समाजवाद ही है दुनिया का कल्याणकारी और सुरक्षित भविष्य

समाजवाद ही है दुनिया का कल्याणकारी और सुरक्षित भविष्य

      मुनेश त्यागी

अभी पिछले दिनों हमारे एक पाठक ने हम से गुजारिश की है कि मैं एक कट्टर वामपंथ विरोधी द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब दूं। इसी क्रम में हम उन सवालों का और उन आरोपों का जवाब देने की कोशिश करेंगे जो आरोप जातिवादी, पूंजीवादी और साम्प्रदायिक सोच के बहुत से लोगों द्वारा, वामपंथियों पर लगाए जाते हैं।

पूंजीवादी समाज में शोषण है, लूट है, अन्याय है, भेदभाव है, झूठ, छल कपट, चालाकी, मक्कारी, अंधविश्वास और धर्मांधता है। क्योंकि सामंती और पूंजीवादी व्यवस्था के गठजोड़ में, सिर्फ हाथ जोड़ने से मांगने पर, मेहनतकश जनता को बिना संघर्ष के कभी कुछ भी नहीं मिला है और ना ही कुछ नहीं मिलेगा, इसीलिए वामपंथी सोच के लोग, संघर्ष का रास्ता अपनाने को मजबूर होते हैं। वामपंथी सोच के लोग पूरे समाज में समता, समानता, न्याय, शांति और भाईचारा कायम करना चाहते हैं, सबका भला और कल्याण चाहते हैं, तमाम किस्म के शोषण, जुल्म, अन्याय, हिंसा, भेदभाव और तमाम तरह की गुलामियों और बेईमानियों का जड से खात्मा करना चाहते हैं, इसीलिए तमाम तरह के शोषक और लुटेरे सामंती और पूंजीपति वर्ग को ऐसा लगता है कि वामपंथी केवल संघर्ष और संघर्ष चाहते हैं। जबकि ऐसा बिल्कुल भी नही है।

हमारे समाज में हजारों साल से दो वर्ग हैं—-शोषक और शोषित, लुटेरा और मेहनतकश। दुनिया में वर्गों की उत्पत्ति के बाद से ही, इनमें लगातार लड़ाई यानी संघर्ष जारी है, गरीबी की अमीरी से लड़ाई जारी है, लूट और हड़पने से, न्याय की लड़ाई जारी है। वामपंथी अपने आप किसी से भी लड़ना नहीं चाहते। जब वे अपने हक और अधिकारों की मांगों को लेकर मैदान में आते हैं, तो उन्हें लड़ाकू बताया जाता है, वे लड़ते नहीं हैं। लड़ाई उन पर शोषक वर्ग द्वारा थोपी जाती है। वे तो बस उन पर थोपी हुई मनमानी और शोषणकारी और अन्यायी व्यवस्था की लूट और शोषण का जवाब देते हैं।

अधिकांश वामपंथी लेखक, कवि, बुद्धिजीवी, किसान, मजदूर बेवकूफ नहीं हैं, वे ज्ञानी हैं, अपने अपने विषयों के सर्वज्ञ हैं। वे सब मिलकर सामंती पूंजीवादी शोषक व्यवस्था का खात्मा कर, उसके स्थान पर वैज्ञानिक समाजवादी, और जनता की जनवादी व्यवस्था कायम करना चाहते हैं। साम्यवादी और वैज्ञानिक समाजवादी व्यवस्था अपने धुरविरोधी और शोषणकारी लोगों पर, कानून के अनुसार प्रतिबंध लगाती हैं, उनसे कानून की लड़ाई लड़ती हैं, उन्हें बिना किसी मतलब के जेल में नहीं डाला जाता है, उनके आरोपों की गंभीरता को देखते हुए ही उन्हें कानून के अनुसार सजा दी जाती है।

साम्यवादी और वैज्ञानिक समाजवादी क्रांतिकारी कार्ल मार्क्स और एंगेल्स ने दुनिया को बरगलाया नहीं है बल्कि पूंजीवादी शोषणकारी लूट और हड़प/डकैती के भेद खोल डाले हैं और सर्वहारा क्रांति द्वारा लुटेरे समाज को बदलने का रास्ता बताया है और काल्पनिक समाजवाद के स्थान पर, वैज्ञानिक समाजवादी व्यवस्था और किसानों मजदूरों की सरकार और सत्ता क़ायम करने के सिद्धांत पेश किए हैं, इसी कारण दुनिया का पूंजीपति वर्ग, सामंती वर्ग, साम्प्रदायिक सोच और कट्टर पूंजीवादी प्रवृति की सोच के लोगों के गठजोड़ के लोग, मार्क्स, एंगेल्स और लेनिन को और तमाम वामपंथियों को सबसे ज्यादा गालियां देते हैं और उनके लिए बहुत सारे अपशब्द प्रयोग किया करते हैं। मजदूरों द्वारा कमाए गए श्रम के मूल्य के अपहरण से, पूंजीपति वर्ग के लोग, मजदूरों का मनमाना शोषण करते हैं। लाभ उसका है जिसने उसे कमाया है यानी कमेरे वर्ग का, लुटेरे पूंजीपति वर्ग का नहीं, जिसने कोई काम नहीं किया। पूंजी सिर्फ लूट यानी अपहरण किए गए पैसों का हिस्सा है, कोई रिवार्ड या इनाम नहीं है। यह मजदूरों के श्रम के भुगतान का अपहरण है जो उसे भुगतान नहीं किया जाता है और मालिक उसे हड़प लेता है और मालामाल बनता चला जाता है।

