मंजुल भारद्वाज की कविता – बहुत दूर!

 

कविता

बहुत दूर!

– मंजुल भारद्वाज

ऐसा लगता है
जैसे मैं
बहुत दूर चला आया हूं
रेंगते हुए जिस्मों से
जिसे हम दुनिया कहते हैं!

रीढ़ होते हुए
उसे व्यवहार के
हर मोड़ पर तोड़ते हुए
सफ़लता का ताज पहने
रेंगते जिस्मों से
बहुत दूर निकल
आया हूं मैं!

जीवन में
हर रेंगता हुआ जिस्म
समझदार है
सुख भोग रहा है
वो समझौता करने में माहिर है
सत्ता से
व्यवस्था से
रिश्तों से
समाज से
ऐसे सफ़ल गिरोह से
बहुत दूर निकल आया हूं मैं!

समाजवाद,लोकतंत्र
न्याय, नीति ,शांति
समता की दुकानों में
बिकने से दूर निकल आया हूं मैं!

झूठ का जयकारा
लगाने वाले देश में
सत्य खोजते हुए
अपनी आहुति देता हुआ
अपनी आग में जलते हुए
समंदर से कहीं दूर
सत्य के सहराओं में
कहीं दूर निकल आया हूं मैं!

पता नहीं
कौन,कब ,कहां
इन सत्य के बीहड़ों में
मुझ तक पहुंच पाएगा
उम्मीद
यह शब्द भ्रम है
भ्रम से दूर
कहीं अनजान डगर पर
दूर निकल आया हूं मैं!

Comments

Your email address will not be published.

0