मुक्तिबोध के साहित्य में समकालीन यथार्थ और वैचारिक प्रतिबद्धता का स्वर

मुक्तिबोध के साहित्य में समकालीन यथार्थ और वैचारिक प्रतिबद्धता का स्वर

  • मुक्तिबोध के जन्मदिवस पर होलीक्रॉस वीमेंस कॉलेज, अंबिकापुर में सेमिनार का आयोजन

अंबिकापुर। होलीक्रॉस वीमेंस कॉलेज, अंबिकापुर के हिंदी विभाग, अध्ययन एवं शोध केंद्र द्वारा 13 नवंबर 2026 को हिंदी के महत्वपूर्ण कवि, कथाकार एवं विचारक गजानन माधव मुक्तिबोध के जन्मदिवस के अवसर पर ‘मुक्तिबोध स्मरण’ के अंतर्गत एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का विषय ‘मुक्तिबोध का रचनात्मक संसार और समकालीन यथार्थ’ था।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. (सि.) शांता जोसेफ ने की।

मुख्य वक्ता महेश वर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा कि समकालीन यथार्थ की जटिल चुनौतियों के बीच साहित्य बदलाव की संभावनाओं के लिए नई राहें खोलता है। उन्होंने मुक्तिबोध की रचनाओं में अंतर्निहित वैचारिक गहराई, जीवन-दृष्टि और सामाजिक अंतर्विरोधों का विश्लेषण करते हुए बताया कि मुक्तिबोध आज भी क्यों प्रासंगिक हैं। उनका वक्तव्य छात्राओं के लिए साहित्य को व्यापक सामाजिक संदर्भों में समझने की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी रहा।


अतिथि वक्ता डॉ. कामिनी ने मुक्तिबोध के गद्य साहित्य विशेषकर उनकी कहानियों पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि मुक्तिबोध की कहानियाँ उपभोक्तावादी संस्कृति, मध्यवर्गीय मानसिकता, सामाजिक विडंबनाओं और व्यक्ति के आंतरिक द्वंद्वों को गहराई से उद्घाटित करती हैं।

द्वितीय सत्र में युवा कवयित्रियों का काव्यपाठ आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रो. विश्वासी एक्का ने की। उन्होंने मुक्तिबोध की कविताओं के संदर्भ देते हुए कहा कि समय कितना भी प्रतिकूल क्यों न हो, हमें निर्भीकता से सत्य के पक्ष में खड़े रहना चाहिए।

उन्होंने युवा रचनाकारों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि मन में विचार आते ही उन्हें लिखना चाहिए। निरंतर लेखन से ही रचनात्मकता विकसित होती है।

दि्वतीय सत्र में  कवयत्रियों ने सुनाईं कविताएं

इस सत्र में रितिका, रजनी, अंजुला, स्नेहा और प्रज्ञा ने अपनी कविताओं का पाठ किया। छात्राओं की रचनात्मक अभिव्यक्ति ने कार्यक्रम को विशेष आयाम दिया। इस अवसर पर अर्चना यादव द्वारा मुक्तिबोध का बनाया गया स्केच भी आकर्षण का केंद्र रहा।

सेमिनार में मुक्तिबोध के साहित्य, उनकी वैचारिक प्रतिबद्धता, सामाजिक सरोकारों और समकालीन समय में उनकी प्रासंगिकता पर सार्थक संवाद हुआ। कार्यक्रम ने छात्राओं और युवा रचनाकारों को साहित्य के प्रति संवेदनशील तथा आलोचनात्मक दृष्टि विकसित करने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम का संयोजन हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. मृदुला सिंह ने किया। आयोजन समिति में सुश्री कविता एक्का एवं सुश्री सुमन भगत की सहभागिता रही। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।

Comments

Your email address will not be published.

0