मातृ दिवस पर विशेष
हिंदू पौराणिक कथाओं की अनोखी माताओं को याद करते हुए
देवदत्त पटनायक
आज मातृ दिवस है, और मैं हिंदू पौराणिक कथाओं में मिलने वाली एक अलग तरह की माँ को याद करना चाहता हूँ।
मुझे कृप और कृपी की माँ याद आ रही है। उनका नाम जनपदी था। वह एक अप्सरा थीं, जिन्हें देखकर ऋषि शरद्वान का वीर्य ज़मीन पर गिर गया, और उससे ये दो बच्चे — एक लड़का और एक लड़की — पैदा हुए। उनमें मातृत्व का कोई भाव नहीं था, लेकिन फिर भी वे इन बच्चों के जन्म के लिए ज़िम्मेदार थीं।
ऐसी कहानियाँ शास्त्रों में बार-बार मिलती हैं। वसिष्ठ और अगस्त्य का जन्म तब हुआ जब वरुण और मित्र ने उर्वशी को देखकर अपना वीर्य गिराया। उर्वशी खुद बहुत दिलचस्प हैं। उनकी कोई माँ नहीं है। उनका जन्म नर-नारायण की “उरु”, यानी जाँघ, से हुआ। जब इंद्र ने अप्सराओं को उन्हें लुभाने के लिए भेजा, तो नर-नारायण ने कहा, “हमें बच्चे पैदा करने के लिए स्त्रियों की ज़रूरत नहीं है।” उन्होंने अपनी जाँघ पर प्रहार किया और उर्वशी को बनाया — वो जो नारायण की जाँघ में रहती है। कितनी दिलचस्प कहानी है।
या बंगाली रामायण की कहानी सोचिए, जो भगीरथ की कथा बताती है। भगीरथ का जन्म तब हुआ जब राजा दिलीप की विधवा रानियों ने एक जादुई पेय पीकर एक-दूसरे से प्रेम किया। एक बच्चा पैदा हुआ, लेकिन क्योंकि वह दो स्त्रियों के मिलन से पैदा हुआ था, उसमें हड्डियाँ नहीं थीं। तब ऋषि अष्टावक्र को बुलाया गया कि वे बच्चे को हड्डियाँ दें — और वही भगीरथ थे।
मैं शकुंतला के बारे में सोच रहा हूँ, जिनका जन्म विश्वामित्र और मेनका के मिलन से हुआ। विश्वामित्र ने उनका पालन नहीं किया। मेनका भी उन्हें छोड़कर भाग गईं, और बच्चा जंगल में पड़ा रह गया। उसका पालन किसने किया? ऋषि कण्व ने। ऋषि कण्व अकेले थे, एक अकेले ऋषि, लेकिन उन्होंने माँ की तरह काम किया। है है ना दिलचस्प बात?
तो हिंदू धर्म अलग-अलग तरह की माताओं की दिलचस्प कहानियों से भरा है। राजकुमारी पद्मावती के साथ द्रमिल नाम के एक गंधर्व ने बलात्कार किया, और उस मिलन से कंस पैदा हुआ। पद्मावती ने अपने ही बेटे को श्राप दिया कि वह उसके वैध पति के परिवार, यानी उग्रसेन के परिवार के किसी सदस्य के हाथों मारा जाएगा — और इसीलिए कृष्ण का जन्म हुआ कंस का वध करने के लिए। तो ऐसी माँएँ भी हैं जो अपने ही बच्चों को श्राप देती हैं।
फिर पूतना है, जिसके दूध में कृष्ण को मारने के लिए ज़हर था। लेकिन कृष्ण ने वह दूध पिया और उसके शरीर से प्राण ही चूस लिए। पूतना कैसी माँ है? *पूतना* शब्द का अर्थ है — वह जिसका कोई बच्चा न हो।
मैं अग्नि के बारे में सोचता हूँ — शिव का वीर्य अग्नि में, फिर वायु में, फिर गंगा में जाता है, और उससे जो बच्चा पैदा होता है, उसे कार्तिकेय कहते हैं। उनकी माताओं में, जैसा देवताओं ने तय किया, ऐसे पुरुष भी शामिल हैं जो स्त्री बन सकते हैं।
ये दिलचस्प कहानियाँ हमारे शास्त्रों में बताई गई हैं। यह हिंदू विरासत है, हिंदू ज्ञान परंपरा है।
यही हिंदू कथाओं और सनातनी (शुद्ध ब्राह्मण) कथाओं के बीच का अंतर है — यह बुद्धि पर आधारित एक व्यापक सोच और श्रेणी-क्रम पर आधारित एक संकीर्ण सोच के बीच का अंतर है। हिंदू कथाएँ मनुष्य और देवता के पूरे अनुभव को अपनाती हैं — अनोखे जन्म, असामान्य माताएँ, प्रकृति के रहस्य। दूसरी ओर, सनातनी (शुद्ध ब्राह्मण) धर्म इन कथाओं को छिपाता है, क्योंकि ये उन ब्राह्मण रक्षकों को शर्मिंदा करती हैं जो हर चीज़ को साफ-सुथरे, शुद्ध, श्रेणीबद्ध ढाँचे में फिट करना चाहते हैं। लेकिन जिनके पास आत्मज्ञान है, जो आत्मा को समझते हैं, वे प्रकृति के रहस्यों से शर्मिंदा नहीं होते। वे जानते हैं कि बुद्धि व्यापक होती है, और संकीर्णता केवल श्रेणी-क्रम में होती है। देवदत्त पटनायक के फेसबुक वॉल से साभार
लेखक के अपने विचार हैं।

लेखक – देवदत्त पटनायक
