क्या नीतीश को किनारे कर सम्राट चौधरी को सीएम बनाएगी भाजपा!

क्या नीतीश को किनारे कर सम्राट चौधरी को सीएम बनाएगी भाजपा!

चुनावी जनसभा में अमित शाह ने कहा- सम्राट चौधरी को वोट दीजिए, मोदी उन्हें बड़ा आदमी बनाने जा रहे हैं

पटना। क्या बिहार में नीतीश कुमार के दिन लद गए हैं। एनडीए भले ही उनको सामने रख कर विधानसभा चुनाव में उतरा है, लेकिन गठबंधन के जीतने के बाद भाजपा के सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनाए जाएंगे। आज बिहार में चुनावी जनसभाओं के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कुछ इसी तरह की बात कही। उन्होंने साफ-साफ तो नहीं कहा लेकिन यह कहकर जेडीयू नेताओं की धुकधुकी अवश्य बढ़ा दी कि बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी को विधानसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘‘बड़ा आदमी’’ बनायेंगे।
पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र में एक रैली में यह टिप्पणी की, जहां से चौधरी भाजपा उम्मीदवार हैं।
शाह ने कहा, ‘‘जैसा कि सम्राट चौधरी ने अपने भाषण में कहा, उनका जन्म यहीं हुआ था। हमने स्थानीय जदयू विधायक राजीव सिंह को सम्राट चौधरी के पक्ष में अपनी सीट छोड़ने के लिए राजी किया। तारापुर के लोग, अन्य जगहों के लोग हमसे अपने विधायकों के लिए मंत्री पद दिलाने का अनुरोध करते हैं। आपके विधायक तो स्वत: ही उपमुख्यमंत्री हैं।’’
भाजपा के प्रमुख रणनीतिकार माने जाने वाले शाह ने लोगों से अपील की,‘‘कृपया उन्हें वोट दें और उनकी जीत सुनिश्चित करें। आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उन्हें बड़ा आदमी, बहुत बड़ा आदमी बनाने जा रहे हैं।’’
इस टिप्पणी से चुनावी राज्य बिहार में राजग के बारे में नई अटकलें शुरू होने की संभावना है, जहां विपक्ष दावा कर रहा है कि भाजपा ने जदयू सुप्रीमो और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हटाकर सत्ता के शीर्ष पद पर अपना उम्मीदवार बैठाने का मन बना लिया है।
बिहार देश का एकमात्र हिंदी भाषी राज्य है जहां भाजपा अब तक सरकार का नेतृत्व नहीं कर पाई है।
सम्राट चौधरी पहले जदयू और मुख्य विपक्षी दल राजद में भी थे। वह एक दशक से भी कम समय पहले भाजपा में शामिल हुए जिसके बाद वह पार्टी में तेजी से आगे बढ़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *