एआई से एक मिनट में 50 कॉपी एडिट करना पत्रकारिता का भविष्य नहीं है!

मीडिया के सभी संपन्न तबके ने पैसे बचाने के लिए एआई का उपयोग करना शुरू कर दिया है। पैसे तो वे अवश्य बचा लेंगे लेकिन न सिर्फ पत्रकारिता का सत्यानाश करने की तरफ बढ़ रहे हैं बल्कि अपने उद्यम का भविष्य भी खत्म कर रहे हैं। इसी विषय पर वरिष्ठ पत्रकार संजय श्रीवास्तव ने यह शोधपरक लेख लिया है। इस लेख को पत्रकार बिरादरी को खासतौर पर ध्यान से पढ़न चाहिए। संपादक

एआई से एक मिनट में 50 कॉपी एडिट करना पत्रकारिता का भविष्य नहीं है!

संजय श्रीवास्तव

कुछ महीने पहले मेरी मीडिया कंपनी के चीफ कंटेंट ऑफिसर ने एक ओपन मीटिंग में कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से अब एक मिनट में 50 कॉपी एडिट करके निकाली जा सकती हैं। सच कहूं तो मुझे उनकी इस सोच पर तरस आया। लगा कि ये लोग एआई को आखिर समझ क्या रहे हैं और इससे करना क्या चाहते हैं?

मुझे नहीं पता कि उस समय मेरा आकलन कितना सही था, लेकिन अपने न्यूज़रूम में मैंने एआई का अधकचरा इस्तेमाल होते जरूर देखा। धीरे-धीरे हमारी वेबसाइट का ट्रैफिक और रेवेन्यू गिरने लगा। कभी हिंदी न्यूज वेबसाइटों में नंबर वन रही हमारी साइट पिछड़ती चली गई। इसकी कई वजहें थीं। हमने एआई की चुनौतियों और संभावनाओं का गंभीरता से अध्ययन नहीं किया।
पाठकों को कई बार घटिया तरीके से तैयार की गई, प्लांटेड और भ्रामक खबरें परोसी जाती रहीं। अपनी कॉपी के इनोवेशन, कंटेंट की गुणवत्ता और भविष्य की रणनीति पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।

कुछ हिंदी और दूसरी भारतीय भाषाओं की वेबसाइटों के प्रमुखों को यह मुगालता भी था कि सनसनीखेज और सॉफ्ट पोर्न के आसपास घूमती हेडिंग और कॉपी से खूब ट्रैफिक हासिल किया जा सकता है। एक समय ऐसा हुआ भी। लेकिन पाठकों की पसंद, इंटरनेट का व्यवहार और सर्च प्लेटफॉर्म की प्राथमिकताएं हमेशा एक जैसी नहीं रहतीं।

इसी संदर्भ में JournalismAI की एक रिपोर्ट ध्यान खींचती है। Google News Initiative के सहयोग से लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स की पत्रकारिता शोध संस्था Polis ने दुनिया के छोटे और मझोले समाचार संस्थानों के साथ एक प्रयोग किया। इसका उद्देश्य यह देखना था कि एआई का इस्तेमाल करके समाचार संस्थान अपनी पत्रकारिता को बेहतर बनाने के साथ-साथ आर्थिक रूप से अधिक टिकाऊ कैसे बन सकते हैं।

12 देशों के 11 समाचार संस्थानों के प्रयोग

इस कार्यक्रम में 11 देशों के 12 समाचार संस्थानों को चुना गया। प्रत्येक संस्थान को 50 हजार या एक लाख डॉलर की सहायता दी गई। उन्हें नौ महीने तक अपने न्यूज़रूम की जरूरत के मुताबिक एआई आधारित समाधान विकसित करने और उनका इस्तेमाल करने का अवसर मिला।

इस प्रयोग का नाम था ‘Prompting Sustainability’। इसका फोकस दो प्रमुख बातों पर था—पाठकों को बेहतर तरीके से समझना और उनसे मिलने वाली आय को बढ़ाना।

पाठक वेबसाइट छोड़कर क्यों जा रहे हैं?

स्लोवाकिया के समाचार संस्थान Denník N ने एआई आधारित एक ऐसा मॉडल तैयार किया जो यह अनुमान लगा सकता है कि कौन से सब्सक्राइबर अपनी सदस्यता छोड़ सकते हैं। इसके आधार पर संस्थान समय रहते उन पाठकों से संपर्क कर सकता है और उन्हें बनाए रखने के उपाय कर सकता है।

मलेशिया के Malaysiakini ने भी इसी तरह का प्रयोग किया। उसने पाठकों के व्यवहार और सदस्यता छोड़ने की आशंका को समझने के लिए प्रेडिक्टिव एनालिटिक्स का इस्तेमाल किया। इसका उद्देश्य पाठक के जाने के बाद उसे वापस बुलाना नहीं, बल्कि उसके जाने से पहले ही उससे संवाद करना था।

