जसवीर त्यागी की बाजार केंद्रित कविताएं -1

जसवीर त्यागी की बाजार केंद्रित कविताएं

पार्ट -1

 

महंगाई

÷÷÷÷

 

शनि बाज़ार से सब्जी खरीदकर

घर जाने को उत्सुक

तीन महिलाओं ने

रिक्शे वाले से भाड़ा पूछा-

रिक्शे वाले ने नब्बे रुपये कहा

सुनकर महिलाएँ बोलीं-

भैया लूट मचा रखी है क्या?

साठ रुपये देंगे

चलना है तो चलो

रिक्शा वाला मान गया

महिलाएँ और रिक्शा वाला

महंगाई की मार से वाकिफ़ थे।

 

■

 

अंधकार

÷÷÷÷÷

 

दीवाली पर सजे-धजे

बाज़ार के एक हाशिये पर

दस-बारह साल की लड़की

मिट्टी के दीये बेच रही है

मासूम नहीं जानती

उसका बचपन

खुद जिंदगी के दीये में एक बाती है

लड़की चाहती है

हर घर रोशन हो

यह दीगर है

वह स्वयं अंधकार में है।

 

■

 

समय

÷÷÷÷

 

मेरे पास एक पुरानी घड़ी है

नौकरी लगने के समय की

लंबे समय से हम दोनों एक-दूसरे के साथ हैं

जीवन के अच्छे-बुरे हालातों में

वह सदा मेरे साथ रही

यदा-कदा उसमें जब भी कोई खराबी आती

मैं उसे घड़ीसाज से मिलवा लाता

एक बार बाज़ार घूम आने के बाद

वह बहुत दिनों तक शांत रहती

और खामोशी से अपना काम करती रहती

पिछले कुछ दिनों से

घड़ी अपना काम ठीक से नहीं कर रही थी

मैं उसे पुराने घड़ीसाज के पास लेकर गया

वहाँ पहुँचकर मैंने देखा

एक लंबी कतार में बहुत सारे लोग

अपनी-अपनी घड़ियों के साथ वहाँ प्रतीक्षारत हैं

कतार में मेरा नम्बर अंतिम था

मैंने देखा

कुछ लोग पुरानी घड़ियों के बदले

नयी घड़ियाँ खरीद रहे हैं

कुछ पुरानी घड़ियों को ही ठीक करवाने में लगे हैं

पंक्ति में खड़े-खड़े मैंने महसूस किया

बहुत सारे लोगों का समय खराब चल रहा है

और हर कोई

सही समय का बेताबी से इंतजार कर रहा है।

 

■

 

दोस्त से बातचीत

÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷

 

एक दोस्त ने फोन किया

उस समय मैं बाज़ार में था

बात हो न सकी

मैं घर आया

दोस्त को फोन लगाया

उस वक़्त दोस्त बाज़ार में था

बात हो न सकी

हम दो दोस्त

एक दूसरे से बात करना चाहते थे

बात हो न सकी

हम दोनों के बीच

बाज़ार था।

 

■

 

लोग उसे पागल कहते हैं

÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷

 

आते-जाते हुए

वह दिख जाता है बाज़ार में

या किसी चौराहे पर

कपड़े फटे हुए

दाढ़ी-बाल बढ़े हुए

पैरों में मैली-कुचैली चप्पलें

सबसे अलग-थलग दार्शनिक-सा

कुछ निहारता-विचारता हुआ

कभी चुप्पी के तराजू पर

कुछ तौलता हुआ-सा

समाज के सभ्य

सम्मानित कहे जाने वाले लोग

अपनी भाषा में उसे पागल कहते हैं

यह दुनिया विचित्र है

लीक से हटकर चलने वालों को

पागल करार देती है

लेकिन! पागल बनाने वाले कारणों पर

विचार नहीं करती

बस बिन सोचे-समझे

अपना फैसला सुनाती है

उस पागल कहे जाने वाले आदमी में

मुझे कोई चिन्ह पागलपन का दिखता नहीं

कई बार मैंने उसे

सरेराह रेहड़ी पटरी वालों के बीच

बोलते देखा-सुना है–

“चुप रहना भाई

तुम अगर कुछ बोलोगे

तो कानून तुम्हें पकड़ लेगा

और फिर

जब तुम कानून की गिरफ्त में आ जाओगे

फिर कैसे लगाओगे रेहड़ी?

कैसे बेचोगे अपने सब्जी और फल?

अपना घर-परिवार चलाओगे कैसे?

इसलिए कहता हूँ

किसी के खिलाफ

कुछ मत बोलना”

लोग उसे अनदेखा-अनसुना करते हैं

लेकिन!क्या उसका कहा

शत प्रतिशत झूठ है?

निराधार और बेबुनियाद है?

आख़िर क्यों घूम-घूमकर

बोलता फिरता है वह यह सब?

समाज के समझदारों को भी

इस पर गम्भीरता से सोचना चाहिए

जिसे पागल कहते हैं

उसके पास बोलने की ताकत अभी है

और जो गुणवान,ज्ञानवान हैं

दुनिया की निगाहों में

उन्होंने आँखें मूंदकर

मौन साध रखा है।

 

■

 

बाज़ार

÷÷÷÷

 

बाज़ार में अनंत चीज़ें हैं

बहुत-सी चीज़ें हैं

जिनके विषय में आप और हम जान नहीं पाते

अपनी तमाम उम्र गुजार देने के बाद भी

यह हमारी अल्पज्ञता है

बाज़ार में बैठे दुकानदार परेशान हैं

ग्राहकों की नई से नई जरूरतों के बारे में

वे चाहते हैं ऐशोआराम की हर चीज़

मुहैया हो आदमी को

उनकी इसी चिंता का एक बड़ा बोर्ड

अक्सर टँगा रहता है उनके चेहरों पर

समाज में कुछ परोपकारी भी हैं

जो खरीद रहे हैं बाज़ार की हर चीज़

उन्हीं के सहारे

कमा खा रहे हैं दुकानदार

बेचारे पाल रहे हैं अपने बीवी बच्चे

उन्हीं की बदौलत जिन्दा है बाज़ार8l

वे लोग कितने दयालु हैं

जो बाज़ार के लोगों को दे रहें हैं जीवन

और मेरे जैसे अनेक लोग

हैं कितने क्रूर और निर्मम

जो खरीद नहीं पाते

बाज़ार से ज़रूरत भर की चीज़ भी

क्या किया जाये मेरे जैसे लोगों का?

जो आदमी होकर भी तनिक भी नहीं सोचते

किसी दूसरे आदमी के बारे में ।

 

■

Comments

Your email address will not be published.

0