चमचमाते हाईवे, लेकिन असुरक्षित जिंदगी: सड़क परिवहन आखिर कब बनेगा सुरक्षित?
ओमप्रकाश तिवारी
असम के काजीरंगा में बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 24 लोगों की मौत ने एक बार फिर देश में सड़क परिवहन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह सिर्फ एक सड़क हादसा नहीं है। यह उस परिवहन व्यवस्था की हकीकत भी सामने लाता है, जिसमें सड़कें चौड़ी हो रही हैं, वाहनों की रफ्तार बढ़ रही है, लेकिन सफर करने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है।
कुछ दिन पहले उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में भी ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा हुआ। तड़के करीब पांच बजे हरियाणा के छह युवक कार से हरिद्वार जा रहे थे। तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर और बिजली के पोल से टकराई, फिर पलट गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई और उसमें सवार सभी छह युवकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। छह घरों के चिराग बुझ गए। परिवारों के सामने जिंदगी भर का अंधेरा छोड़ गए।
इन दोनों घटनाओं को अलग-अलग हादसों के रूप में देखकर आगे बढ़ जाना आसान है, लेकिन इनके पीछे छिपे सवाल कहीं अधिक गंभीर हैं। आखिर देश में सड़क यात्रा इतनी असुरक्षित क्यों होती जा रही है? फोरलेन हाईवे और सिक्सलेन एक्सप्रेसवे बनने के बावजूद सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों का आंकड़ा क्यों बढ़ रहा है?

आंकड़े भी डराने वाले हैं
सड़क दुर्घटनाओं के सरकारी आंकड़े इस चिंता को और गंभीर बनाते हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से संसद में दी गई जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2024 में देश में 4,87,707 सड़क दुर्घटनाएं हुईं और 1,77,175 लोगों की मौत हुई। वर्ष 2025 में दुर्घटनाओं की संख्या बढ़कर 5,13,563 और मृतकों की संख्या 1,83,382 हो गई। यानी एक साल में सड़क हादसों में जान गंवाने वालों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई।
ये आंकड़े बताते हैं कि सड़क परिवहन का विस्तार अपने आप में सुरक्षित परिवहन की गारंटी नहीं है।
तेज रफ्तार के साथ थकान भी जानलेवा
सड़क दुर्घटनाओं के पीछे कई कारण होते हैं। तेज रफ्तार उनमें सबसे प्रमुख है। चालक निर्धारित गति सीमा की परवाह किए बिना वाहन दौड़ाते हैं। कई बार लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त आराम नहीं किया जाता। रातभर गाड़ी चलाने के बाद सुबह भी यात्रा जारी रहती है। ऐसे में चालक को झपकी आना स्वाभाविक है। कुछ सेकंड की नींद भी कई जिंदगियां छीन सकती है।
इसके अलावा शराब पीकर गाड़ी चलाना, मोबाइल फोन का इस्तेमाल, गलत दिशा में वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी भी हादसों की वजह बनती है।
सरकारी आंकड़ों में भी ओवरस्पीडिंग सबसे बड़ी समस्या के रूप में सामने आती है। वर्ष 2024 में 3,45,024 सड़क दुर्घटनाएं तेज रफ्तार से जुड़ी थीं। इसका मतलब है कि सड़क सुरक्षा के लिए केवल सड़कें बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि वाहन चालकों के व्यवहार और यातायात नियमों के पालन पर भी गंभीरता से काम करना होगा।
क्या सड़क की बनावट भी मौत की वजह है?
सड़क दुर्घटनाओं के लिए हमेशा चालक को ही जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। सड़क की बनावट, निर्माण की गुणवत्ता, उचित संकेतकों का अभाव, अंधे मोड़, डिवाइडर की संरचना, सड़क पर अचानक आने वाले अवरोध और खराब रोशनी भी दुर्घटनाओं की वजह बनते हैं।
कई बार सड़क का डिजाइन ऐसा होता है कि छोटी-सी चूक भी बड़े हादसे में बदल जाती है। एक्सप्रेसवे पर वाहन तेज गति से चलते हैं। ऐसे में यदि किसी स्थान पर सड़क की बनावट में खामी है या संकेतक पर्याप्त नहीं हैं तो खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
मुजफ्फरनगर की घटना में कार के डिवाइडर और बिजली के पोल से टकराने के बाद आग लगने का पहलू भी जांच का विषय है। दुर्घटना के बाद यात्रियों को बाहर निकालने में कितनी देर लगी? क्या वाहन में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे? क्या सड़क पर आपातकालीन सहायता समय से पहुंची? ऐसे सवालों की जांच होनी चाहिए।
निजी वाहनों की चमक में सार्वजनिक परिवहन पीछे
देश में परिवहन के विकास की चर्चा होती है तो हाईवे, एक्सप्रेसवे, लग्जरी कारों और तेज रफ्तार वाहनों की तस्वीर सामने आती है। हवाई अड्डों और बुलेट ट्रेन की योजनाओं पर भी चर्चा होती है। लेकिन आम आदमी के लिए सुलभ, सुविधाजनक और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन की जरूरत अक्सर पीछे छूट जाती है।
रेलवे का विस्तार और उसकी सुविधाओं में सुधार अपनी जगह जरूरी है, लेकिन सड़क परिवहन पर निर्भरता कम करने के लिए रेल नेटवर्क को भी मजबूत करना होगा। छोटे शहरों और कस्बों को बेहतर रेल सेवाओं से जोड़ना होगा। बस परिवहन को भी सुरक्षित, आधुनिक और भरोसेमंद बनाना होगा।
जब लोगों को सार्वजनिक परिवहन के पर्याप्त विकल्प नहीं मिलते तो वे निजी वाहनों पर निर्भर होते हैं। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ता है। निजी वाहन खरीदने की क्षमता को ही बेहतर परिवहन का विकल्प मान लेना भी ठीक नहीं है।
सड़कें विकास का प्रतीक हों, मौत का रास्ता नहीं
सड़क दुर्घटनाओं को केवल दुर्भाग्य या चालक की गलती बताकर जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता। इसके लिए एक समग्र सड़क सुरक्षा नीति की जरूरत है। चालकों के काम के घंटे और आराम की व्यवस्था पर निगरानी होनी चाहिए। लंबी दूरी के मार्गों पर विश्राम स्थल बढ़ाए जाने चाहिए। गति सीमा का सख्ती से पालन कराया जाना चाहिए। दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान करके सड़क की खामियां दूर की जानी चाहिए।
इसके साथ ही हादसे के बाद घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी मजबूत करनी होगी। कई बार दुर्घटना में घायल व्यक्ति समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण दम तोड़ देते हैं।
काजीरंगा और मुजफ्फरनगर की घटनाएं हमें यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि आखिर विकास का कौन-सा मॉडल लोगों की जिंदगी को प्राथमिकता देता है? क्या सड़क की चौड़ाई, उसकी लंबाई और उस पर वाहनों की रफ्तार ही विकास का पैमाना है? या फिर यह भी देखना होगा कि उस सड़क पर सफर करने वाले लोग सुरक्षित अपने घर पहुंच रहे हैं या नहीं?
आखिर सड़कें लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए बनाई जाती हैं, उनकी जिंदगी छीनने के लिए नहीं। चमचमाते हाईवे और एक्सप्रेसवे तभी विकास के प्रतीक माने जा सकते हैं, जब उन पर सफर करना सुरक्षित हो। वरना तेज रफ्तार विकास की कीमत आम आदमी को अपनी जान देकर चुकानी पड़ेगी। –
