पंडित देव नारायण पांडेय और जय बहादुर सिंह न शायर थे, न लेखक; वे उर्दू के दीवाने थे
मोहम्मद उस्मान जमाई
लंबे समय से मैं अपने कंधों पर दो अर्थियों का बोझ उठाए हुए हूँ। न तो मैं उन्हें अग्नि के हवाले कर पाया हूँ और न ही स्वार्थवश इतना साहस जुटा सका हूँ कि इस बोझ को अपने कंधों से उतार फेंकूँ। ये अर्थियाँ पंडित देव नारायण पांडेय और जय बहादुर सिंह की हैं।
इन दोनों व्यक्तियों से मेरा न कोई धार्मिक संबंध है और न ही ज़मीन-जायदाद या क्षेत्रीय जुड़ाव। इनके साथ मेरा जो रिश्ता है, वह मेरी प्यारी मातृभाषा उर्दू के माध्यम से है। उर्दू ही मेरी अभिव्यक्ति का माध्यम, मेरी रोज़ी-रोटी और मेरी पहचान है। ये दोनों उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने इस भाषा से बेपनाह मोहब्बत की, इसके लिए संघर्ष किया और इसी संघर्ष में उर्दू के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
मैंने पंडित देव नारायण पांडेय और जय बहादुर सिंह के बारे में कई वर्ष पहले पढ़ा था। इसके बाद मैंने जानने की कोशिश की कि ये दोनों व्यक्ति कौन थे, इनके आंदोलन का स्वरूप क्या था, इनकी पृष्ठभूमि क्या थी और इन्होंने किस प्रकार संघर्ष किया। इस खोज के दौरान मुझे जो जानकारी मिली, उसे यहाँ प्रस्तुत कर रहा हूँ।
पंडित देव नारायण पांडेय और जय बहादुर सिंह न तो शायर थे और न ही लेखक। वे उर्दू के दीवाने थे। उस उर्दू के, जो दिलों को मोह लेती है; जो जोश, धार और जीवन्तता से भरपूर भाषा है; जो अरबी और फ़ारसी के लिबास तथा पगड़ी पहनती है, मगर अरबीकरण और फ़ारसीकरण के प्रभाव से परे आम जनजीवन में बोली जाती है। वह ऐसी उर्दू है, जो उन लोगों की हिंदी से भी अलग है, जो शब्दों के नुक्ते हटाकर उनमें तिलक लगाने और भाषा को संस्कृत के अक्षरों की धर्मशाला बनाने पर आमादा हैं।
यह वही उर्दू है, जो गलियों, चौराहों, घरों, बैठकखानों और मंचों पर बोली जाती है। हज़ार कोशिशों के बावजूद आज भी हिंदी नाम से बनने वाली फिल्मों के संवादों और गीतों में अपना रंग बनाए हुए है।
उर्दू के ये दोनों प्रेमी ‘उर्दू मुहाफ़िज़ दस्ता’ नामक संगठन के सक्रिय कार्यकर्ता थे। इस संगठन ने उत्तर प्रदेश तथा अन्य राज्यों में उर्दू को दूसरी राजभाषा का दर्जा दिलाने के लिए व्यापक आंदोलन चलाया और इस मांग को लेकर भूख हड़तालें भी आयोजित कीं।
यह वह दौर था, जब भारत को स्वतंत्र हुए अधिक समय नहीं हुआ था। विभाजन और पाकिस्तान के निर्माण के बाद मुसलमानों के प्रति शत्रुता तथा उर्दू के प्रति दूरी और विरोध का माहौल चरम पर था। उस समय भारत की राष्ट्रीय भाषाओं को लेकर भी बहस जारी थी।
पंडित देव नारायण पांडेय ने इसी आंदोलन के तहत एक भूख हड़ताल में भाग लिया। उन्होंने 20 मार्च 1967 को कानपुर में कलेक्टर कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल शुरू की। वहीं जय बहादुर सिंह उस समूह का हिस्सा थे, जिसने लखनऊ में उत्तर प्रदेश विधानसभा के सामने धरना दिया और उर्दू के समर्थन में भूख हड़ताल की।
उर्दू के लिए भूख हड़ताल करते हुए पंडित पांडेय का 31 मार्च 1967 को निधन हो गया। जय बहादुर सिंह भी उर्दू के समर्थन में धरने और भूख हड़ताल में शामिल थे। कुछ दिनों बाद उनका भी निधन हो गया।
(अनुवादक की टिप्पणी: जय बहादुर सिंह का निधन 9 अगस्त 1967 को दिल्ली में हृदय संबंधी बीमारी के कारण हुआ था। समकालीन विवरणों के अनुसार, उन्हें पहले से ही हृदय की गंभीर समस्या थी। चिकित्सकीय सलाह के बावजूद वे उर्दू आंदोलन में भाग लेने के लिए लखनऊ गए और उत्तर प्रदेश विधानसभा के बाहर धरने में शामिल हुए। दिल्ली लौटने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई और 9 अगस्त की सुबह उनका निधन हो गया।)
इस प्रकार उर्दू के इन दोनों प्रेमियों ने साबित कर दिया कि उर्दू केवल मुसलमानों की भाषा नहीं है। यह भारत की मिट्टी में जन्मी, पली-बढ़ी और विकसित हुई भाषा है। भारतीय उपमहाद्वीप के विशाल भूभाग में रहने वाले करोड़ों लोगों की यह साझा सांस्कृतिक विरासत है।
कई वर्ष बाद पंडित देव नारायण पांडेय की पुण्यतिथि पर एक अभियान शुरू किया गया, जिसमें मांग की गई कि इन दोनों उर्दू के शहीदों की स्मृति में 31 मार्च को उर्दू दिवस के रूप में मनाया जाए।
इस अभियान का नेतृत्व जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के उर्दू के प्रोफेसर अनवर आलम पाशा ने किया।
इन दोनों हिंदू व्यक्तियों, जिन्होंने भाषा के प्रति प्रेम के कारण अपने प्राण न्योछावर कर दिए, के बलिदान को उर्दू दिवस के साथ जोड़ने का उद्देश्य आम भारतीयों तक यह संदेश पहुंचाना था कि उर्दू किसी विशेष धर्म की भाषा नहीं है और न ही यह विदेशी भाषा है। बल्कि यह भारत में जन्मी और विकसित हुई भाषा है तथा हिंदू-मुस्लिम साझा संस्कृति की सबसे खूबसूरत देन में से एक है।
दुर्भाग्यवश, यह अभियान सफल नहीं हो सका।
भारत में 31 मार्च को उर्दू दिवस घोषित करने की मांग की अनदेखी, इन दोनों उर्दू प्रेमियों के बलिदान के प्रति सरकारी उपेक्षा और उन्हें आधिकारिक तौर पर याद न किया जाना, शायद देश में हिंदुत्व के बढ़ते प्रभाव तथा भेदभावपूर्ण नीतियों के संदर्भ में समझा जा सकता है।
लेकिन सवाल यह है कि उर्दू से मोहब्बत का दावा करने वाले, इसे गर्व से अपनी मातृभाषा कहने वाले और उर्दू के लेखक, शायर तथा शोधकर्ता स्वयं इन दोनों व्यक्तियों को कैसे भूल गए?
