जसवीर त्यागी की सात कविताएं

जसवीर त्यागी की सात कविताएं

याद-चिट्ठी

÷÷÷÷÷÷

कई बार काम ज्यादा
फुर्सत कम होती है

ज्यादा काम
और कम फुर्सत के बीच
उसकी याद आती है

ज्यों दूर-दराज के देहात में
बेरोजगार के पास
नौकरी मिलने की
कोई चिट्ठी आती है।

●

अच्छे लोग

÷÷÷÷÷÷÷

कुछ लोग बहुत अच्छे होते हैं
समय पर अपना काम करते हैं

वे इतने अच्छे होते हैं
समय-पड़ने पर
दूसरों का भी काम तमाम करते हैं

वे प्रातः नहा-धोकर
अपने कर्तव्य-कर्म को निभाने के लिए
निकल पड़ते हैं मानव-कल्याण पथ पर

वे अपने ज़रूरी सामानों में
याद से रखते हैं नीम्बू

जो आलतू-फालतू
और जलालतू संकटों को हरता है
और स्वास्थ्य-वर्धक भी है

वे अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ
समाज के स्वास्थ्य की भी चिन्ता करते हैं

वे जानते हैं
कर्तव्य-मार्ग पर चलने के लिए
स्वस्थ होना ज़रूरी है

नीम्बू के फायदे हैं अनेक
ज़रूरत पड़ने पर
दूध को फाड़ने में भी है मददगार
और पनीर बनाने की विधि में सहायक है

समझदार लोग सब्जी खरीदते समय
नीम्बू खरीदना नहीं भूलते।

■

आप भी मेरे जैसे हैं

÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷

उसने कहा-
आप भी मेरे जैसे हैं

वह स्त्री
और मैं पुरुष

अगर किसी पुरुष को
स्त्री अपने जैसा कहे

यह पुरुष कि नहीं
स्त्री की महानता है।

■

गुम हुई चीजों की स्मृति

÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷

जीवन में
समय-समय पर
बहुत कुछ गुम होता है

गुम हुई चीजों की स्मृति
ध्यान के द्वार पर खड़ी हो
संवेदनाओं की साँकल खटखटाती है

गुम हुई चीजें
दोबारा मिलती नहीं
कभी-कभी मिल भी जाती हैं

लेकिन!उस रूप में नहीं
जिस रूप में गुम हुई थीं
उनका आकार-प्रकार
भाव-स्वभाव बदल चुका होता है

हमारा अंतर्मन
बदले रूप को स्वीकार नहीं कर पाता
हम गुम हुई चीजों की स्मृति में जीते हैं।

■

बनाने वाला बड़ा होता है

÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷

साप्ताहिक बाज़ार में
सब्जी खरीदती
एक महिला बोली-
भैया बहुत महँगी है सब्जी
कोई खाये भी तो क्या खाये?

बगल खड़ी दूसरी महिला ने
पहली महिला के कथन पर
अपने समर्थन की मोहर लगायी

वे साधारण घर-परिवार की
कर्मठ महिलाएँ थीं
सभी के मतदान से बनती है सरकार

सरकार को भी बनने के बाद
बनाने वालों को भूलना नहीं चाहिए

बनने वाले से
बनाने वाला बड़ा होता है

जो भूल जाता है
उसको कोई याद नहीं रखता।

■

खुशियों की खुशबू

===========

सुबह-सुबह
एक अनमोल दृश्य देखा

बारात सज रही थी
बारातियों के चेहरों पर
उमंग और उत्साह की लहरें उफान पर थीं

उनकी बातचीत के मैदान में
मस्ती भरे शब्द खेल रहे थे

रंग-बिरंगी पोशाकों की पतंग
उड़ रही थीं आत्मीयता के आसमान में

बहुत सारी ग्रामीण स्त्रियाँ
दूल्हे को घेरे कोई लोकगीत गा रही थीं

गीत के बोल
खुशियों की खुशबू से महक रहे थे
स्वर में मिश्री-सी मिठास थी

दूल्हे के चेहरे पर
ताजा खिले पुष्प-सी पवित्रता और चमक थी

दुनिया की तमाम अनमोल इच्छाओं में
किसी अपने को
दूल्हे रूप में देखना भी शुमार है

कभी-कभी कोई सुबह
मीठे दूधिया रसीले सिंघाड़े-सी होती है।

●

जीवन में कविता

÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷

चाहता हूँ
जीवन में
बची रहे कविता

कविता में
बचा रहे जीवन

इस तरह
दोनों के बचे रहने में
बची रहे यह दुनिया।

■

Comments

Your email address will not be published.

0