हरियाणा प्रगतिशील लेखक संघ का राज्य सम्मेलन 30 अगस्त को कुरुक्षेत्र में
करनाल ।अखिल भारतीय प्रगतिशील लेखक संघ (प्रलेस) की हरियाणा राज्य इकाई के 30 अगस्त को कुरुक्षेत्र में पेहोवा रोड़ स्थित यादव धर्मशाला में आयोजित होने जा रहे राज्य प्रतिनिधि सम्मेलन में करनाल, पानीपत और कैथल ज़िलों से एक विशाल प्रतिनिधिमंडल अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज़ करवाएगा।
प्रलेस करनाल के अध्यक्ष जगदीश सिंह विर्क व सचिव डॉ. करनैल चंद ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर ‘हरियाणा की बहुलवादी सांस्कृतिक विरासत एवं राष्ट्रीय चेतना’ विषय पर आयोजित विमर्श के संबंध में प्रबुद्ध चिंतक एवं सेवानिवृत्त आईएएस अशोक गर्ग मुख्य वक्ता होंगे। इस सम्मेलन में प्रलेस के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सुखदेव सिंह सिरसा मुख्य अतिथि व प्रलेस पंजाब इकाई के महासचिव डॉ. कुलदीप सिंह दीप विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे।
डॉ. करनैल चंद ने बताया कि इस सम्मेलन के आयोजन की ज़िम्मेवारी का निर्वहन प्रो. गुरदेव सिंह देव, डॉ. करनैल चंद व डॉ. अतुल यादव पर आधारित एक संयोजन समिति द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन के सफ़ल आयोजन हेतु प्रलेस हरियाणा राज्य इकाई की अध्यक्ष डॉ. पाल कौर व महासचिव डॉ. हरविंदर सिंह सिरसा द्वारा प्रदेश भर में संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। सम्मेलन के दौरान आगामी तीन वर्षों के लिए नई राज्य कार्यकारिणी का गठन भी किया जाएगा।
