जसवीर त्यागी की कविता- कोई समूचा जाता नहीं
|| कोई समूचा जाता नहीं ||
जो चला गया
वह सम्पूर्णता में नहीं गया
अपने आसपास निगाह फिराओ,देखो
उसका बहुत कुछ अभी शेष है
जो रह-रहकर
अटकता है
चमकता है
बजता है निरन्तर
तुम्हारे शब्दों
स्मृतियों और सपनों में
कोई समूचा जाता नहीं तब तक
जब तक
तुम उसे जाने को न कहो।
