प्रगतिशील लेखक संघ छत्तीसगढ़ इकाई की राज्य कार्यकारिणी की बैठक
प्रलेस के 90 वें स्थापना वर्ष के अवसर पर राज्य स्तरीय काव्य पाठ
अंबिकापुर । प्रगतिशील लेखक संघ छत्तीसगढ़ इकाई की राज्य कार्यकारिणी की बैठक एवं अखिल भारतीय प्रगतिशील लेखक संघ के 90 वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय काव्य पाठ का आयोजन , प्रगतिशील लेखक संघ जिला अंबिकापुर इकाई के सहयोग से सम्पन्न हुआ ।
प्रलेस छत्तीसगढ़ की राज्य कार्यकारिणी की बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय प्रलेस अध्यक्ष नथमल शर्मा ने की । मंचस्थ अध्यक्ष मंडल में अध्यक्ष मंडल के वरिष्ठ सदस्य रवि श्रीवास्तव,वेद प्रकाश अग्रवाल, लोकबाबू, विजय गुप्त ,रामकुमार मिश्र सहित वरिष्ठ साहित्यकार आशा शर्मा , जिला अंबिकापुर इकाई की अध्यक्ष मृदुला सिंह मौजूदगी रहीं ।
राज्य कार्यकारिणी की इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रलेस छत्तीसगढ़ इकाई की विभिन्न जिला इकाइयों के अध्यक्ष /सचिव सम्मिलित हुए । निर्धारित मुद्दों पर आधारित चर्चा विमर्श किए गए ।
आरंभ में प्रलेस छत्तीसगढ़ इकाई के महासचिव ने मुंबई में सम्पन्न राष्ट्रीय प्रलेस द्वारा आयोजित दो दिवसीय सेमिनार की विस्तृत रपट सहित वर्ष भर की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया साथ ही बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी में लिए गए निर्णयानुसार आगामी राष्ट्रीय अधिवेशन चेन्नई में होगा ।

तत्पश्चात विभिन्न जिला इकाइयों के सचिव,प्रतिनिधियों द्वारा क्रमवार वर्षभर की गतिविधियों की रपट प्रस्तुत की गई।इसके अंतर्गत अंबिकापुर प्रलेस जिला इकाई से सचिव आशीष कुमार शर्मा , कुनकुरी जशपुर इकाई से सचिव मुकेश कुमार ,बिलासपुर प्रलेस जिला इकाई से सचिव अशोक शिरोडे, रायपुर प्रलेस जिला इकाई से सचिव नंद कुमार कंसारी,राजनांदगांव प्रलेस जिला इकाई से सचिव पोषण लाल वर्मा, खैरागढ़ प्रलेस जिला इकाई से गिरधर सिंह राजपूत , कोरबा जिला इकाई से श्याम बिहारी बनाफर, भिलाई दुर्ग प्रलेस जिला इकाई से परमेश्वर वैष्णव ने रपट प्रस्तुत की ।बैठक में कार्यकारिणी सदस्यों से द्वारा अनेक सुझाव प्राप्त हुए जिसे भावी आयोजनों के संदर्भ स्वरूप दर्ज किए गए ।

बैठक में राज्य अधिवेशन विषय पर परस्पर विचार विमर्श किए गए । इस अवसर पर प्रलेस जिला इकाई कुनकुरी जशपुर की अध्यक्ष कुसुम माधुरी टोप्पो और सचिव मुकेश कुमार ने अपनी इकाई में राज्य अधिवेशन करने का प्रस्ताव रखा प्रांतीय प्रलेस अध्यक्ष नथमल शर्मा के अनुमोदन और सभी सदस्यों की सहमति से प्रस्ताव सहर्ष स्वीकार किया गया ।

परस्पर विचार विमर्श पश्चात सर्वसम्मति से आगामी प्रांतीय सम्मेलन जिला कुनकुरी जशपुर इकाई में आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया।
दूसरे सत्र में प्रगतिशील लेखक संघ के 90वें स्थापना वर्ष के अवसर पर प्रलेस छत्तीसगढ़ द्वारा अंबिकापुर जिला इकाई के सहयोग से होटल पंचानन में राज्य स्तरीय काव्य पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अनेक युवा कवियों के साथ प्रलेस छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिला इकाइयों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया।
राज्य स्तरीय काव्य पाठ के इस प्रतिष्ठित आयोजन के अध्यक्ष मंडल में रवि श्रीवास्तव, नथमल शर्मा, विजय गुप्त एवं प्रो. रामकुमार मिश्र, रफीक खान मंचस्थ थे ।
काव्य पाठ में कुसुम माधुरी टोप्पो, विश्वासी एक्का, रफीक खान, परमेश्वर वैष्णव, जय प्रकाश ,संजय शाम,पथिक तारक, नंद कुमार कंसारी, जीवेश प्रभाकर ,डॉ.मृदुला सिंह ,अशोक शिरोडे ,नीरज वर्मा, संकल्प यदु, हरेन्द्र कंवर, गिरधर सिंह राजपूत,प्रियंका मिश्रा, मुकेश कुमार, पोषण लाल वर्मा, मनव्वर असर्फी आदि के साथ ही अध्यक्ष मंडल से रवि श्रीवास्तव, वेद प्रकाश अग्रवाल, नथमल शर्मा एवं विजय गुप्त ने अपनी प्रतिनिधि रचनाओं का पाठ किया।

काव्य पाठ की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ साहित्यकार रवि श्रीवास्तव ने प्रतिभागी सभी कवियों की उल्लेखनीय प्रस्तुति पर सार्थक टिप्पणी की । युवा कवियों को संभावनाशील बताते हुए उन्होंने कहा कि युवाओ की रचनाओं में समकालीन जीवन और सामाजिक सरोकारों की विविध अभिव्यक्तियां दिखाई देती हैं। उन्होंने राज्य स्तरीय काव्य पाठ के आयोजन के लिए प्रगतिशील लेखक संघ अंबिकापुर इकाई को बधाई दी।

काव्य पाठ के आरंभ में इप्टा अंबिकापुर के अध्यक्ष अंजनी कुमार पाण्डेय ,कृष्णानंद तिवारी,देवेंद्र दास सोनवानी और संदीप सिंहा साथियों द्वारा जनगीतों की विशेष मोहक प्रस्तुति भी दी गई। काव्य पाठ में समकालीन जनजीवन, सामाजिक सरोकारों, और विविध मानवीय अनुभवों से जुड़े विषयों पर कविताएँ प्रस्तुत की गईं।

इस अवसर पर पूरे आयोजन में प्रलेस छत्तीसगढ़ की कोषाध्यक्ष डॉ सत्यभामा अवस्थी सहित राज्य कार्यकारिणी सदस्य नरेश अग्रवाल, राजेश कुमार मिश्रा,डॉ कोमल सिंह शार्वा ,शिव शंकर अग्रवाल,श्याम बिहारी बनाफर आदि विशेषतः उपस्थित थे।

काव्य पाठ सत्र का संचालन प्रगतिशील लेखक संघ अंबिकापुर की अध्यक्ष मृदुला सिंह ने किया।
सचिव आशीष कुमार शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया ।
इस महत्वपूर्ण आयोजन में टीवी स्थानीय अनेक साहित्यिक संगठनों के रचनाकारों, रंगकर्मियों और नगर के अनेक सुधिजनों की रचनात्मक भागीदारी रही ।