क्या पंडित देव नारायण पांडेय और जय बहादुर सिंह का बलिदान इतना साधारण था कि उसे कोई महत्व ही नहीं दिया गया? क्या एक भाषा के लिए भूख हड़ताल करके अपनी जान गंवा देने की घटना इतनी मामूली थी कि उस पर चर्चा तक न हो?
क्या उर्दू के इतिहास की यह अनूठी घटना और इस क्षेत्र के करोड़ों लोगों तथा देश की साझा भाषा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले इन दोनों ‘उर्दू प्रेमियों’ को इस प्रकार की उपेक्षा, विस्मृति और बेरहम व्यवहार का पात्र होना चाहिए?
मैंने इन दोनों व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाने के प्रयास शुरू किए। जब सफलता नहीं मिली तो निराश होकर प्रयास छोड़ दिया। कई वर्षों बाद यह विचार फिर मन में आया और मैंने दोबारा खोज शुरू की।
मैंने अपने कंप्यूटर में तलाश की और बहुत प्रयास के बाद इस विषय पर कई वर्ष पहले बनाया गया एक फोल्डर मिला। मैंने उसमें मौजूद सामग्री फिर से देखी। जब कोई जानकारी नहीं मिली तो मैंने गूगल की सहायता ली।
काफी कठिनाई के बाद वहाँ भी मुझे उतनी ही जानकारी मिल सकी, जितनी इस लेख में प्रस्तुत कर पाया हूँ।
यहाँ तक कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) ने भी इस विषय पर आश्चर्य व्यक्त किया और अंततः यह कहकर असमर्थता जताई कि इन दोनों व्यक्तित्वों की निजी पृष्ठभूमि, जीवन और गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है।
गूगल से निराश होकर मैंने व्हाट्सऐप के समूह ‘बज़्म-ए-ज़बान फ़हमी’ का सहारा लिया। इस समूह में बड़ी संख्या में उर्दू भाषा, साहित्य और इतिहास के जानकार शायर, लेखक तथा शोधकर्ता जुड़े हुए हैं। इनमें भारतीय उपमहाद्वीप ही नहीं, बल्कि उन अन्य देशों के विद्वान भी शामिल हैं जहाँ उर्दू पढ़ी और बोली जाती है।
लेकिन वहाँ भी पंडित देव नारायण पांडेय, जय बहादुर सिंह अथवा उर्दू मुहाफ़िज़ दस्ते के बारे में मेरी जानकारी में कोई वृद्धि नहीं हो सकी।
मैंने उर्दू के इतिहास पर गहरी नज़र रखने वाले कुछ मित्रों से भी संपर्क किया, लेकिन एक बार फिर निराशा ही हाथ लगी।
ऐसा प्रतीत हुआ मानो—
“यह धरती पर रहने वालों का ख़ून था, जिसकी ख़ाक ही उसका निवाला बन गई।”
इससे पहले कि मैं पूरी शर्मिंदगी और पश्चाताप के साथ इन दोनों उर्दू प्रेमियों के सामने हाथ जोड़कर कह दूँ कि अब बहुत हुआ, हमें समझिए कि हम आपको भूल चुके हैं—
मैं विशेष रूप से भारत के उर्दू प्रेमी विद्वानों और शोधकर्ताओं से अपील करता हूँ कि वे इस विषय पर शोध करें और पंडित देव नारायण पांडेय, जय बहादुर सिंह, उर्दू मुहाफ़िज़ दस्ता तथा उस आंदोलन के बारे में तथ्य सामने लाएँ, जिसने भाषा के प्रति अत्यंत कठिन परिस्थितियों और विरोध के माहौल में उर्दू का झंडा बुलंद किया।
यह वह आंदोलन था, जिसने उर्दू के लिए संघर्ष किया और जिसके लिए इन दोनों व्यक्तियों ने अंततः अपने प्राणों की आहुति दे दी।
अंग्रेजी से अनुवाद – मनजीत सिंह, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र
