मुनेश त्यागी की कविता – सुर सबके मिलने दे

कविता

सुर सबके मिलने दे

मुनेश त्यागी

 

अभी तो यह भीड़ है
जुलूस इसे बनने दे,
जड़ तो हिली है आज
नींव इसकी हिलने दे।

कलमों को तोड़ दिया
कैमरों को छीन लिया,
जंजीर हो या बेड़ियां
पर होठ मत सिलने दे।

गांधी, नेहरू, अंबेडकर
भगत, सुभाष कह गए,
समता और भाईचारे के
फूल फिर से खिलने दे।

एक हो, बंटवारा रोक
दुश्मन की पहचान कर
आवाज और रफ्तार बढ़ा
सुर सबके ही मिलने दे।

तूफान हो या आंधियां
तोप हों या हों गोलियां,
सिर जोड़ कदम मिला
मुट्ठियों को भिंचने दे।

अभी तो यह भीड़ है
जुलूस इसे बनने दे,
जड़ तो हिली है आज
नींव इसकी हिलने दे।

Comments

Your email address will not be published.

0