जयपाल की तीन कविताएं

जयपाल की तीन कविताएं

धनी राम का तोता-1

 

बरामदे में रखा है एक पिंजरा

पिंजरे में बंद है एक तोता

तोता सारा दिन राम-राम बोलता रहता है

धनी राम की मां भी राम नाम की माला फेरती है

दोनों बेटे भी राम-राम रटते रहते हैं

पोते भी राम-राम की गेम खेलते हैं

 

तोते को समझ नहीं आ रहा

यहां कितने पिंजरे हैं और कितने तोते !

 

 धनी राम का तोता-2

 

धनी राम ने अब जोर-जोर से

जय श्रीराम बोलना शुरू कर दिया है

धनी राम की मां भी जय श्रीराम की माला ले आई है

बेटे जय श्रीराम के नारे लगाने लगे हैं

पोते जय श्रीराम की बंदूक ले आए हैं

तोता आज मौन है !

—-

 उसने कहा

 

उसने कहा हमारी संस्कृति

हम अचानक सुसंस्कृत दिखने लगे

फिर उसने कहा हमारा धर्म

हम धार्मिक चोले में विचरने लगे

इसके बाद वह बोला हमारा राष्ट्र

हमें सीमाओं की चिंता होने लगी

फिर उसने कहा-हम हैं सर्वश्रेष्ठ

हम दूसरों पर शक करने लगे

अंत में उसने कहा हम हैं राजा

हमें बहुत अच्छा लगा

Comments

Your email address will not be published.

0