एसआरएफटीआई के छात्रों ने लगाया एमी नामांकित फिल्मकार को परेशान किए जाने का आरोप
कोलकाता। सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफटीआई) के छात्र संघ ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि संस्थान के सुरक्षाकर्मियों ने एमी पुरस्कार के लिए नामित फिल्म निर्माता रॉनी सेन को परेशान किया, जिन्हें एक कार्यशाला आयोजित करने के लिए आमंत्रित किया गया था।

हालांकि, एसआरएफटीआई प्रशासन ने दावा किया कि सेन ने परिसर की चारदीवारी फांदकर बिना अनुमति के अंदर प्रवेश किया था।
छात्र संघ ने एक बयान में कहा कि उन्होंने सेन को ‘ब्लू बनयान कलेक्टिव’ के सहयोग से ‘‘सिनेमा एज ए वेपन ऑफ रेजिस्टेंस’’ विषय पर कार्यशाला आयोजित करने के लिए आमंत्रित किया था।
बयान में कहा गया है कि यह सत्र छात्र संघ द्वारा शुरू की गई कार्यशालाओं की श्रृंखला का हिस्सा था, जिसका आयोजन प्रशासन द्वारा छात्रों के शिक्षा के अधिकार में कथित तौर पर कटौती करने के प्रयासों के विरोध में किया जा रहा था।
उन्होंने आरोप लगाया कि सेन को छात्रों के साथ बातचीत करने की अनुमति नहीं दी गई, जबकि वह किसी भी उपलब्ध स्थान पर कार्यशाला आयोजित करने के लिए तैयार थे।