हकीकत देखिए,,,,बिना मजदूरों के कोई कारखाना या प्रतिष्ठान नहीं चल सकता, चाहे उसमें कितनी ही धन-संपत्ति लगी हो। अगर मजदूरों में खोट है, वे हड़ताल करते हैं, बेईमान या निकम्मे हैं और वे अपने हकों की मांग करते हुए संघर्ष करते हैं, तो पूंजीपति वर्ग खुद ही चला ले अपना कारखाना और तमाम तरह के उद्योग और दूसरे प्रतिष्ठान। क्योंकि कोई भी उद्योग, कारखाने और संस्थान मजदूरों के काम और मेहनत के बिना नहीं चलाये जा सकते, इसलिए मजदूरों के कानूनी हक और अधिकार उन्हें देने पड़ेंगे। लाभ या मुनाफा किसी साहस का परिणाम नहीं है, यह मजदूरों की मेहनत के फल की खुलेआम लूट और हड़प है।

वैज्ञानिक समाजवादी विचारधारा और व्यवस्था से ही हमारा समाज, देश और पूरी दुनिया फल फूल सकते हैं। तीन सौ साल की पूंजीवादी व्यवस्था के पास गरीबी, भुखमरी, बेरोजगारी, हिंसा, अन्याय और शोषण का कोई जवाब या समाधान नहीं है। वह एक संकटग्रस्त मानव विरोधी, क्रूर, निर्दयी और शोषणकारी व्यवस्था है। यह संकट उसे घेरे रहता है। पिछले ढाई सौ तीन सौ वर्ष के अनुभव यही बता रहे हैं।

शिक्षा, स्वास्थ्य और न्याय, सिर्फ व्यापार और लाभ कमाने के साधन नहीं हैं, इन्हें मुफ्त, अनिवार्य और आधुनिक होना ही चाहिए और ये सारी मेहनतकश जनता के कानूनी हक हैं, उसके बुनियादी हक और अधिकार हैं। शादियों और त्योहारों पर खर्च की एक सीमा होनी चाहिए। दिखावे और फिजूलखर्ची पर प्रभावी रोक लगनी चाहिए। हम फिजूलखर्ची और दिखावे के खिलाफ हैं। जिनके पास लूट का ज्यादा माल है, वही सीमा से ज्यादा खर्च करेगा और समाज में एक बुरा उदाहरण पेश करेगा। देश दुनिया के पूंजीपतियों के पास इतनी संपत्ति और धन दौलत क्यों हैं? क्योंकि उन्होंने मजदूरों के श्रम की कमाई को हड़प लिया है, उनका पर्याप्त, जरूरी और सही भुगतान नहीं किया है। उसने अतिरिक्त मूल्यों के सिद्धांत के अनुसार, उस पैसे को हड़प लिया है और मजदूरों को भुगतान नहीं करते हैं जिसके कारण वह दिन प्रतिदिन मालामाल होते जा रहे हैं। यह बात देश दुनिया के पूरे शोषणकारी पूंजीपति वर्ग पर और दुनिया भर के पूंजिपतियों पर लागू होती है।

पूरी दुनिया में पूंजीवादी नीतियों के पूंजीपतियों के हित में होने के कारण, पूंजी का साम्राज्य बढ़ता जा रहा है, जो पैसा मजदूरों में बांटा जाना चाहिए, वह हड़पने की नीतियों के कारण, पूंजीपति वर्ग के पास जमा होता रहता है और इस प्रकार वह लगातार धनाढ्य बनता जाता है। पूंजीवाद द्वारा फैलाई गई गरीबी, अन्याय और शोषण ने दुनिया का चेहरा बिगाड़ दिया है। पूरी दुनिया के शोषित पीड़ित किसानों मजदूरों का यह मुरझाया हुआ चेहरा, वैज्ञानिक समाजवादी समाज और किसानों मजदूरों की सत्ता और सरकार में ही खिल सकता है, जहां सबको रोटी, रोजी, घर, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार की गारंटी होगी और ये सबको कानूनी अधिकारों के रूप में अनिवार्य तौर पर मौहिया कराए जाएंगे। समाजवादी समाज में सबका काम करना अनिवार्य होगा, सब लोग काम करेंगे, कोई निट्ठल्ला या शोषक नही होगा।

