जगत गुरु ब्रह्मानंद विद्या निकेतन में अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस उत्साहपूर्वक मनाया
कुरुक्षेत्र। जगत गुरु ब्रह्मानंद विद्या निकेतन, चनारथल रोड, कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस बड़े उत्साह एवं प्रेरणादायक वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक संग्रहालय भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत से परिचित करवाना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत अध्यापक मनजीत सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों ने संग्रहालय में संरक्षित प्राचीन मूर्तियों, ऐतिहासिक दस्तावेजों, दुर्लभ कलाकृतियों, प्राचीन हथियारों, सिक्कों, पांडुलिपियों तथा विभिन्न सांस्कृतिक धरोहरों का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने संग्रहालय में प्रदर्शित वस्तुओं के माध्यम से भारत के गौरवशाली इतिहास, सभ्यता और संस्कृति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। संग्रहालय विशेषज्ञों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को विभिन्न ऐतिहासिक तथ्यों तथा पुरातात्विक धरोहरों के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती सविता जीने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संग्रहालय केवल पुरानी वस्तुओं का संग्रह नहीं होते, बल्कि वे हमारी संस्कृति, इतिहास और परंपराओं के जीवंत संरक्षक होते हैं। उन्होंने कहा कि संग्रहालय हमें अपने अतीत से जोड़ते हैं तथा आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों को समझने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपनी ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाएं।
विद्यालय के मुखिया जसमेर सिंह ने भी इस अवसर पर कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि करने के साथ-साथ उनमें जिज्ञासा, शोध भावना और सांस्कृतिक चेतना का विकास करते हैं। विद्यार्थियों ने संग्रहालय भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं यादगार अनुभव बताया।
इस अवसर पर विद्यालय के मनजीत सिंह, दिनेश कुमार, कोमल प्रीति, पिंकी ,उषा कुसुम आदि शिक्षकगण, स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
