जयपाल की कविता तमाशा दिखाता बच्चा और कूड़ा बीनती हुई बच्ची

जयपाल की कविता तमाशा दिखाता बच्चा और कूड़ा बीनती हुई बच्ची

तमाशा दिखाता बच्चा

तमाशा दिखाता है बच्चा
न साँप से डरता है न नेवले से
न बन्दर से न भालू से
न शेर से न हाथी से

रस्सी पर चलता है बच्चा
गिरने से नहीं डरता
आग में कूदता है बच्चा
जलने से नहीं डरता
हवा में उछलता है बच्चा
मरने से नहीं डरना

मालिक की तरफ देखता है बच्चा
सहम जाता है बच्चा

~

कूड़ा बीनती हुई बच्ची

कूड़ा बीनती बच्ची
गाड़ी में जुता हुआ भूखा बैल
जिस तरह देखता है घास को
तांगे को खींचता हुआ घोड़ा
जिस तरह देखता है पानी को
ढाबे पर बर्तन मांजता हुआ बच्चा
जिस तरह देखता है रोटी को
कूड़ा बीनती हुई बच्ची
उसी तरह देखती है
स्कूल जाते हुए बच्चे

~

Comments

Your email address will not be published.

0