जंतर मंतर को विरोध प्रदर्शन के लिए पुनः बहाल करने की उठने लगी मांग
-
आल इंडिया एनपीएस इम्प्लाइज फेडरेशन ने केंद्रीय गृह मंत्री को भेजा पत्र
-
कहा- दिल्ली के हृदय स्थल को विरोध प्रदर्शन के लिए बंद करने लोकतंत्र पर हमले जैसा
नई दिल्ली। जंतर मंतर को विरोध प्रदर्शन के लिए पुनः बहाल करने की मांग उठने लगी है। आल इंडिया एनपीएस इम्प्लाइज फेडरेशन ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से विरोध प्रदर्शन के लिए जंतर मंतर को पुनः बहाल करने की मांग की है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भेजे एक पत्र में आल इंडिया एनपीएस इम्प्लाइज फेडरेशन ने कहा है कि जंतर मंतर केवल दिल्ली का एक स्थल या टुकड़ा नहीं बल्कि जीवंत लोकतंत्र का हृदय स्थल है।

दशकों से यह स्थान देश के कोने कोने से आए गरीब, शोषित, वंचित और अपनी न्याय संगत मांगों को उठान वाले लाखों नागरिकों के लिए आशा की किरण रहा है।
जब देश के किसी दूर दराज गांव या शहर के नागरिक के पास अपनी बात सरकार के कानों तक पहुंचाने के लिए कोई और साधन नहीं बचता तब वह जंतर मंतर की तरफ उम्मीद भरी नजरों से देखता है।
फे़डरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ मनजीत सिंह पटेल ने पत्र में लिखा है कि जहां देश का सबसे गरीब और साधनहीन वर्ग की बिना किसी आर्थिक बोझ के, पूरी सादगी से बैठकर अपनी बात और पीड़ा को शांतिपूर्वक व्यक्त कर सकता है।
इसके विपरीत रामलीला मैदान या अन्य किसी बड़े स्थल पर प्रदर्शन या कार्यक्रम आयोजित करने में भारी भरकम राशि, विशाल संसाधन और जटिल प्रक्रियाएं शामिल हैं जो आम नागरिक या कर्मचारी संगठनों के वश के बाहर है।
ऐसे में जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में बंद कर देने से देश का अंतिम व्यक्ति अपनी आवाज उठाने के मौलिक अधिकार से वंचित हो जाएगा।
फेडरेशन के पत्र में यह भी कहा गया है कि मुट्ठी भर अराजकता फैलाने वालों के कारण लोकतंत्र के इस ऐतिहासिक मंच को ही बंद कर देना लोकतंत्र को आहत करने जैसा होगा।
