कैथल के गाँव काकौत में शिक्षित बेटी,सुरक्षित बेटी- विषय पर आयोजित किया गया कार्यक्रम
कैथल। ज़िला कैथल के गाँव काकौत में गाँव-वासियों द्वारा गाँव काकौत की ई-लाइब्रेरी में शिक्षित बेटी,सुरक्षित बेटी विषय पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक राजेश भारती ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गांव के सरपंच करण सिंह थे। कार्यक्रम में दयानंद कालेज हिसार के इतिहास विषय के प्रोफ़ेसर महेंद्र सिंह,हरियाणा प्रशासनिक सेवा अधिकारी डाॅ० सुभाष चंद्र और करनाल से आये शिक्षक-साहित्यकार दीपक वोहरा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।मंच संचालन राजेश भारती ने किया।
कार्यक्रम में गाँव की बालिकाओं जसमीत और अनुष्का ने बेटियों को समर्पित कवितायें सुनाईं और अपने विचार रखे।डाॅ ० सुभाष चंद्र ने बालिकाओं की शिक्षा की अहमियत की जानकारी दी और सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि वे किस प्रकार से इन सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।
दीपक वोहरा ने शिक्षा के वास्तविक अर्थ पर प्रकाश डाला। प्रोफ़ेसर महेंद्र सिंह ने राखीगढ़ी में पुरातत्व विभाग द्वारा की गई खुदाई से प्राप्त हज़ारों वर्ष पुरानी वस्तुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये वे वस्तुएं हैं जिनका हजारों साल पहले राखीगढ़ी क्षेत्र में रहने वाले प्रयोग करते थे। इन वस्तुओं में झुनझुना,गाय की मूर्ति व आभूषण आदि शामिल हैं।कार्यक्रम के दौरान इन प्राचीन वस्तुओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका उपस्थित ग्रामीणों ने उत्सुकतापूर्वक अवलोकन किया।
प्रोफ़ेसर महेंद्र सिंह ने अपनी हरियाणा के इतिहास पर आधारित पुस्तक गाँव के तीनों पुस्तकालयों को भेंट कीं। राजेश भारती ने भी अपना काव्य-संग्रह रेत पर रेखाएं अतिथिगणों को भेंट किया।
ट्रस्ट गठित करने का फैसला
कार्यक्रम के दौरान गाँव में शिक्षा,स्वास्थ्य और कला के विकास से संबंधित उद्देश्यों को लेकर एक ट्रस्ट का गठन करने का निर्णय भी लिया गया। कार्यक्रम में गाँव के पूर्व सरपंचों-रामचंद्र, नरेश,प्रेम,फौजी सुखबीर,कुलदीप,सुखबीर, सेवा सिंह, एडवोकेट हरदीप,समाजसेवी हरदीप,संजीव,अनिल एवं गाँव के तीनों पुस्तकालयों के प्रभारी सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।

