डॉ रीटा अरोड़ा की लघुकथा – फिर कभी नहीं, आज ही!

 

लघुकथा

 फिर कभी नहीं, आज ही!

डॉ रीटा अरोड़ा

“माँ, इस रविवार फिर सहेलियों के साथ घूमने नहीं गईं?” बेटी ने पूछा।

“अरे बेटा, घर के इतने काम थे। फिर सबके लिए खाना भी बनाना था।”

“माँ, घर के काम कभी खत्म होते हैं क्या?”

“जिम्मेदारियाँ भी तो निभानी पड़ती हैं।”

“और अपनी खुशियाँ? उनका नंबर कब आएगा?”

माँ हँसकर बोली, “अब इस उम्र में क्या सहेलियों के साथ घूमना-फिरना, मस्ती करना अच्छा लगता है?”

बेटी ने चुटकी ली, “क्यों नहीं! आपकी सहेलियाँ भी तो आपकी ही उम्र की हैं। कोई शॉपिंग करती है, कोई घूमती है, कोई गाने गाती है। फिर आप क्यों घर में कैद हैं?”

“लोग क्या कहेंगे?”

“माँ, दूसरों की खुशी के लिए आपने पूरी उम्र लगा दी। कभी अपनी खुशी के लिए भी जीकर देखिए।”

“अब क्या बचा है बेटा, सारी उम्र तो निकल गई।”

बेटी ने मुस्कराकर कहा, “उम्र कितनी बची है, यह कौन जानता है? लेकिन आज का दिन तो आपके पास है।”

माँ कुछ देर चुप रही। फिर अलमारी से अपना पुराना पर्स निकालकर बोली, “पता नहीं, तुम्हारी मौसी और बाकी सहेलियाँ चलेंगी भी या नहीं!”

बेटी ने पूछा, “फोन करूँ?”

माँ ने मोबाइल हाथ में लिया, कुछ नंबर देखे और अचानक एक नंबर पर उँगली ठहर गई।

“सुन, पहले इसे मिलाती हूँ… देखते हैं, उधर से क्या जवाब आता है!”

~

Comments

Your email address will not be published.

0