जसवीर त्यागी की तीन कविताएं
बच्चे का घर
÷÷÷÷÷÷÷÷
बच्चा नन्हें हाथों से
गीली मिट्टी समेट
पाँव पर थापकर बनाता है
रेत का छोटा-सा घर
चोटी पर लगाता है
सरकंडे का पंख
ताली बजा-बजा हँसता है
लहरें तेज गति से आकर
बहा ले जाती हैं
उसका रेत का घर
बच्चा एकटक देखता है
मिट्टी और पानी का खेल
फिर बनाता है,वैसा ही घर
कुछ देर बाद लहरें
दोबारा बहा ले जाती है घर
बच्चा खड़ा है शांत
एकटक देखता है लगातार
दूर-दूर तक फैला समुद्र
अगली बार उतने ही चाव से
नन्हें हाथों से मिट्टी समेटता है
सरकंडे का पंख लगाता है
बच्चा हर बार
एक नया घर बनाता है।
■
मैं लौटना चाहूँगा
÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷
दरवाजे बंद हो रहे हैं
दरवाजे लगातार बंद हो रहे हैं
एक गति से
तेज आँधी ने भर दी है
इंसान की आँखों में धोखे की धूल
मैं जिस भी दरवाजे पर जाता हूँ
कपकपाएं हाथों से
खटखटाता हूँ दरवाजा
लेकिन! कहीं कोई आवाज़ नहीं
कहीं कोई हलचल नहीं
मुझे लगता है
मैं इंसान की देहली पर नहीं
किसी प्राचीन खंडहर में खड़ा हूँ
मेरे ह्रदय के
किसी अज्ञात कोने से आती है आवाज़
दुनिया के सब दरवाजे
जब बंद हो जाएंगे
तब भी खुला होगा
तुम्हारा दरवाजा मेरे लिए
उस वक़्त मैं
तुम्हारे दरवाजे की ओर
लौटना चाहूँगा।
■
सन्नाटा और संगीत
÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷
कभी सन्नाटा बाहर होता है
हम उसे अंदर टटोलते हैं
और कभी
सन्नाटा हमारे अंदर होता है
हम उसे बाहर खोजते हैं
जब हम
बाहर और भीतर के सन्नाटे की
शिनाख़्त करना सीख जाते हैं
फिर हम सन्नाटे से निकलकर
संगीत की ओर उन्मुख हो जाते हैं।
■
