छोटे लम्हे, बड़ी सीख (4)

सामाजिक बदलाव

छोटे लम्हे, बड़ी सीख (4)

डॉ रीटा अरोड़ा

 

1. अलमारी का कोना

बहू ने सास की सारी पुरानी साड़ियाँ अलमारी के सबसे ऊपर वाले खाने में रख दीं। उसे नहीं पता था कि उन साड़ियों की खुशबू में ही बुज़ुर्ग माँ को अपना अस्तित्व महसूस होता था।

सीख: चीज़ों को हटाते समय उनसे जुड़ी भावनाओं का भी ख्याल रखें।

2. डायरी के पन्ने

दादाजी की मृत्यु के बाद उनकी डायरी मिली। हर पन्ने पर लिखा था— “आज भी किसी बच्चे का फोन नहीं आया।”

सीख: आपकी एक कॉल किसी की पूरी दुनिया रोशन कर सकती है।

 

3. आधा फल

भाई ने सेब के दो टुकड़े किए- छोटा खुद रखा, बड़ा छोटे भाई को दे दिया। माँ ने पूछा क्यों? उसने कहा, “इसका पेट बड़ा है और मेरा दिल।”

सीख: प्यार हमेशा बराबरी नहीं, त्याग माँगता है।

 

4. खामोश आँसू

विदाई के समय पिता सबसे ज़्यादा मुस्कुरा रहे थे ताकि बेटी कमज़ोर न पड़े। जैसे ही डोली विदा हुई, घर का सबसे मज़बूत इंसान टूटकर रो पड़ा।

सीख: पुरुषों की मुस्कान के पीछे अक्सर गहरे दर्द छिपे होते हैं।

 

5. बचपन का डर

बचपन में बच्चा पिता की उँगली पकड़कर चलता था ताकि खो न जाए। बुढ़ापे में पिता ने बेटे का हाथ पकड़ा तो बेटे ने हाथ छुड़ा लिया क्योंकि उसे “देर” हो रही थी।

सीख : हम अक्सर उस देर के पीछे भागते हैं जो कभी खत्म नहीं होती और उन लोगों को पीछे छोड़ देते हैं जिनका समय खत्म हो रहा है।

 

6. पुराने खत

पोते को अलमारी में दादाजी के हाथ से लिखे खत मिले। उसने पूछा, “क्या आप उस ज़माने में बोर नहीं होते थे?” दादाजी ने मुस्कुराकर कहा, “तब इंतज़ार में भी अपनापन था, आज इंस्टेंट रिप्लाई में वो बात नहीं।”

सीख: धैर्य और इंतज़ार रिश्तों को गहरा बनाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *