उपन्यास-अंश : देख फ़रीदा जो थिआ 

जिला सिरसा (हरियाणा) के बीज्जुवाली गांव में जन्मे हरभगवान चावला आज हिंदी साहित्य जगत का प्रमुख नाम है। उन्होंने कविता, लघु-कथा कहानी, उपन्यास विधाओं में अपने लेखन के जरिए अपनी प्रतिभा का भरपूर परिचय दिया है। उनके 6 कविता संग्रह: कोई अच्छी खबर लिखना, कुंभ में छूटी औरतें, इसी आकाश में, जहां कोई सरहद न हो, इंतजार की उम्र, चयनित कविताएं उपलब्ध हैं।

दो लघु-कथा संग्रह: बीसवां कौड़ा, सबसे ऊंची जमीन हैं।

‘कुंभ में छूटी औरतें’ और ‘बीसवां कोड़ा’ का पंजाबी में भी अनुवाद हो चुका है। इसलिए पंजाबी के पाठक भी उनसे बखूबी परिचित हैं।

‘देख फ़रीदा जो थिआ’ भारत विभाजन की त्रासदी को लेकर लिखा गया उनका पहला उपन्यास है जिसके जरिए नफ़रत की राजनीति और विस्थापन की पीड़ा को समुचित यथार्थ के रग-रेशे के साथ उकेरा गया है। जिसको पढ़ते हुए पाठक पश्चिमी-पंजाब की “सरायकी” भाषा-संस्कृति की जीवंतता (जो अब पाकिस्तान का हिस्सा है) से न केवल ऑथेंटिक परिचय हासिल करता है बल्कि उसकी मिठास में भी सराबोर हो जाता है। इसी उपन्यास के शुरुआती अंश यहां “प्रतिबिंब मीडिया” के पाठकों के लिए प्रस्तुत हैं :ओमसिंह अशफ़ाक।

(तीसरी किस्त)

 

उपन्यास-अंश : देख फ़रीदा जो थिआ

 

गाँव के पश्चिम में नहर के उस पार नूर मोहम्मद ख़ान बलोच की दो हजार बीघा जमीन थी। कई खूह (कुएँ) थे। गाँव में तो आलीशान हवेली थी ही, खेत में भी एक बड़ा मकान बना हुआ था। बालिद चार साल पहले गुज्जर गए थे। नूर मोहम्मद की उम्र पच्चीस साल थी। दो साल पहले निकाह भी हो गया था। नूर मोहम्मद कभी-कभी रात में भी खेत में ही रह जाया करता था। नहर के इस पार भोजराज की पन्द्रह सौ बीघा जमीन थी। भोजराज नूर मोहम्मद ख़ान से दो साल छोटा था। उसके सिर पर भी पिता का साया नहीं रहा था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। दोनों बचपन से एक दूसरे को जानते थे। दोनों लँगोटिया यार कहे जा सकते थे। वे दोनों कई दफा एक साथ सफर कर चुके थे। पंजाब तो उन्होंने पूरा देखा ही था, सिंध, राजपूताना, कश्मीर और दिल्ली तक भी घूम आए थे। नहर के आर-पार से अक्सर गुफ़्तगू होती रहती थी। नूर मोहम्मद की माँ फ़ातिमा और भोजराज की माँ ज्ञानदेवी कभी सखी सरवर की दरगाह पर दुपट्टे बदलकर बहनें बनी थीं। इस नाते से दोनों एक-दूसरे की माँ को मौसी कहते। अक्सर एक-दूसरे के घर आते-जाते। उस दिन भोजराज नूर मोहम्मद के घर गया था। यूँ तो इस्लाम में पैर नहीं छुए जाते, लेकिन भोजराज अपनी मौसी फ़ातिमा के पाँव छूता था और नूर मोहम्मद ज्ञानदेवी के पाँव छूता था। भोजराज ने फ़ातिमा के पाँव छुए तो फ़ातिमा ने उसे ढेर सारी दुआओं से लाद दिया। नूर मोहम्मद की बीवी मुमताज को उसने सलाम किया। कुछ देर इधर-उधर की बातें होती रहीं, फिर फातिमा ने एक नौकरानी को भेजकर ज्ञानदेवी को भी बुलवा लिया। सारे लोग बातचीत और खाने में मशगूल थे कि अचानक बात सखी सरवर की दरगाह पर आ गई। फ़ातिमा और ज्ञानदेवी बड़ी मसर्रत से अपनी बीस साल पहले की गई सखी सरवर की यात्रा को याद कर रही थीं। उस यात्रा पर बात करते हुए वे इतनी खुश लग रही थीं कि बाक़ी लोगों की वहाँ हाजिरी को जैसे भूल ही गई थीं। भोजराज ने नूर मोहम्मद की तरफ देखा और कहा, “गुजरा जमाना भी कितना खूबसूरत होता है नूर,

