धूमिल के जन्मदिन (9 नवंबर ) पर विशेष
‘यह तीसरा आदमी कौन है?’
राघवेंद्र दुबे भाऊ
सर्दी की मुट्ठी में सिहरते चिंतक पत्रकार विनय श्रीकर के पास उन दिनों, झड़ गये रोएं और ऊन वाला, गांधी आश्रम का एक पुराना कोट था । अपने नंगी हो चुकी बुनावट में वह सुतरी का बना लगता था । जिसकी बांह कलाई से 4 या 5 इंच ऊपर चढ़ गई थी और जेबें झूल गई थीं । तब विनय के पास जाने कब का मेटिया से निकाला, ठंड से मुकाबले का यह एक मात्र कवच था ।
उन्हीं दिनों अभिजात्यता से लोहा लेते रहे कालजयी कवि सुदामा पाण्डेय धूमिल, किंग जार्ज मेडिकल कालेज ( अब किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी ,लखनऊ ) के न्यूरो सर्जिकल के जनरल वार्ड नम्बर 9 में भर्ती थे । नवम्बर 1974 में धूमिल यहां भर्ती हुए और 10 फ़रवरी 1975 को उनका देहावसान हो गया ।
विनय रोज उन्हें देखने और उनसे मिलने जाया करते थे । उनके साथ रीब्लूशनरी सोशलिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया ( मार्क्सवादी – लेनिन वादी ) के पार्टी सिंपेथाइजर भोला पाण्डेय भी प्रायः हुआ करते थे ।
उस दिन न्यूरो सर्जिकल वार्ड के बाहर सड़क पर किसी शख्स के ट्रांजिस्टर पर गाना बज रहा था – ‘ पान खाये सैंया हमारो … मलमल के कुर्ते पर छींट लाल … ‘ ( फिल्म – तीसरी कसम ) ।
धूमिल जी को ब्रेन ट्यूमर था । बेड पर पड़े उनकी देह में हल्की सी हरकत आयी । यह गीत उनकी धक – धक सांस और तपती पुतलियों पर टंग गया ।
उनके होंठ फड़फड़ाये और कुछ गोल से हुए । वह इस गीत को चूम लेना चाह रहे होंगे । ‘ पान खाये सैंया हमारो ‘, गीत सुदामा पाण्डेय धूमिल, रामआधार पाण्डेय उपाख्य विनय श्रीकर और भोला पाण्डेय के बीच उच्च विभव का एक सर्किट बन गया ।
धूमिल ने विनय से पूछा
— आप में संगीत बचा रह गया है कि नहीं ? मार्क्सवाद के कठिन पथ के साधक ? ( विनय ने मुस्कुरा दिया )
— क्या गीत है ?
— यही जिंदगी है ।
— लाल तो तुम्हें बहुत पसन्द है लेकिन , लाल होठों पर गौर किया कि नहीं ?
लेकिन , विनय ने कुछ नहीं कहा । इसलिए कि वह जाने कब से घात लगाये उस तूफान को देख चुके थे, जो बिना किसी मोहलत और रहम, बड़ी तबाही अब – तब में ला ही देने वाला था ।
लेकिन, तब भी सर्दी की मुठ्ठी में सिहरते विनय श्रीकर में आंच के गीत थे । आंच और आग की वही छतनार तो थे धूमिल , जो विनय की रूह के लिए छांव भी थी । बहुत आत्मीयता थी धूमिल और विनय श्रीकर में , सुदामा पाण्डेय और रामाधार पाण्डेय में ।
धूमिल की कविता में परंपरा, कथित सभ्यता, सुरुचि, शालीनता और भद्रता का विरोध है, जिसकी आड़ में सारे धतकरम और दुष्कर्म पलते हैं और जो व्यवस्था की वर्गीय हिमायत है । इस विरोध के कारण उनकी कविता में तेजाबी धार और आक्रामकता है । किंतु उससे उनकी कविता की प्रभावशीलता ही बढती है । धूमिल अकविता आन्दोलन के प्रमुख कवियों में से एक हैं ।
जनता के प्रायः सारे जरूरी सवालों पर साजिशी और क्रूर चुप्पी साधे रहने वाली संसद पर अपने खास तरह के व्यंग्य के लिए धूमिल को हिंदी कविता का ‘ एंग्री यंगमैन ‘ भी कहा जाता है । ‘ धूमिल ’ ने अब से चार दशक पहले ‘ यह तीसरा आदमी कौन है ‘ पूछा तो जाहिर है उनके दिलो दिमाग में नए पुराने सामंतों, थैलीशाहों और धर्मांधों द्वारा लोकतंत्र को तहस – नहस कर डालने वाली कारस्तानियों का अंदेशा था ।
कृष्ण प्रताप सिंह लिखते हैं — अशोक वाजपेयी का संग्रह ‘ शहर अब भी संभावना है ’ आया तो उन्होंने यह कहकर उसकी आलोचना की कि शहर तो एक फ्रंट है, वह संभावना कैसे हो सकता है ? लेकिन इसका एक लाभ भी हुआ । ‘ अनौपचारिक जानकारियों ’ ने उनका बनी-बनाई वाम धारणाओं की कैद से निकलना आसान किये रखा और वे सच्चे अर्थों में किसान जीवन के दुःखों व संघर्षों के प्रवक्ता और सामंती संस्कारों से लड़ने वाले लोकतंत्र के योद्धा कवि बनकर निखर सके ।
खाये – पिये और अघाये लोगों की ‘ क्रांतिकारी’ बौद्धिक जुगालियों में गहरा अविश्वास व्यक्त करने में उन्होंने ‘ सामान्यीकरण ’ और ‘ दिशाहीन अंधे गुस्से की पैरोकारी ’ जैसे गंभीर आरोप भी झेले लेकिन पूछते रहे कि ‘ मुश्किलों व संघर्षों से असंग ’ लोग क्रांतिकारी कैसे हो सकते हैं ? उनका विश्वास था कि ‘ चंद टुच्ची सुविधाओं के लालची /अपराधियों के संयुक्त परिवार ’ के लोग एक दिन खत्म हो जायेंगे और इसी विश्वास के बल से उन्होंने ‘ अराजक ’ होना कुबूल करके भी निष्ठा का तुक विष्ठा से नहीं भिड़ाया ।
धूमिल बेलौस हैं और उसी सहजता से पर्त उधेड़ देते हैं —‘ यद्यपि यह सही है कि मैं / कोई ठंडा आदमी नहीं हूं / मुझमें भी आग है- / मगर वह / भभक कर बाहर नहीं आती / क्योंकि उसके चारों तरफ़ चक्कर काटता / एक पूंजीवादी दिमाग़ है / जो परिवर्तन तो चाहता है / मगर आहिस्ता-आहिस्ता / कुछ इस तरह कि चीज़ों की शालीनता बनी रहे / कुछ इस तरह कि कांख भी ढंकी रहे / और विरोध में उठे हुए हाथ की / मुट्ठी भी तनी रहे./ और यही वजह है कि बात / फ़ैलने की हद तक / आते-आते रुक जाती है / क्योंकि हर बार / चंद टुच्ची सुविधाओं के लालच के सामने / अभियोग की भाषा चुक जाती है.‘
***
वे घर की दीवारों पर नारे
लिख रहे थे
मैंने अपनी दीवारें जेब में रख लीं
उन्होंने मेरी पीठ पर नारा लिख दिया
मैंने अपनी पीठ कुर्सी को दे दी
और अब पेट की बारी थी
मै खुश था कि मुझे मंदाग्नि की बीमारी थी
और यह पेट है
मैने उसे सहलाया
मेरा पेट
समाजवाद की भेंट है
और अपने विरोधियों से कहला भेजा
वे आएं- और साहस है तो लिखें,
मै तैयार हूं
*****
आलोचक प्रियदर्शन कहते हैं कि मुक्तिबोध और रघुवीर सहाय के बाद धूमिल हमारे जटिल समय के ताले खोलनेे वाली तीसरी बड़ी आवाज हैं । जो बम मुक्तिबोध के भीतर कहीं दबा पड़ा है और रघुवीर सहाय के यहां टिकटिक करता नजर आता है, धूमिल की कविता तक आते-आते जैसे फट पड़ता है । कुछ इस तरह कि उसकी किरचें हमारी आत्माओं तक पर पड़ती हैं ।
’ धूमिल ’ का जन्म उत्तर प्रदेश के वाराणसी के ’ खेवली ’ गांव में हुया था । इनके पिता शिवनायक पांडे साधारण किसान थे और जयशंकर प्रसाद के मुनीम भी रहे । बाद में किराने की दुकान खोल ली ।
ग्यारह साल की आयु में ही पिता के देहावसान बाद परिवार का सारा भार धूमिल के नन्हे कन्धों पर आ गया । 1953 में उन्होंने हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की । आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इण्टरमीडिएट न कर सके और रोज़ी – रोटी की तलाश के लिये कलकत्ता चले गये । वहां पर काम न मिलने पर लोहा ढोने का काम भी किया । बाद में काशी हिन्दू विश्व विद्यालय स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण केन्द्र आइटीसी में विद्युत प्रविधि में प्रशिक्षण के लिए 1957 में दाखिला लिया । इसी विभाग में विद्युत अनुदेशक की नौकरी मिल गयी । वह आजीवन इसी संस्थान में बने रहे ।
उनके कुल तीन कविता संग्रह ‘ संसद से सड़क तक ‘ (1972) , ‘ कल सुनना मुझे ‘ (1977 ) , सुदामा पांडे का प्रजातंत्र (1984 ) प्रकाशित हुए । संसद से सड़क तक- पहला काव्य-संग्रह ’ राजकमल प्रकाशन से प्रकाशित हुआ ।
इस काव्य संग्रह ने हिन्दी जगत में धूमिल को बहुचर्चित बना दिया । उनको 1975 में साहित्य परिषद द्वारा ’ मुक्तिबोध ‘ पुरस्कार से सम्मानित किया गया । उनके मरणोपरान्त साहित्य अकादमी ने 1979 में उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया । इस काव्य-संग्रह में 25 कविताएं हैं जिनमें ’ मोचीराम ’, ’ नक्सलबाड़ी ’, ’ कविता ’ और ’ पटकथा ’ आदि प्रसिद्ध कविताएं हैं ।
उनकी ’कविता’ नामक कविता में स्त्री के गर्भाधान की स्थिति से लड़की के तीसरे गर्भपात से धर्मशाला होने का उल्लेख । वे इसमें कहते हैं –
एक सम्पूर्ण स्त्री होने से पहले ही
गर्भाधान की क्रिया से गुजरते हुये
उसने जाना कि प्यार
घनी आबादी वाली बस्तियों में
मकान की तलाश है
लगातार बारिश से भीगते हुये
उसने जाना कि लड़की
तीसरे गर्भाधान के बाद
धर्मशाला हो जाती है
धूमिल की ’ मोचीराम ’ कविता भी समकालीन परिवेश की सच्चाई को व्यक्त करती है । इसमें जातिगत वर्ग भेद को स्पष्ट किया गया है ।
बाबू जी. सच कहूँ- मेरी निगाह में
न कोई छोटा है
न कोई बड़ा है
मेरे लिये हर आदमी एक जोड़ी जूता है
’पटकथा’ नामक कविता में कवि ने स्वतन्त्रता के 20 वर्ष बाद की स्थिति को व्यापक धरातल पर प्रस्तुत किया है । वह स्वतन्त्रता प्राप्ति के पश्चात राजनेताओं के व्यवहार में सुधार व बदलाव लाने की कामना करता रहा किन्तु यह समस्याएँ और भी गंभीर व विकट रूप धारण करती गईं ।
चारों ओर देश में शोषण का वातावरण फैल गया । चुनाव के नाम पर छलावा होने लगा. कवि जनता और संसद का सही अर्थ जानने के लिये इस रचना को अनेक संदर्भों में प्रस्तुत करता है ।
‘हर तरफ कूआँ है
हर तरफ़ खाई है
यहाँ सिर्फ़ वह आदमी, देश के करीब है,
जो या तो मूर्ख है
य फिर गरीब है
कल सुनना मुझे- ’कल सुनना मुझे’ धूमिल का दूसरा काव्य-संग्रह है जो मृत्योपरान्त प्रकाशित हुआ । इस काव्य-संग्रह पर ’साहित्य अकादमी’ द्वारा उन्हें पुरस्कार भी प्राप्त हुआ । इसमें 37 कविताएँ हैं ।
. ’जवाहर लाल नेहरू की मृत्यु पर ’ में युवा कवि अपने नायक के न रहने पर विह्वल हो जाता है किन्तु वह ’रिश्तों’ और ’रीढ़ की हड्डी’ में बल भी चाह रहा है उसे विकास अभियानों और चमन को फूलों से भर देना चाहता है ।
दिन
जो सुबह-सुबह शुरू हुआ
दोपहर में
खत्म हो गया
मेरा सूरज खो गया
लेकिन जब कवि का मुकाबला नेहरू युग के बाद यथार्थ से होता है , लिखते हैं –
देश – प्रेम मेरे लिये/अपनी सुरक्षा का/ सर्वोत्तम साधन है……..दो आँखें दरवाजा खोलती हैं/ दो बच्चे टाटा कहते हैं/ एक फटेहाल कफ कलर/ टांगों में अकड़ भरता है/ और खटर-पटर एक ढ्ढ्ठा साइकिल/ लगभग भागते हुये चेहरे के साथ/ दफतर जाने लगती है ‘।उ
****
न कोई प्रजा है
न कोई तन्त्र है
यह आदमी के खिलाफ़
आदमी का खुला सा
षडयन्त्र है
***
कहीं कोई भाषा नहीं है
भूख के केन्द्र में
एक थरथराता हुआ आँसू है
जिस पर आग पहरा देती है.
बीबी! क्या बच्चे सो गये?
तुमने खाना खा लिया?
****
बीस साल बाद
मैं अपने आप से एक सवाल करता हूँ-
जानवर बनने के लिये कितने सब्र की ज़रूरत होती है?
और बिना किसी उत्तर के चुपचाप
आगे बढ़ जाता हूँ
****”
कहने का मतलब यह है कि भाईयों!
जनतन्त्र जनता से नहीं
धन की जंग से शुरू होता है
और फिर पहली बार यह जानवर
वह खुश होगा कि पतपेटी में
मत-पत्र के साथ वह अपनी समझ नहीं डाल आया
***
मगर अब-
अब उसे मालूम है कि कविता
घेराव में
किसी बौखलाए हुये आदमी का
संक्षिप्त एकालाप है
अशोक बाजपेयी कहते हैं – धूमिल जो काव्य-संसार बसाते हैं वह हाशिए की दुकान नहीं, बीच की दुनिया है । यह दुनिया जीवित है और पहचाने जा सकने वाले समकालीन मानव चरित्रों की दुनिया है जो अपने ठोस रूप रंगों और अपने चारित्रिक मुहावरों में धूमिल के यहाँ उजागर होती है ।
