मेरठ में टाइगर और कृष्णा श्रॉफ का MMA Matrix Gym शुरू
कैंट विधायक ने शुभारंभ किया, मार्शल आर्ट्स केज की सुविधा मिलेगी
मेरठ। बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ और कृष्णा श्रॉफ से जुड़े फिटनेस ब्रांड MMA Matrix Gym का सोमवार को मेरठ में शुभारंभ हुआ। सिविल लाइंस स्थित टाउनहाउस-5 में खुले जिम का उद्घाटन मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने रिबन काटकर किया। उद्घाटन के दौरान विधायक ने जिम की अलग-अलग मशीनों पर एक्सरसाइज भी की और वहां मौजूद फिटनेस सुविधाओं का जायजा लिया। कार्यक्रम में अंकित अग्रवाल और जतिन बिंद्रा की ओर से भी सहयोग रहा।
जिम में आधुनिक फिटनेस के लिए कई तरह की मशीनें और इक्विपमेंट लगाए गए हैं। यहां MMA ट्रेनिंग के साथ स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग की सुविधा मिलेगी। जिम में मार्शल आर्ट्स ट्रेनिंग के लिए अलग केज भी बनाया गया है। इसके अलावा अलग-अलग वर्कआउट के लिए कई आधुनिक मशीनें और फिटनेस इक्विपमेंट उपलब्ध हैं। जिम की फ्रेंचाइजी ओनर कविता पंवार और उनके पुत्र देवेश पंवार ने बताया कि मेरठ में अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध कराना उनका उद्देश्य है। सदस्यों को सर्टिफाइड और प्रशिक्षित ट्रेनर्स की देखरेख में फिटनेस गाइडेंस दी जाएगी। जिम में फिटनेस मैनेजर विक्रम सिंह और हेड ट्रेनर अभिषेक चंदेल की टीम जिम्मेदारी संभालेगी।
आज की लाइफस्टाइल में जिम जरूरी: अमित अग्रवाल
उद्घाटन के दौरान कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि आज के समय में युवाओं का फिटनेस और जिम की तरफ आकर्षण बढ़ा है। पहले लोग रोजमर्रा के काम के लिए साइकिल चलाते थे और घरों में चक्की पीसने जैसे काम होते थे, जिससे शरीर की कसरत अपने आप हो जाती थी। अब मशीनों और बदलती लाइफस्टाइल के कारण शारीरिक गतिविधियां कम हुई हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग दिनभर दौड़-भाग या शारीरिक काम करते हैं, उनके लिए अलग से जिम जाना जरूरी नहीं हो सकता, लेकिन जिनकी दिनचर्या में शारीरिक गतिविधि कम है, उनके लिए जिम उपयोगी है। काम शुरू होने से पहले या काम खत्म होने के बाद एक्सरसाइज करने से शरीर को सक्रिय और स्वस्थ बनाए रखने में मदद मिल सकती है। जिम का संचालन सिविल लाइंस में कारीगिरी रेस्टोरेंट के ऊपर, राजलोक, टाउनहाउस-5 में शुरू किया गया है।
