें,ताकि वे पुनः राष्ट्रपति चुने जा सकें.

मध्यावधि चुनावों में इस प्रस्तावित जीत के बदले ट्रम्प अमेरिकी मतदाताओं से वादा कर रहे हैं कि ” तुम मुझे वोट दो मैं तुम्हें पाॅंच हज़ार डॉलर दूॅंगा. ”

अन्यथा नहीं है कि इस समय भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के मध्य दोस्ताना संबंध हैं.

नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने से पहले अपने प्रत्येक मतदाता को ( विदेश में जमा काला धन वापस लाकर ) पंद्रह लाख देने का वचन दिया था.

अपने तथाकथित मित्र से प्रभावित व प्रेरित होकर डोनाल्ड ट्रम्प ने भी व्यवस्था-परिवर्तन के निमित्त,भारतीय नेताओं का शिष्य बन जाना स्वीकार कर लिया है.

ये अलग बात है कि चुनाव जीत जाने के बाद भारत में सबसे अधिक लोकप्रिय -कुख्यात मोटाभाई-छोटाभाई ने अपने ही श्रीमुख से निकलने वाले अपने वचनों को जुमला कहकर एक ही झटके में नकार भी दिया.

इसमें हैरानी देखना नादानी है;क्योंकि ये राजनीति है और राजनीति वही होती है,जो असंभव को संभव कर दिखाती है.ट्रम्प भी अगर रिटायर होने से पहले इसी जुमलेबाज़ी का अनुशासित अनुशरण करते हैं,तो इसमें हैरानी क्या?

दुनिया जानती है कि ईरान में अमेरिका की फ़ज़ीहत करवाने के बाद साठ फ़ीसदी अमेरिकी मतदाता,ट्रम्प के ख़िलाफ़ हैं.शायद इसी वज़ह से अपनी संभावित हार को कदाचित् भांपते हुए,सर्वशक्तिमान देश के सर्वशक्तिमान राष्ट्रपति ने अपने मतदाताओं को ये प्रलोभन प्रस्तावित किया है.

प्रत्येक वयस्क अमेरिकी मतदाता को पाँच हज़ार डॉलर दिए जाने के इस परोपकारी प्रस्तावित प्रलोभन पर,वैसे तो मूल-काॅपीराइट भारतीय राजनेताओं का बनता है,लेकिन वैश्विक-बॉन्ड बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का श्रेय अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प को ही दिया जाएगा.अस्तु.

तुम मुझे वोट दो,मैं तुम्हें डॉलर दूँगा. बक़ौल भारतभूमि,वीरस्यभूमि!तुम मुझे ख़ून दो,मैं तुम्हें आज़ादी दूँगा.

 

Comments

Your email address will not be published.

0