हम अमेरिका जैसा नहीं बल्कि सब का ख्याल रखने वाले समाजवादी रुस, चीन, क्यूबा, वियतनाम और दूसरे तमाम वैज्ञानिक समाजवादी मुल्कों जैसा होना और बनना चाहते हैं। अमेरिका और पूरी दुनिया के लुटेरे पूंजीवादी साम्राज्यवादी शोषक, जनता के जनवाद के, किसानों मजदूरों की सरकार और सत्ता, वैज्ञानिक समाजवादी समाज के और आजादी के सबसे बड़े दुश्मन हैं। वे दुनिया में वैज्ञानिक समाजवादी विचारधारा और जनता के जनवाद का गला घोट रहे हैं वे पूरी दुनिया में वैज्ञानिक समाजवादी और प्रगतिशील देशों में मनमाना हस्तक्षेप कर तख्तापलट करते हैं और उन देशों में अपने पिट्ठू बैठाते हैं। पूंजीवादी समाज में समानता और भाईचारा नहीं हो सकते क्योंकि यह मजदूरों और किसानों के श्रम की लूट पर आधारित समाज है और भाईचारे और न्याय को निगल जाता है, उसे हड़प जाता है। दुनिया में पूंजीपति वर्ग का वर्चस्व है, उन्हीं का बोलबाला है वे पूरी दुनिया में अपनी लूट के साम्राज्य को कायम रखना चाहते हैं, जबकि वैज्ञानिक समाजवादी सोच के लोग इस लूटेरी व्यवस्था को खत्म करना चाहते हैं और इसके स्थान पर वैज्ञानिक समाजवादी व्यवस्था और किसानों मजदूरों और मेहनतकशों का राज्य, उनकी सत्ता और सरकार स्थापित करना चाहते हैं। दुनिया भर का पूंजीपति वर्ग, किसानों मजदूरों के राज्य, सरकार और वैज्ञानिक समाजवादी व्यवस्था को बिल्कुल भी पसंद नहीं करते, इसीलिए पूंजीवाद और वैज्ञानिक समाजवाद में लड़ाई और संघर्ष विद्यमान हैं।

दुनिया भर में पूंजीवादी व्यवस्था, वैज्ञानिक समाजवादी मुल्कों को सही तरह से काम नहीं करने देना चाहती, वह समाजवादी व्यवस्था को फलने फूलने से रोकती हैं, समाजवादी मुल्कों को आजादी से नहीं रहने देना चाहती, क्यूबा, वेनेजुएला चीन, नोर्थ कोरिया और पूरे वैज्ञानिक समाजवादी मुल्क, इसके स्पष्ट उदाहरण हैं। वैज्ञानिक समाजवादी देशों में सबको रोजी-रोटी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा की मुकम्मल व्यवस्था होती है, महंगाई, भ्रष्टाचार और बेईमानी नहीं होती, अतः पूंजीवाद का विकल्प केवल और केवल वैज्ञानिक समाजवादी व्यवस्था और किसानों मजदूरों की सत्ता और सरकार ही हो सकती है। दुनिया में अमन-चैन कायम रखने के लिए, पूंजीवादी दुनिया का सर्वविनाश सबसे ज्यादा जरूरी है और इसके स्थान पर किसानों मजदूरों और मेहनतकशों का राज्य और सरकार और वैज्ञानिक समाजवादी व्यवस्था, सोच और मानसिकता में ही देश दुनिया की भलाई और सबका विकास संभव है। अब हम तमाम वैज्ञानिक समाजवादी सोच के लोगों का सबसे जरूरी काम है कि जनमुक्ति के कार्यक्रम यानी रोटी, कपड़ा, मकान, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, सबको रोजगार और सबका विकास, को जनता के विमर्श का सबसे बड़ा मुद्दा बनाएं और उसे उसके बीच ले जाएं और इस कार्यक्रम के चारों तरफ उसको लामबंद करें और उसको वैज्ञानिक समाजवादी क्रांति के रास्ते पर ले जाएं। वर्तमान में यही हैं हमारे असली काम। यही सबसे जरूरी काम हमारे देश, पूरी दुनिया और समाज को वैश्विक प्रभुत्वकारी और शोषणकारी, मुनाफाखोर प्रभुत्ववादी और युध्दोन्मादी साम्राज्यवादी लूट, झूठ, हिंसा, असत्य और युद्धों से बचा सकता है। आइए इस क्रांतिकारी, पवित्र और पुनीत कार्य को पूरा करने के लिए अभी से इस काम में जुटें।

वैज्ञानिक समाजवादी व्यवस्था और किसानों मजदूरों की सत्ता और सरकार के बिना दुनिया का भविष्य बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं है।

इंकलाब जिंदाबाद 

वैज्ञानिक समाजवाद जिंदाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *