नर्स होकर इतना कैसे सोच सकती है? आखिर दिमाग चलता कैसे है?
रत्ना भदौरिया
एक नर्स अगर अपनी समझ से आगे बढ़कर सोचने लगे, किसी विषय पर अपनी राय रखने लगे, सवाल करने लगे, तर्क करने लगे या किसी मुद्दे का विश्लेषण करने लगे, तो कुछ लोगों को अचानक आश्चर्य क्यों होने लगता है? उनके मन में यह सवाल क्यों उठता है कि एक नर्स होकर यह इतना सब कैसे सोच सकती है?
आखिर नर्स को आता ही क्या है? सुई लगाना, दवाइयां देना और मरीज की देखभाल करना! शायद कुछ लोगों की नजर में नर्स की पूरी योग्यता बस इतनी ही है।
लेकिन मेरा सवाल है कि अगर नर्स की सोच विकसित न हो, अगर उसमें परिस्थितियों को समझने, उनका विश्लेषण करने और सही समय पर सही निर्णय लेने की क्षमता न हो, तो वह मरीज की देखभाल कैसे करेगी? उस मरीज की, जिसके लिए इलाज ही नहीं, बल्कि समय पर लिया गया सही निर्णय उसकी जिंदगी और मौत के बीच का अंतर बन सकता है।
आज सवाल उन लोगों से है, जो नर्स को हमेशा सुई, दवाई और मरीज की देखभाल तक सीमित करके देखते हैं। नर्स जब इन सीमाओं से बाहर निकलकर सोचती है, अपने विचार रखती है, किसी सामाजिक मुद्दे पर बोलती है या अपने पेशे से आगे की दुनिया को समझने की कोशिश करती है, तो उसकी सोच आपको असामान्य क्यों लगने लगती है?
क्या नर्स होने का अर्थ यह है कि उसे अपने पेशे के अलावा किसी दूसरे विषय पर सोचने का अधिकार नहीं है? क्या उसकी शिक्षा, अनुभव और बुद्धि सिर्फ अस्पताल की चारदीवारी तक सीमित रहनी चाहिए?
जरा उस जिम्मेदारी को समझिए जिसे एक नर्स हर दिन अपने कंधों पर उठाती है। डॉक्टर के उपचार के बाद मरीज की निरंतर निगरानी, उसकी स्थिति में होने वाले छोटे-बड़े बदलावों को पहचानना, किसी आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देना और डॉक्टर की अनुपस्थिति में निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार मरीज को स्थिर रखने के लिए आवश्यक कदम उठाना, ये सब नर्सिंग की जिम्मेदारियों का हिस्सा हैं।
यह काम सिर्फ हाथों से नहीं होता, इसके लिए दिमाग का लगातार सक्रिय रहना जरूरी है। इसके लिए ज्ञान चाहिए, अनुभव चाहिए, तर्कशक्ति चाहिए, संवेदनशीलता चाहिए और सबसे बढ़कर विकसित सोच चाहिए।
एक नर्स मरीज की नब्ज पढ़ती है, उसकी सांसों में बदलाव पहचानती है, मॉनिटर पर बदलते आंकड़ों को समझती है और कई बार मरीज के बोलने से पहले उसकी तकलीफ को महसूस कर लेती है। यह सब किसी कम विकसित सोच का परिणाम नहीं है।
और फिर भी जब वही नर्स अपने पेशे से बाहर किसी विषय पर अपनी राय रखती है, तो उसकी योग्यता पर सवाल उठने लगते हैं।
आखिर क्यों?
क्या बुद्धि और विचारों पर किसी एक पेशे का अधिकार है? क्या डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक या अधिकारी ही स्वतंत्र रूप से सोच सकते हैं? क्या नर्स का परिचय सिर्फ उसकी यूनिफॉर्म है? क्या यूनिफॉर्म पहनते ही उसकी व्यक्तिगत पहचान, सामाजिक चेतना और बौद्धिक स्वतंत्रता समाप्त हो जाती है?
और अब एक सीधा सवाल उन लोगों से, जिन्हें लगता है कि वे नर्स से ज्यादा सोचते हैं।
क्या आपका यह ज्यादा सोचने वाला दिमाग स्टेथोस्कोप चला सकता है? क्या वह मरीज की बिगड़ती हालत को पहचान सकता है? क्या वह आपात स्थिति में घबराहट के बजाय जिम्मेदारी निभा सकता है? क्या वह रात-दिन किसी दूसरे की जिंदगी की सुरक्षा के लिए खड़ा रह सकता है?