इतना कि इन्सान उसे याद करते हुए सब कुछ भूल जाता है।” बात उन दोनों के कानों में पड़ी तो दोनों थोड़ी सकपका गई। थोड़ी देर बाद फ़ातिमा ने नूर मोहम्मद से कहा, “हम जब सखी सरवर को दरगाह पर गए थे, तब तुम लोग बहुत छोटे थे। तुम दोनों के अब्बा साथ थे, अब वो लोग तो रहे नहीं”, फ़ातिमा ने दुपट्टे से आँखें पोंछीं, “तुम्हें तो शायद कुछ याद नहीं होगा, भोजराज तो ढाई-तीन साल का ही रहा होगा उस वक्त। मेरा मन है कि एक बार फिर हम सब सखी सरवर दरगाह पर चलकर आएँ। बहू ने भी दरगाह नहीं देखी है, वह भी देख आयेगी। तुम्हें कोई एतराज न हो तो…”

“एतराज कैसा अम्मी, भोजराज और मौसी तैयार हों तो बेशक कल ही चलो।” नूर मोहम्मद ने कहा तो सभी लोग तुरंत रजामंद हो गए।

***********

सितंबर का महीना था, न ज्यादा गर्मी, न ठंड। कपास की चुगाई में अभी देर थी। खेत और पशु मुजारे सँभाल ही रहे थे। सफ़र की तैयारी शुरू हो गई। डाचियाँ (ऊँटनियाँ) सजाई गई, शकरपारे, मठरियाँ और डोली की रोटियाँ (खमीर उठाकर बनाई जाने वाली रोटी, जिसे कई दिनों तक खाया जा सकता है) तल ली गई। आटा, नमक, मिर्च, मसाले और सफर के दौरान जरूरी सब सामान डाचियों पर डले बोरों में लद गया। सबारियों को ढोने वाली डाचियों की पीठों पर कचावे डाल दिए गए। नौकरों की एक टोली साथ थी। नूर मोहम्मद और भोजराज ने अपनी-अपनी बंदूकें साथ ले लीं। अलसुबह क़ाफ़िला डेरा ग़ाज़ी खान की तरफ रवाना हुआ। रास्ते में कहीं हरियाली थी, कहीं टीले। मौसम आम तौर पर खुशगवार था। धूप चुभने लगती तो क़ाफ़िला किसी दरख़्त की छाँव में रुक जाता। भूख लगती तो ईंटों का चूल्हा बनाकर रोटी बना ली जाती या शकरपारे, मठरी और डोली की रोटियाँ खा ली जातीं। एक जगह नहर आई तो पानी पिया गया, नहाया गया। इलाके में नूर मोहम्मद की पहचान भी काफ़ी थी। रात किसी जमींदार के खूह पर भी काटी जा सकती थी और किसी सराय में भी। यूँ सफ़र मजे में चहकते हुए कट रहा था। क़ाफ़िले की पहली रात लोधराँ और मुल्तान के बीच एक गाँव में पड़ी। क़ाफ़िला चौधरी गुलाम अहमद के खूह पर रुका। चौधरी गुलाम अहमद नूर मोहम्मद के वालिद के दोस्त थे, इस नाते से उसे भी जानते थे। इन लोगों ने ठहरने के अलावा कोई और जहमत उन्हें नहीं दी। यहाँ से सीधा मगर मुश्किल रास्ता पकड़कर डेरा ग़ाज़ी खान की तरफ बढ़ा जा सकता था, लेकिन यह तय हुआ कि तारीख़ी शहर मुल्तान को भी देखा जाए। असल में नूर मोहम्मद की बेगम ने मुल्तान नहीं देखा था। उसी ने दबे सुर में मुल्तान देखने की ख़्वाहिश जाहिर की थी। क़ाफ़िला सुबह सूरज उगने से पहले रवाना हुआ और शाम होते-होते मुल्तान के बाहरी हिस्से में स्थित एक सराय पर पहुँच गया। वह रात सराय में काटकर अगली सुबह सब मुल्तान देखने निकले। नूर मोहम्मद बहुत बार मुल्तान आ चुका था और अब इस काफ़िले का मुखिया और रहनुमा बना हुआ था। सराय से बाहर आते ही उसने मुल्तान की खासियत बताती फ़ारसी की एक जनश्रुति कही-

मुल्तान मा बा जन्नत बराबर अस्त

आहिस्ता पा वा-नाह के मलिक सज्दा मी कुनद।

किसी को कुछ समझ में नहीं आया तो उसने इसका मतलब समझाया- ‘मुल्तान आला दर्जे की जन्नत के बराबर है, आहिस्ता चलो कि फरिश्ते यहाँ सज्दा करते हैं।’ तो हम सब मुल्तान जैसी पाक जमीन पर हैं। जानते हैं, मुल्तान को पीरों और पहुँचे हुए सूफ़ी फक़ीरों के मक़बरों की धरती कहा जाता है। यह एक तारीखी शहर है और इसकी तारीख क़रीब पाँच हज़ार साल पुरानी है। इस शहर ने बहुत से हमलावरों का सामना किया है। पूरी दुनिया पर राज करने का ख़्वाब देखने वाले सिकंदर को इसी धरती ने अहसास कराया था कि दुनिया फ़ानी है। इसी शहर ने सिकंदर की मौत की कहानी लिखी थी। यह शहर सात दरवाज़ों के अंदर बसा है।” नूर मोहम्मद किसी आलिम की तरह बोल रहा था।

“अब एक बात मेरी भी सुनो-

शहर मुल्तान तख्त, जैं नई डिठा, ओ बदबख्त ।” भोजराज ने कहा।

“वाह, किससे सुना?” नूर ने पूछा।

“रहीमा मोची बता रहा था एक दिन।”

“हूँ… उसकी जानकारी भी कमाल है!” क़ाफ़िले ने कोहना का क़िला देखा;

खूनी बुर्ज देखा; शाह रुक्न-ए-आलम, बहाऊदीन जकरिया के मक़बरे देखे। दोपहर ढलने लगी थी, सबको भूख भी लग आई थी। मुल्तान में खाने-पीने की चीज़ों की कमी नहीं थी। रोटी के साथ सबने मुल्तान के मशहूर हलवे का भी जायका लिया। अब वे लोग शाह शम्सुदीन सब्ज़वारी (शाह शम्स) के मक़बरे के नजदीक पहुँच गए थे। मौसम में गर्मी थी। धूप बदन पर चुनचुना रही थी, पसीना चुहचुहाने लगा था। सबके हाथ या बदन खुजा रहे थे या पसीना पोंछने में मुब्तिला थे। नूर मोहम्मद ने अपने रूमाल से चेहरे का पसीना पोंछा और कहा, “यह गर्मी मुल्तान का तोहफा है। कहते हैं- चहार चीज़, अस्त तोहफ-ए-मुल्तान

गर्द, गर्मा, गदा व गोरिस्तान।

यानी चार चीजें मुल्तान का तोहफा है- धूल, गर्मी, फ़क़ीर और कब्रिस्तान.।”

“तुम्हारे अब्बू मुल्तान की गर्मी के बारे में एक किस्सा सुनाया करते थे, याद है तुझे ?” फ़ातिमा ने नूर मोहम्मद से पूछा।

“कौन सा किस्सा अम्मा ?”

