डॉ रीटा अरोड़ा की लघुकथा – शादी : दो दिलों का सुंदर वादा

लघुकथा

शादी : दो दिलों का सुंदर वादा

डॉ रीटा अरोड़ा

“शादी में सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा तो हर कोई करता है, लेकिन क्या कभी सोचा है कि एक ही जन्म में उस वादे को निभाना कठिन क्यों हो जाता है?”

विवाह परामर्श कार्यक्रम में एक अनुभवी बुजुर्ग के इस सवाल से सभागार में सन्नाटा छा गया।

उन्होंने मुस्कराकर कहा, “बच्चो, शादी केवल दो दिलों का मिलन नहीं, दो परिवारों, संस्कारों और सपनों का संगम है। इसे सुंदर बनाने के लिए प्यार के साथ समझदारी भी चाहिए।”

एक युवक ने पूछा, “दादाजी, जब दोनों की सोच अलग हो तो?”

“बेटा, जवाब देने के लिए नहीं, समझने के लिए सुनो। हर बहस जीतने की जिद मत करो। कभी रिश्ते की खातिर झुकना भी सीखो।”

एक युवती बोली, “और मायके-ससुराल के बीच संतुलन कैसे रखें?”

“बिटिया, ‘तेरे माता-पिता, मेरे माता-पिता’ की दीवार मत खड़ी करो। दोनों परिवारों को बराबर सम्मान दो। शादी रिश्तों को बाँटने नहीं, जोड़ने का नाम है।”

दूसरे युवक ने पूछा, “गुस्सा आ जाए तो?”

“आवाज़ धीमी और शब्द मीठे रखो। परेशानी को मिलकर सुलझाओ, एक-दूसरे को दोष मत दो। याद रखो, कड़वे शब्दों के घाव दिखाई नहीं देते, लेकिन लंबे समय तक दुख देते हैं।”

एक युवती ने हँसकर पूछा, “दादाजी, गलती होने पर पहले माफ़ी कौन माँगे?”

वे मुस्कराए, “जिसके लिए अहंकार से बड़ा रिश्ता हो! माफ़ी एक माँगता है, मगर मुक्त दोनों होते हैं।”

तभी एक नवविवाहिता ने पूछा, “क्या उम्र बढ़ने पर भी प्यार पहले जैसा रहता है?”

बुजुर्ग ने पास बैठी अपनी जीवनसंगिनी का हाथ थाम लिया। आँखों में हल्की नमी लिए बोले, “बिटिया, जवानी में साथ चलना आसान है। असली प्रेम तो तब है, जब कदम लड़खड़ाने लगें और दोनों एक-दूसरे की लाठी बन जाएँ।”

उनकी पत्नी ने मुस्कराकर जोड़ा, “और सुखी विवाह का अर्थ मतभेद न होना नहीं, बल्कि नाराज़गी में भी एक-दूसरे की फिक्र बनाए रखना है।”

पूरा सभागार तालियों से गूँज उठा।

बुजुर्ग ने भावुक होकर कहा,

“बच्चो, ‘मैं’ से ‘हम’ तक का सफर ही शादी है। इसमें थोड़ा कम बोलना, ज्यादा सुनना; कम तर्क करना, ज्यादा प्यार करना सीखो।

सात फेरे कुछ मिनटों में पूरे हो जाते हैं, लेकिन सात वचनों को निभाने में पूरी जिंदगी लग जाती है।

बस, इतना ध्यान रखना कि जीवन की कठिन घड़ियों में तुम्हारा साथी कभी अकेला महसूस न करे। उसे हमेशा यह भरोसा रहे—घबराना मत, मैं हूँ न !”

फिर अपनी पत्नी की ओर देखकर बोले, “आज इतने वर्षों बाद भी यदि कोई मुझसे पूछे कि दोबारा जीवन मिले तो किसे अपना जीवनसाथी चुनोगे, मेरा जवाब यही होगा—‘इन्हीं को, हर बार!’”

उनकी पत्नी ने चुपचाप उनका हाथ और कसकर थाम लिया।

उस क्षण सभी जोड़ों की आँखें नम थीं। शायद उन्हें शादी का सबसे सुंदर अर्थ समझ आ गया था

“सच्चा जीवनसाथी वह नहीं, जो केवल खुशियों में साथ मुस्कराए, बल्कि वह है, जो आँसुओं में भी हाथ थामे और जीवन की आखिरी साँझ तक कहे—‘हम साथ हैं!’”

 

Comments

Your email address will not be published.

0