जसवीर त्यागी की बाल-केंद्रित कविताएँ

जसवीर त्यागी की बाल-केंद्रित कविताएँ

छोटे बच्चे

÷÷÷÷÷÷

समूह में खेलते छोटे बच्चे
सुंदर सलोने लगते हैं

उनकी एक दूसरे को डांट-फटकार
मान-मनुहार
प्यार-तकरार
खेल में जीत-हार
आकर्षित करते हैं

जैसे बारिश के बाद
आसमान में खिला इंद्रधनुष
मन और आँखों को आलोकित करता है।

बच्चा और माँ

÷÷÷÷÷÷÷÷÷

आया बच्चे को लेकर
खड़ी है घर के द्वार पर

बच्चे की माँ को
जाना है अपने काम पर

बच्चा अपलक देखता है
देर तक
माँ को दूर जाते हुए

सिर्फ़ माँ ही
नहीं करती है काम

बच्चा भी
माँ की राह निहारता है हर शाम।

■

इंतजार

÷÷÷÷÷

भव्य आयोजन में
मालदार
रसूखदार
दावत उड़ा रहे शानदार

बीच-बीच में
बतियाते
पीते-खाते
ताड़ते हुए एक-दूसरे का माल

आयोजन से बाहर खड़े भूखे बच्चे
टेंट की दरारों से झाँकते

करते दावत खत्म होने का इंतजार।

■

बच्चे और बुजुर्ग

÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷

बच्चे और बुजुर्ग
मुझे अच्छे लगते हैं

बच्चों के पास
जिज्ञासाएँ हैं

बुजुर्गों के पास
जिज्ञासाओं के उत्तर हैं।

बच्चे की पेंटिंग

÷÷÷÷÷÷÷÷÷

बच्चे ने पेंटिंग बनायी
पेंटिंग में झोपड़ी
पेड़,नदी,पहाड़
और उड़ते हुए पँछी बनाये
ये सब बच्चे की कल्पना थी

बच्चे को मालूम न था
पेटिंग में चित्रित हर चीज
आज संकट में है।

■

बच्चा और पिता

÷÷÷÷÷÷÷÷÷

बच्चा पिता की अँगुली पकड़े
स्कूल जा रहा है

पिता बीच-बीच में
बच्चे को गिनती याद करवाते हैं

बच्चा धीरे-धीरे
सीख रहा है शिक्षा का सबक

बच्चा अभी एक शब्द है
बनते-बनते बन पायेगा कोई वाक्य

बच्चा जिस रोज
सार्थक वाक्य सीख जायेगा

उस दिन
पिता का होना भी जान जायेगा।

■

बच्चे की ख़ुशी

÷÷÷÷÷÷÷÷÷

पड़ोस के सामने वाले घर में
नया किरायेदार आया है

उनका पाँच साल का छोटा बच्चा
खिड़कियों से गलियारे की ओर झाँकता है
आते-जाते अनजान लोगों को ताकता है

राह से जाता हुआ कोई बच्चा
जब उसे दिख जाता है
खिड़कियों से झाँकते बच्चे के मुख पर
एक चंचल-सी ख़ुशी खेलने लगती है

जैसे चिड़िया का कोई बच्चा
फुदकता हो फूलों की शाख पर।

●

करुणा

÷÷÷÷

किडनी ग्रस्त बच्चे के बारे में
बात करते-करते
माँ का गला भर आता है

बोलते-बोलते रुक जाती है
शब्द मौन हो जाते हैं

चाहकर भी
वह कुछ बोल नहीं पाती

उस समय
उसकी आँखें बोलती हैं

बोलती आँखों को सुनने के लिए
कान नहीं करुणा चाहिए।

■

बिल्ली के बच्चे

÷÷÷÷÷÷÷÷÷

बिल्ली के दो बच्चे
घर में आकर
रोज धमाचौकड़ी करते हैं

कभी-कभी
हैरान होता हूँ मैं

कभी यूं ही
परेशान होता हूँ मैं

लेकिन!जिस दिन नहीं आते
बिल्ली के बच्चे

उस दिन
उदास होता हूँ मैं।

■

नानी

÷÷÷

 

नानी को गौर वर्ण पसंद था
साँवले से परहेज करती थी

बच्चों ने पूछा नानी से-
नाना तो ठिगने,स्थूल काय और साँवले थे
आपको कैसे लगते थे?

नानी सचेत होकर बोली-
साँवले तो थे
पर ओढ़-पहनकर जँचते थे
सबसे अलग दिखते थे

नानी की बात सुनकर
बच्चे मन ही मन हँसते थे।

■

बच्चे का घर

÷÷÷÷÷÷÷÷

बच्चा नन्हें हाथों से
गीली मिट्टी समेट

पाँव पर थापकर बनाता है
रेत का छोटा -सा घर

चोटी पर लगाता है
सरकंडे का पंख
ताली बजा-बजा हँसता है

लहरें तेज गति से आकर
बहा ले जाती हैं
उसका रेत का घर

बच्चा एकटक देखता है
मिट्टी और पानी का खेल

फिर बनाता है,वैसा ही घर
कुछ देर बाद लहरें
दोबारा बहा ले जाती है घर

बच्चा खड़ा है शांत
एकटक देखता है लगातार
दूर-दूर तक फैला समुद्र

अगली बार उतने ही चाव से
नन्हें हाथों से मिट्टी समेटता है
सरकंडे का पंख लगाता है

बच्चा हर बार
एक नया घर बनाता है।

■

माँ का मन

÷÷÷÷÷÷

माँ परिवार के सदस्यों के लिए
भोजन परोसती है
और फिर खाने के लिए बुलाती है

बुलाने के क्रम में
अपने उस बच्चे को भी पुकारती है
जो दुनिया से रुख़सत हो चुका है

साड़ी के पल्लू से
अपनी आँख पोंछती हुई माँ कहती है-

पता नहीं यह बच्चा कब सुधरेगा?
खाने के समय
कभी टाइम पर नहीं आता।

■

Comments

Your email address will not be published.

0