छोटे लम्हे, बड़ी सीख

सामाजिक बदलाव

छोटे लम्हे, बड़ी सीख (3)

डॉ रीटा अरोड़ा

 

1. पुराना चश्मा

एक बुज़ुर्ग महिला बार-बार कहती थीं कि उनका चश्मा ठीक नहीं है। डॉक्टर के पास ले जाने पर पता चला चश्मा सही था-वो बस बेटे के साथ समय बिताना चाहती थीं।

सीख: शिकायतें अक्सर ध्यान पाने का तरीका होती हैं।

2. छोटा किया गया कमरा

एक दंपत्ति ने गेस्ट रूम को जिम बना दिया और दादा को सोफे पर सुला दिया। बच्चे ने पूछा—“जब आप बूढ़े होंगे, आपको कहां रखूंगा?”

सीख: बच्चे देखकर सीखते हैं।

3.खामोशी की ताकत

50 साल शादीशुदा जोड़े से राज पूछा गया-उन्होंने कहा, “हम कभी एक साथ गुस्सा नहीं होते।”

सीख: बहस रोकने के लिए एक का शांत रहना काफी है।

 4. असमान टुकड़ा

माँ ने पड़ोसी के बच्चे को बड़ा केक दिया, अपने बच्चे को छोटा। बच्चा मुस्कुराया—क्योंकि उसे माँ का दिल पता था।

सीख: देने की आदत घर से शुरू होती है।

5. खाली डाइनिंग टेबल

बहू ने सास-ससुर के लिए खाना कमरे में ही भिजवा दिया ताकि वे “प्राइवेसी” में खा सकें। बुज़ुर्गों को प्राइवेसी नहीं, परिवार का शोर चाहिए था।

सीख: अकेलेपन को प्राइवेसी का नाम मत दीजिए।

6. खाली टिफिन

पिता रोज़ काम पर खाली टिफिन लेकर जाते थे ताकि बच्चों को स्कूल की फीस के लिए पैसे कम न पड़ें। शाम को घर आकर कहते, “आज खाना बहुत स्वादिष्ट था।”

सीख: त्याग अक्सर खामोश होता है।