पुर्तगाल के Observador ने व्हाट्सऐप पर एआई आधारित सब्सक्रिप्शन असिस्टेंट तैयार किया। यह पाठकों से बातचीत करके उनकी जरूरत के मुताबिक सदस्यता के विकल्प और ऑफर सुझा सकता है।
पाठकों को सिर्फ खबर नहीं, बेहतर अनुभव भी चाहिए
फिलीपींस के Rappler ने Mira नाम का एआई टूल विकसित किया। इसके जरिये पाठकों को खबरों का सारांश, पुरानी खबरों से जुड़ा संदर्भ और संबंधित स्टोरी तक पहुंचने में मदद मिलती है।

ब्राजील के Amazônia Real ने अपने पुराने रिपोर्टिंग आर्काइव को इंटरैक्टिव गेम के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयोग किया। इससे पुरानी पत्रकारिता को नए तरीके से पाठकों तक पहुंचाने का अवसर मिला।
इटली के Public Policy ने संसदीय रिपोर्टिंग को सरकारी दस्तावेजों और आधिकारिक रिकॉर्ड से जोड़ने के लिए एआई आधारित सिस्टम विकसित किया। इसका मकसद रिपोर्टिंग में तथ्यों और स्रोतों की पुष्टि को अधिक व्यवस्थित बनाना था।

भारत का प्रयोग भी इस रिपोर्ट में शामिल है

इस रिपोर्ट में भारत के Medical Dialogues को भी जगह मिली है। उसने MedSense AI नाम का सिस्टम विकसित किया। इसका उद्देश्य मेडिकल विशेषज्ञों को उनकी रुचि और जरूरत के मुताबिक प्रासंगिक लेख और सर्वे उपलब्ध कराना है। यानी एआई का इस्तेमाल केवल खबर तैयार करने के लिए नहीं, बल्कि पाठक और उसके लिए उपयोगी कंटेंट के बीच बेहतर संबंध बनाने के लिए किया गया।

इंडोनेशिया के Tempo ने अपने 55 साल पुराने डिजिटल आर्काइव को व्यवस्थित करने के लिए डिजिटल एसेट मैनेजमेंट सिस्टम तैयार किया। इससे उसके पुराने कंटेंट के व्यावसायिक इस्तेमाल और पाठकों के लिए चैटबॉट जैसी सुविधाओं का रास्ता खुला।

एआई का इस्तेमाल नहीं, उसकी समझ जरूरी है

इस पूरी रिपोर्ट का सबसे महत्वपूर्ण निष्कर्ष यही है कि एआई का बेहतर इस्तेमाल करने के लिए किसी समाचार संस्थान को बहुत बड़ी तकनीकी टीम या करोड़ों डॉलर के बजट की जरूरत नहीं है। जरूरत है स्पष्ट रणनीति, अपने पाठकों की समझ और सही समस्या की पहचान की। इन प्रयोगों में इंसानी निगरानी और संपादकीय निर्णय की भूमिका भी बनी रही।
मुझे लगता है कि भारतीय मीडिया संस्थानों को इस रिपोर्ट से गंभीरता से सीखने की जरूरत है। एआई से कॉपी लिखवाना, हेडिंग बनवाना या एक मिनट में 50 खबरें एडिट कर लेना बहुत छोटी उपलब्धियां हैं। असली चुनौती यह है कि पाठक हमारी वेबसाइट पर क्यों आएगा? वह हमारी खबर पर भरोसा क्यों करेगा? वह दूसरी वेबसाइट छोड़कर हमें क्यों पढ़ेगा? और क्या हम उसे ऐसा कंटेंट दे रहे हैं जिसके लिए वह दोबारा लौटकर आए?

मीडिया संस्थानों को यह समझना होगा कि एआई पत्रकारिता का विकल्प नहीं, बल्कि पत्रकारिता को बेहतर बनाने का एक औजार है। इसका इस्तेमाल रिपोर्टिंग, फैक्ट चेकिंग, डेटा विश्लेषण, आर्काइव, पाठकों की पसंद समझने और नए बिजनेस मॉडल विकसित करने में हो सकता है।

आखिर में एक बात। एआई के दौर में मीडिया संस्थानों के सामने सबसे बड़ा संकट कॉपी एडिट करने की रफ्तार का नहीं, बल्कि अपनी विश्वसनीयता और पाठकों का भरोसा बचाने का है। जो संस्थान इस फर्क को समझेंगे, उनके पास भविष्य में टिके रहने की बेहतर संभावना होगी। बाकी एक मिनट में 50 कॉपी एडिट करने की उपलब्धि का जश्न मनाते रह सकते हैं।

संजय श्रीवास्तव के फेसबुक वॉल से साभार 

Comments

Your email address will not be published.

0