लघुकथा
“पहला फोन कौन करे?” – एक अधूरी दोस्ती
डॉ रीटा अरोड़ा
दीपावली की शाम थी। घर में दीये जल रहे थे।
रमेश पुराने दोस्तों की तस्वीरें देख रहा था।
पत्नी ने पूछा-“क्या देख रहे हो?”
“बस… सुरेश की याद आ गई। कभी रोज़ मिलते थे। दो साल से बात तक नहीं हुई।”
“तो फोन कर लो।”
“मैं ही क्यों? उसने भी तो कभी याद नहीं किया!”
पत्नी मुस्कुराई-“रिश्तों में भी क्या हिसाब रखा जाता है?”
रमेश चुप हो गया।
तभी फोन बजा।
“रमेश! पहचान कौन?”
“अरे सुरेश! कहाँ मर गया था यार?”
“तेरे घर के बाहर हूँ। दरवाज़ा तो खोल!”
रमेश दौड़कर बाहर आया।
सामने सुरेश व्हीलचेयर पर बैठा था।
“ये… ये क्या हुआ?”
सुरेश मुस्कुराया-“दो साल पहले एक्सीडेंट हुआ था। दोनों पैर चले गए।”
रमेश की आँखें भर आईं।
“तूने बताया क्यों नहीं?”
सुरेश ने उसका हाथ पकड़ लिया-
“मैं तो चलकर नहीं आ सकता था दोस्त… पर तू तो फोन कर सकता था!”
रमेश घुटनों के बल बैठ गया और दोस्त से लिपटकर रो पड़ा।
“माफ़ कर दे यार… मैं तेरे फोन का इंतज़ार करता रहा।”
सुरेश ने आँसू पोंछते हुए कहा-
“और मैं सोचता रहा… शायद मेरा दोस्त बहुत व्यस्त होगा।”
अंदर से पत्नी की आवाज़ आई-“दीये जल गए हैं, अब अंदर भी आ जाइए!”
रमेश ने सुरेश की व्हीलचेयर आगे बढ़ाई।
दरवाज़े पर पहुँचकर सुरेश हँसते हुए बोला-
“अगली दिवाली मेरे घर आना!”
रमेश ने पूछा-“और अगर मैं फोन करना भूल गया?”
सुरेश मुस्कुराया-
“तो इस बार मैं कर दूँगा… दोस्ती में पहला फोन किसने किया, इससे क्या फर्क पड़ता है!”
~