“अभी तो सारा कुछ आलिम-फ़ाज़िल की तरह बयान कर रहा था ! इस वक्त हम जहाँ खड़े हैं, वह पहुँचे हुए सूफ़ी फ़क़ीर शाह शम्स का पाक मक़बरा है न?”

“वह तो है ही।”

“तो सुनो, (शाह शम्स जब मुल्तान आए तो उनके बदन पर जख्म थे और हाथ में मछलियाँ। उन्हें भूख लगी थी। उन्होंने मुल्तान के बाशिंदों से फ़रियाद की कि कोई उन्हें ये मछलियाँ भून दे, ताकि वे अपनी भूख मिटा सकें। मुल्तान का कोई बाशिंदा इसके लिए तैयार नहीं हुआ तो उन्होंने मछलियाँ भूनने के लिए सूरज को नीचे बुलाया। सूरज नीचे आने लगा तो हाहाकार मच गया। लोग शाह शम्स के पैरों में गिर कर रहम की भीख माँगने लगे। शाह शम्स ने सूरज को रोक दिया, लेकिन तब तक ‘सूरज थोड़ा नीचे तो आ ही चुका था। तो मुल्तान में सूरज धरती के थोड़ा ज्यादा नज़दीक है, इसीलिए यहाँ गर्मी ज्यादा होती है।”

“वाह अम्मी, मेरे लिए तो यह बिल्कुल नई जानकारी है।”

शाह शम्स के मक़बरे में सज्दा करने के बाद काफी देर तक सब लोग चनाब के किनारे पर बैठे रहे। जब वे सराय में लौटे, अँधेरा घिर आया था।

राह में तीन रातें और पड़ीं। सातवें दिन क़ाफ़िला सखी सरवर की दरगाह पेर पहुँच गया। यह जगह डेरा ग़ाज़ी खान से क्वेटा जाने वाली सड़क पर से थोड़ा हटकर थी। सुलेमान पहाड़ियों की गोद में बसी यह एक बेहद खूबसूरत जगह थी। सब तरफ फैली सघन हरियाली के बीच कहीं-कहीं नंगी चट्टानें थीं। चट्टानों के भीतर गुफाएँ थीं। बहुत बड़े-बड़े पुराने दरख्त थे। लोगों की आमदरफ्त काफ़ी होने के बावजूद लगता था कि जैसे अमन-चैन अगर कहीं है तो यहीं है। ज्ञानदेवी और फ़ातिमा जैसे ही मजार के सामने खड़ी हुईं, उन्हें बीस साल पहले की अपनी हाजिरी याद आ गई, जब उन्होंने ठीक इसी जगह पर अपने दुपट्टे बदले थे। दोनों ने मन हो मन दुआ की। उस पाक रूह से की गई दोनों की दुआ की इबारत एक जैसी ही थी। दोनों ने अपने रिश्ते को ताजिंदगी बनाए रखने की ही कामना की थी। दोनों की आँखें गीली थीं। दोनों एक-दूसरे को बाँहों में समेटे समेटे बाहर आकर कुछ देर पता नहीं ख़ामोश रहकर क्या सोचती रहीं। वह रात वहीं काटी गई। अगली सुबह वहाँ से थोड़ी दूर वे सब लोग सिंधु दरिया के किनारे खड़े थे। भोजराज ने जो किताबों में पढ़ा था, कह सुनाया, “हम उस दरिया के साथ हैं जिसके आसपास दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यता पनपी।” सबने इस कथन पर स्वयं को गर्वित महसूस किया। सबको लगा कि जैसे वे इस धरती पर सबसे पहले आने वाले और सिंधु घाटी सभ्यता को शक्ल देने वाले लोग हैं। उन्हें ही आने वाली पीढ़ियों को राह दिखानी है। क़ाफ़िला जब कोटला अली-दस्ती लौटा तो क़ाफ़िले में शामिल सभी लोग अपने आप को एक नई, अनूठी और शानदार दुनिया का बाशिंदा महसूस कर रहे थे। वे सब नए उत्साह, उमंग और उल्लास से भरे हुए थे। कई दिनों तक गाँव में लोग उनके सफरनामे को चाव से सुनते रहे।

(शेष अगली किस्त में)

—————————

Comments

Your email address will not be published.

0