भावनाओं और हकीकत का संतुलन: जीवन का असली मर्म

भावनाओं और हकीकत का संतुलन: जीवन का असली मर्म

  • सपनों की उड़ान में जब तक ज़मीन का साथ न हो, तब तक ज़िंदगी का सफ़र पूरा नहीं होता

डॉ रीटा अरोड़ा

“सर, मैं इस प्रोजेक्ट को लेकर बहुत इमोशनल हूँ, मुझे पक्का यकीन है यह हिट होगा,” जूनियर मैनेजर ने उत्साह में कहा।

सीनियर बॉस ने मुस्कुराते हुए उसका कंधा थपथपाया, “बेटा, तुम्हारी भावनाएं और पैशन अपनी जगह बहुत खूबसूरत हैं, लेकिन ज़रा मार्केट रिसर्च और बजट की हकीकत को भी देखो। व्यापार और जीवन केवल भावनाओं से नहीं, बल्कि ज़मीनी हकीकत से चलते हैं।”

आज का मनुष्य अक्सर अपने ही मन की उम्मीदों और अपेक्षाओं के जाल में इस कदर उलझ जाता है कि वह जीवन की असली परिभाषा ही भूल बैठता है। जीवन केवल हमारे सुंदर सपनों, इच्छाओं और कोमल भावनाओं का नाम नहीं है, बल्कि यह भावनाओं और कठोर वास्तविकता के बीच निरंतर तालमेल बिठाने की एक बेहद गंभीर प्रक्रिया है। हम सभी के मन में कुछ व्यक्तिगत अपेक्षाएँ, चाहतें और भावनाएँ होती हैं, लेकिन व्यावहारिक धरातल पर जीवन की परिस्थितियाँ हमेशा हमारे मन के अनुसार करवट नहीं लेतीं।

ऐसे में जीवन हमें यह महत्वपूर्ण सबक सिखाता है कि हर बार केवल भावनाओं के तीव्र वेग के साथ बह जाना समझदारी नहीं है, बल्कि कभी-कभी कड़वी हकीकत को सहर्ष स्वीकार करना ही आगे बढ़ने का एकमात्र सही रास्ता होता है।

इसका अर्थ यह कदापि नहीं है कि हम भावनाओं को पूरी तरह त्याग दें और मशीन बन जाएं। भावनाएँ और संवेदनाएं ही हमें एक जीवित और संवेदनशील इंसान बनाती हैं। संवेदनाओं के बिना मनुष्य का अस्तित्व नीरस और अर्थहीन हो जाएगा

लेकिन जब यही भावनाएँ हमारे विवेक पर हावी होकर हमें कमजोर करने लगें, हमारे करियर या व्यक्तिगत जीवन में सही निर्णय लेने से रोकने लगें, या फिर बार-बार मानसिक दर्द का कारण बनने लगें, तब उन्हें समय रहते नियंत्रित करना सीखना बेहद ज़रूरी हो जाता है। जीवन की इस पाठशाला में आगे बढ़ने के लिए हमें कुछ कठोर सामाजिक और व्यावहारिक सच्चाइयों को गले लगाना ही पड़ता है, चाहे वे वर्तमान में कितनी ही कड़वी और असहनीय क्यों न प्रतीत हों।

यही संतुलन-अर्थात भावनाओं की गरिमा को बनाए रखना और साथ ही साथ हकीकत की सीमाओं को स्वीकार करना- मनुष्य के जीवन को सहज, संतुलित और आंतरिक रूप से मजबूत बनाता है। जब तक हमारे भीतर यह संतुलन नहीं होगा, हम किसी भी क्षेत्र में दीर्घकालिक सफलता हासिल नहीं कर सकते।

विशेषकर आज की युवा पीढ़ी को इस गहरे संतुलन को समझने की महती आवश्यकता है। सोशल मीडिया और काल्पनिक दुनिया के दौर में युवा अक्सर आभासी भावनाओं और अपेक्षाओं के शिकार हो जाते हैं। उन्हें यह समझना होगा कि करियर, रिश्तों और जीवन के संघर्षों में केवल भावनाओं के बूते जंग नहीं जीती जा सकती। जब तक आप परिस्थितियों का व्यावहारिक और यथार्थवादी आकलन नहीं करेंगे, तब तक सफलता की राह आसान नहीं होगी।

अक्सर देखा जाता है कि लोग किसी रिश्ते या व्यवसाय में नुकसान होने के बावजूद केवल अपनी पुरानी भावनाओं के कारण उससे चिपके रहते हैं।

परंतु इतिहास साक्षी है कि जिसने समय रहते हकीकत को स्वीकार कर अपने फैसलों को बदला, वही संकटों से उबर पाया। इस संदर्भ में यह पंक्तियां अत्यंत सटीक और विचारणीय हैं:

“जज़्बातों के समंदर में बहना भी है लाज़मी,
पर कश्ती किनारे लगाने को ज़मीन की हकीकत भी है ज़रूरी।”

फंडा यह है कि जीवन का वास्तविक सार यही है कि हम अपनी भावनाओं से संवेदनशीलता और इंसानियत सीखें, लेकिन जीवन के बड़े और महत्वपूर्ण निर्णय हमेशा व्यावहारिक वास्तविकता को समझकर लें। दिल और दिमाग का यही बेहतरीन को-ऑर्डिनेशन हमें एक सफल मैनेजर और एक परिपक्व इंसान बनाता है।

जब आप भावनाओं का आदर करते हुए हकीकत की ज़मीन पर पैर टिकाकर खड़े होते हैं, तो दुनिया की कोई भी चुनौती आपको डिगा नहीं सकती।

डॉ रीटा अरोड़ा सेवानिवृत्त एसोसिएट प्रोफेसर करनाल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *