मनजीत सिंह डॉ. दैव नारायण पाण्डेय विश्व उर्दू पुरस्कार से सम्मानित
-
विश्व उर्दू दिवस पर भाषा-विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए किया गया सम्मानित
गोहाना। गांव भावड के मनजीत सिंह ने जो कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय , विकास हाई स्कूल, विद्या सागर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भावड का पूर्व विद्यार्थी व अध्यापक रहा है पूरा गांव आज खुशी में झूम रहा है।विश्व उर्दू दिवस के अवसर पर वर्ल्ड उर्दू डेवलपमेंट आर्गनाइजेशन और आल इंडिया यूनानी तिब्बी कांग्रेस द्वारा आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उर्दू भाषा एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मनजीत सिंह को प्रतिष्ठित ‘डॉ. दैव नारायण पाण्डेय विश्व उर्दू पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।
उन्हें यह सम्मान भाषा-विज्ञान के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य, अकादमिक योगदान तथा उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार के प्रति समर्पण के लिए प्रदान किया गया। मनजीत सिंह कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र में भाषा एवं कला संकाय के अन्तर्गत उर्दू विभाग में सहायक प्रोफेसर उर्दू (अंशकालिक) बतौर कार्यरत हैं।
यह पुरस्कार मनजीत सिंह की भाषाई समझ, शोधपरक दृष्टिकोण और उर्दू भाषा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का सम्मान है। उन्होंने भाषा-विज्ञान के क्षेत्र में अपने अध्ययन, अध्यापन और साहित्यिक गतिविधियों के माध्यम से उर्दू भाषा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
विश्व उर्दू दिवस का आयोजन उर्दू भाषा की समृद्ध विरासत, साहित्यिक परंपरा और सांस्कृतिक महत्त्व को रेखांकित करने के उद्देश्य से किया जाता है। उर्दू केवल संवाद का माध्यम ही नहीं, बल्कि तहज़ीब, अदब, मोहब्बत, भाईचारे और गंगा-जमुनी संस्कृति की खूबसूरत पहचान भी है। ऐसी भाषा को संरक्षित एवं संवर्धित करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
मनजीत सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि उर्दू भाषा का दायरा अत्यंत व्यापक है। इसमें ज्ञान-विज्ञान, साहित्य, दर्शन और मानवीय संवेदनाओं की अनमोल विरासत समाहित है। भाषा-विज्ञान के अध्ययन से न केवल भाषा की संरचना और विकास को समझने में सहायता मिलती है, बल्कि विभिन्न भाषाओं के आपसी संबंधों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बेहतर ढंग से समझा जा सकता है।
उन्होंने इस सम्मान के लिए आयोजकों, निर्णायक मंडल तथा उन सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उनकी शैक्षणिक एवं साहित्यिक यात्रा में सहयोग और प्रोत्साहन दिया।
इस उपलब्धि पर शिक्षाविदों, साहित्यकारों, मित्रों और शुभचिंतकों ने मनजीत सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों की उपलब्धि है, बल्कि उर्दू भाषा के अध्ययन, अध्यापन और संवर्धन से जुड़े सभी लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
विश्व उर्दू दिवस के अवसर पर मिला यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि भाषाएं समाज को जोड़ने, विचारों को विस्तार देने और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। मनजीत सिंह की यह उपलब्धि उर्दू भाषा के शैक्षणिक एवं अकादमिक क्षेत्र में एक सराहनीय कदम है।
