वरिष्ठ कथाकार योगेंद्र आहूजा को मिलेगा पांचवां आधार सम्मान

वरिष्ठ कथाकार योगेंद्र आहूजा को मिलेगा पांचवां आधार सम्मान

शिमला। आधार प्रकाशन की ओर से अपने 38वें स्थापना दिवस पर दिए जाने वाले आधार सम्मान की घोषणा की गई है। इस वर्ष यह पुरस्कार वरिष्ठ कथाकार योगेंद्र आहूजा को दिया जाएगा। यह पुरस्कार वर्ष 2026 के लिए दिया जाएगा। इसकी घोषणा शिमला में आयोजित समारोह में आधार प्रकाशन के निदेशक देश निर्मोही ने की।
सम्मान की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा की वे इसे लेकर स्वयं को गौरवान्वित अनुभव कर रहे हैं। निर्णायक मंडल की ओर से विनोद शाही, देवेंद्र चौबे और किरण सिंह के द्वारा यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया है। उल्लेखनीय है कि योगेंद्र आहूजा हमारे समय के वरिष्ठ कथाकारों में से एक है। उन्होंने हिंदी कहानी को एक नई ऊंचाई प्रदान करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। वे यथार्थ के जटिलतम रूपों को भी कथा के सहज रूप में बांधने का अद्भुत कौशल रखते हैं। इस कारण वे न केवल एक बड़े कथाकार के रूप में हमारे सामने आते है बल्कि पाठकों के हृदय में अपने लिए स्थाई जगह बनाने में कामयाब भी दिखाई देते है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व आधार सम्मान राजकुमार राकेश, विनोद शाही, एस आर हरनोट तथा जयशंकर जैसे मूर्धन्य रचनाकारों को दिया जा चुका है। सम्मान समारोह का आयोजन हर वर्ष की तरह इस बार भी आधार प्रकाशन के स्थापना दिवस पर 20 दिसंबर को पंजाब आर्ट काउंसिल ऑडिटोरियम चंडीगढ़ में किया जाएगा। सम्मानित रचनाकार को प्रशस्ति पत्र के अतिरिक्त 25000/- की सम्मान राशि भी भेंट की जाती है। सम्मान समारोह के संदर्भ में इस घोषणा के साथ-साथ हम एक नई शुरुआत के बारे में भी आपको अवगत कराना चाहते हैं। इस वर्ष से हम सम्मान समारोह के साथ-साथ जगदीश चंद्र स्मृति व्याख्यानमाला का आरंभ भी करने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *