भगतसिंह जन अधिकार यात्रा ने सरकारी स्कूलों की बेहतरी की मांग को लेकर चलाया जनअभियान
कलायत। कलायत शहर में ‘भगतसिंह जन अधिकार यात्रा’ के तहत सरकारी स्कूलों की बेहतरी की मांग को लेकर जनअभियान चलाया गया। इस समय देश के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग स्कूलों के छात्र अपनी बेहद जायज़ और न्यूनतम मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
वास्तव में, सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था पहले भी बहुत अच्छी स्थिति में नहीं थी, लेकिन भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद शिक्षा के बचे-खुचे सरकारी ढांचे को भी लगातार कमजोर और तबाह किया गया है। शायद ही कोई सरकारी स्कूल होगा, जो शिक्षकों की कमी, जर्जर भवन, खराब भोजन, बिजली और साफ पानी की किल्लत, टूटे और गंदे शौचालय तथा खराब सड़कों जैसी समस्याओं से न जूझ रहा हो।
इसी क्रम में ‘स्कूल बचाओ अभियान’ के तहत राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कलायत (2180) में छात्राओं के लिए पर्याप्त संख्या में डेस्क उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया था और शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा गया था। ज्ञात हो कि विद्यालय में 500 से अधिक छात्राएं अध्ययनरत हैं, जबकि उनके बैठने के लिए केवल 50 डेस्क उपलब्ध हैं। डेस्कों की भारी कमी के कारण अनेक छात्राओं को फर्श पर या अन्य असुविधाजनक परिस्थितियों में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है।
‘नौजवान भारत सभा’ के अजय आशु ने कहा कि हम छात्राओं की इस जायज़ मांग का पूर्ण समर्थन करते हैं। उन्होंने भाजपा सरकार से मांग की कि छात्राओं की जायज़ मांग को अविलंब पूरा किया जाए और सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही ‘नौजवान भारत सभा’ देशभर के विभिन्न स्कूलों में आन्दोलनरत छात्रों की मांगों और उनकी पहल का समर्थन एवं स्वागत करती है। ‘नौजवान भारत सभा’ मांग करती है कि पूरे देश में गुणवत्तापूर्ण ‘एक समान और निःशुल्क शिक्षा’ की व्यवस्था लागू की जाए और शिक्षा के बाजारीकरण पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।
‘नौजवान भारत सभा’ देश की जनता से अपील करती है कि शिक्षा की वर्तमान भयावह दुर्व्यवस्था के खिलाफ और गुणवत्तापूर्ण ‘एकसमान और निःशुल्क शिक्षा’ के हक के लिए लामबंद हों।
