तर्कशील सोसाइटी ने पाश के शहीदी-स्मारक के ताले तोड़ने का किया विरोध
-
आरोप, गांव तलवंडी सलेम के सरपंच ने कब्जा करने की नीयत से यादगारी कांप्लेक्स के दरवाजे तोड़कर भीतर लगाया झूला
-
सूबा कमेटी के सदस्यों ने पंजाब सरकार से दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की

तर्कशील सोसाइटी पंजाब की सूबा कमेटी ने इंकलाबी शायर पाश और उनके साथी हंस राज की याद में उनके पैतृक गाँव तलवंडी सलेम में निर्मित ‘पाश – हंस राज स्मारक परिसर’ के दरवाजे और ताले तोड़े जाने की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पंजाब सरकार और जिला प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

इस संबंध में राज्य कमेटी के नेताओं मास्टर राजिंदर भदौड़, सुखविंदर बागपुर, सुरजीत टिब्बा, जसविंदर फगवाड़ा, प्रदेश मीडिया प्रमुख सुमीत अमृतसर और जोगिंदर कुल्लेवाल ने एक प्रेस बयान जारी कर आरोप लगाया कि सरपंच परदीप सिंह और उनके समर्थकों द्वारा सरकारी संरक्षण में परिसर के ताले तोड़कर और झूले लगाकर इस ऐतिहासिक शहीदी स्मारक का अनादर करने के साथ-साथ इस पर कथित रूप से कब्जा करने की भी कोशिश की गई है। पाश यादगारी इंटरनेशनल ट्रस्ट और समस्त जन-हितैषी लोकतांत्रिक संगठनों द्वारा इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आज जालंधर में संगठनों की बैठक
जालंधर जोन के नेताओं सुखदेव फगवाड़ा और विजय राही ने बताया कि सभी लोक-हितैषी जनवादी संगठनों द्वारा इस गंभीर मुद्दे पर पंजाब स्तर के संघर्ष की रूपरेखा तैयार करने के लिए 9 अगस्त को ‘देश भगत यादगार हॉल’, जालंधर में बुलाई गई विशेष बैठक में तर्कशील सोसाइटी पंजाब की सूबा कमेटी के नेता शामिल होंगे।
