जनभावना जब आत्मघाती हो जाती है!
मंजुल भारद्वाज
तमसो मा ज्योतिर्गमय… अंधेरे से प्रकाश की ओर … अज्ञानता से ज्ञान की ओर… यह मुहावरे जीवन को सार्थक दिशा देते हैं। जब इन मुहावरों का उपयोग पाखंड़,आडंबर, कर्मकांड के प्रमाण पत्र के रूप में किया जाए तब विध्वंस अटल है।
आज वही हो रहा है। दीप पर्व आज प्रदूषण पर्व हो गया है। कहां तय था कि दीया अंधेरा मिटायेगा और कहां दीया नाम मात्र हो गया और असल हो गया बारूद । दीया प्रकाश, ज्ञान का प्रतीक है जो शांति, खुशहाली का मार्ग प्रशस्त करता है और बारूद बर्बादी का, हिंसा का ।
बारूद का नाम पटाखा रखा है। यह बारूद जब फटता है तब ध्वनि, वायु प्रदूषण को सुनिश्चित करते हुए जल और मिट्टी को भी अपनी आगोश में लपेट लेता है। प्रदूषण से कराह रहे महानगरों को यह बारूद नरक बना देता है।
सत्ता, बाज़ार,धर्म, सामाजिक जड़ता परम्परा और संस्कृति की दुहाई देकर अपने कुकर्म छिपाती है। पाखण्ड, कर्मकांड, आडंबर को पोषित करती है। जब इनसे कोई तर्क संगत संवाद करे तो यह आस्था के गटर में लोटने लगते हैं।
जहां से कुतर्कों की झड़ी लग जाती है और उस कुतर्क की एक सर्वमान्य बानगी है, ” हमारे ही त्यौहारों से प्रदूषण फैलता है और उनके… ” !
त्रासदी यह है कि जहां दीया प्रकाश, ज्ञान का प्रतीक है उसे आस्था के गटर से बुझा दिया जाता है। एक एक सांस को तरसता समाज शुद्ध हवा, शांत वातावरण, साफ़ गलियों – सड़को, शुद्ध जल , शुद्ध भोजन को चुनने की बजाय बारूद को चुनता है!
बारूद का चुनाव
विध्वंस यह है कि शिक्षित समाज बारूद चुन रहा है… शिक्षित समाज प्रदूषण फैला रहा है… शिक्षित समाज आस्था के गटर स्नान में मोक्ष प्राप्त कर रहा है। भावनाओं को भड़का कर सत्ता पाने वाले धर्म, परंपरा, संस्कृति के ठेकेदार इस विध्वंस के वाहक हैं!
कोई उनसे पूछ ले कि ” दीप पर्व ” जब शुरू हुआ तो बारूद कहां था ?
आस्था की आड़ में जनभावना भड़का रहे
” दीप पर्व ” में दीया जलाने,नए वस्त्र पहनने, मिठाई खाने और एक दूसरे से स्नेह मिलन के भाव को कब बारूद निगल गया ? ऐसे सवालों का उत्तर देने की बजाय वो आस्था की आड़ में छुपकर जनभावनाओं को भड़काते हैं।
दीया प्रकाश के बजाय प्रदूषण का कारण बन जाता है। प्रकाश की बजाय अंधेरा छा जाता है। ज्ञान की बजाए अज्ञानता पसर जाती है। जनभावनाएं आत्मघाती हो जाती हैं!
