राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का रूट प्लान जारी

  • नाम बदला, भारत न्याय यात्र की जगह भारत जोड़ो न्याय यात्रा किया
  • 66 दिन में 110 जिलों से होकर 6700 किमी की यात्रा करेंगे
  • जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर दी विस्तृत जानकारी
  • इंडिया गठबंधन के दलों को यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया

नई दिल्ली। कांग्रेस ने वीरवार को राहुल गांधी की दूसरी यात्रा का पूरा रोडमैप जारी कर दिया। भारत न्याय यात्रा का नाम बदलकर ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ रखा गया है। कांग्रेस महासचिव और मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने यह जानकारी दी है।

जयराम रमेश ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर यात्रा की विस्तृत जानकारी दी है। उनके अनुसार 14 जनवरी, 2024 को मणिपुर से मुंबई तक शुरू होने जा रही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में राहुल गांधी 66 दिनों में 110 जिलों से गुजरते हुए 6700 किलोमीटर से ज़्यादा की दूरी कवर करेंगे। इस यात्रा में शामिल होने के लिए इंडिया के घटक दलों को आमंत्रित किया गया है।

14 जनवरी से शुरू होने वाली यह यात्रा मणिपुर से शुरू होकर महाराष्ट्र तक जाएगी। 6713 किलोमीटर लंबी राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान वह सभी प्रमुख राज्य भी शामिल हैं, जहां के इंडिया गठबंधन के हिस्सेदार प्रभावी हैं। प्रत्येक राज्य से गुजरने वाली इस यात्रा के दिन, किलोमीटर, जिले, विधानसभा क्षेत्र और लोकसभा क्षेत्र तक तय किए गए। कांग्रेस महासचिव ने बताया कि पूरी यात्रा 15 राज्यों से होकर गुजरेगी। इस दौरान सभी राज्यों के 110 जिले कवर किए जाएंगे। जिसमें 100 लोकसभा सीटें और 337 विधानसभा सीटें भी शामिल हैं। कांग्रेस के बड़े नेता 14 जनवरी को यात्रा के शुभारंभ पर इंफाल में मौजूद रहेंगे।

कांग्रेस नेता के मुताबिक मणिपुर में यह यात्रा चार जिलों से होते हुए 107 किलोमीटर का सफर करेगी। उसके बाद नागालैंड में दो दिन के भीतर 257 किलोमीटर का सफर तय करेगी। यहां से राहुल गांधी की यात्रा असम के 17 जिलों में 833 किलोमीटर का सफर 8 दिन में तय करेगी। अरुणाचल प्रदेश में 1 दिन के भीतर एक जिले के साथ 55 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा। जबकि मेघालय में भी एक जिले के साथ एक दिन में 5 किलोमीटर की यात्रा तय करेंगे। भारत जोड़ो न्याय यात्रा पश्चिम बंगाल में 5 दिन चलेगी। बंगाल के 7 जिलों से गुजरते हुए 523 किलोमीटर का सफर तय करेंगी।

जयराम रमेश के मुताबिक बिहार में चार दिन की यात्रा के दौरान राहुल गांधी 7 जिलों से होते हुए 425 किलोमीटर का सफर तय कर झारखंड पहुंचेंगे। झारखंड में 804 किलोमीटर की यात्रा करते हुए 8 दिनों में करेंगे। इस दौरान 13 जिलों से होकर निकलेंगे। ओडिशा में 341 किलोमीटर यात्रा चार दिनों में चार जिलों से गुजरेगी। छत्तीसगढ़ में 536 किलोमीटर की यात्रा पांच दिनों की होगीऔर सात जिलों से होकर जाएगी।

छत्तीसगढ़ के बाद राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के 20 जिलों से होते हुए 1074 किलोमीटर की यात्रा 11 दिन में पूरी कर मध्यप्रदेश में दाखिल होंगे। राजस्थान में 128 किलोमीटर की यात्रा 1 दिन में दो जिले को कवर करती हुई गुजरात पहुंचेगी। गुजरात में 5 दिन रहते हुए 7 जिलों को कवर कर 445 किलोमीटर का सफर राहुल गांधी तय करेंगे। इसके बाद महाराष्ट्र में 400 किलोमीटर की यात्रा करते हुए 5 दिनों में 6 जिलों को कवर करेंगे।

बड़ा सवाल, क्या इंडिया गठबंधन के नेता करेंगे शिरकत
जयराम रमेश ने बताया कि राहुल गांधी की इस यात्रा में शामिल होने के लिए गठबंधन के सभी प्रमुख सियासी दलों को आमंत्रित किया है। उनकी पार्टी अपने स्तर पर किसी भी तरीके से गठबंधन को मजबूत करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ने वाली है।अब देखना यह होगा कि क्या ममता बनर्जी, नीतीश कुमार, लालू यादव से लेकर अखिलेश यादव जैसे बड़े नेता राहुल गांधी की इस यात्रा का हिस्सा बनते हैं या नहीं। अगर ये नेता राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होते हैं, तो निश्चित तौर पर गठबंधन की मजबूती का एक संदेश जाएगा।