लघुकथा
“जी आया नूं” — अब सिर्फ़ कहने की बात रह गई?
डॉ रीटा अरोड़ा
पार्क की बेंच पर बैठे हरबंस सिंह ने उदास स्वर में कहा-
“मोहन भाई, याद है, पहले पंजाब में किसी के घर पहुँचते ही आवाज़ आती थी-‘जी आया नूं!’ जैसे हमारे आने से घर में रौनक आ गई हो।”
मोहनलाल मुस्कुराए-“हाँ भाई! न फोन, न इजाज़त। बस पहुँच जाते थे। और लौटते समय घरवाले कहते-थोड़ी देर और बैठो!”
हरबंस सिंह ने गहरी साँस ली।
“कल बेटे से कहा, रविवार को मिलने आ जाएँ?”
“फिर?”
“बोला-पापा, पहले बता दिया करो। बच्चों की क्लास है, हमारे भी कुछ प्लान हैं।”
मोहनलाल बोले-“गलत भी क्या कहा? आज दोनों नौकरी करते हैं। ज़िंदगी की भागदौड़ पहले जैसी कहाँ रही!”
“सही कहते हो दोस्त। उनकी मजबूरियाँ समझता हूँ। बस कभी-कभी लगता है, जिन बच्चों के लिए हम अपना हर काम छोड़ देते थे, आज उनसे मिलने के लिए समय माँगना पड़ता है।”
“हरबंस भाई, शायद प्यार कम नहीं हुआ, बस उसे जताने का तरीका बदल गया है।”
तभी हरबंस सिंह का फोन बजा।
बेटे का संदेश था-
“पापा, रविवार को आ जाना। बच्चों को भी दादा-दादी की याद आ रही है।”
हरबंस सिंह के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।
फिर दूसरा संदेश आया-
“बस शाम छह बजे तक निकल जाना, हमें कहीं जाना है।”
मुस्कान धीरे-धीरे फीकी पड़ गई।
मोहनलाल कुछ कहना चाहते थे, पर चुप रहे।
दोनों उठकर चलने लगे।
सामने एक घर के दरवाज़े पर बड़े सुंदर अक्षरों में लिखा था-
“जी आया नूं! ”
हरबंस सिंह ठिठके और धीमे से बोले-
“मोहन भाई, पहले लोग पूछा करते थे-इतनी जल्दी क्यों जा रहे हो? आज पूछते हैं—कब तक रुकोगे?”
मोहनलाल ने उनका हाथ थाम लिया।
दोनों चुपचाप आगे बढ़ गए।
पीछे दरवाज़े पर अब भी लिखा था- “जी आया नूं!”
