लघुकथा
लाइजनिंग का कमाल!
डॉ. रीटा अरोड़ा
“तुम्हारी फाइल अभी तक वहीं पड़ी है?” विनय ने राजीव से पूछा।
“हाँ! सारे दस्तावेज पूरे हैं, नियमों के मुताबिक आवेदन भी किया है। अब कहते हैं, अगली बैठक में विचार होगा।”
विनय मुस्कुराया, “मैंने तो कल ही अपना काम करवा लिया।”
“इतनी जल्दी? कोई विशेष प्रक्रिया अपनाई?”
“प्रक्रिया वही थी, बस संबंधित अधिकारियों से बात कर ली। एसोसिएशन के दो पदाधिकारियों से भी संपर्क साध लिया।”
राजीव ने हैरानी से पूछा, “लेकिन नियम तो दोनों के लिए समान हैं!”
“बिल्कुल! मगर नियम बताते हैं कि काम कैसे होना चाहिए और लाइजनिंग बताती है कि काम कैसे और कब हो सकता है।”
“मतलब तुमने फाइल आगे बढ़वाई और मैं नियमों के जवाब का इंतजार करता रहा!”
विनय हँसते हुए बोला, “भाई, आजकल सिर्फ पात्र होना काफी नहीं, अपनी बात सही जगह पहुँचाना भी जरूरी है।”
राजीव ने मुस्कुराकर कहा, “अब समझ आया… कुछ लोग फाइलों पर काम करते हैं और कुछ लोगों के संपर्क फाइलों पर!”
~
