राहुल, प्रियंका गांधी समेत इंडिया गठबंधन के नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया, दो घंटे बाद छोड़ा

राहुल, प्रियंका गांधी समेत इंडिया गठबंधन के नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया, दो घंटे बाद छोड़ा

  • सीईसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर इंडिया ब्लाक के सांसदों ने नौ घंटे आकाशवाणी परिसर के बाह दिया धरना

नई दिल्ली। एसआईआर के खिलाफ मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलने जा रहे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत विपक्षी इंडिया गठबंधन के तमाम सांसद मंगलवार को करीब नौ घंटे आकाशवाणी भवन के सामने धरने पर बैठे। लेकिन देर शाम इन नेताओं को पुलिस ने परिसर खाली करने को कहा और जब आंदोलनकारी सांसदों ने रात में धरना जारी रखने का ऐलान कर दिया तो पुलिस ने राहुल और प्रियंका समेत आंदोलनकारियों को हिरासत में ले लिया और आकाशवाणी के पिछले दरवाजे से किंग्सवे कैंप पुलिस लाइन ले गई। दो घंटे हिरासत में रखने के बाद देर रात सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया।

मंगलवार को सुबह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और विपक्ष के दूसरे सांसद संसद मार्ग के पास आकाशवाणी भवन और नीति आयोग कार्यालय के आसपास जमा हुए थे। वे चुनाव आयोग की ओर मार्च करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद नेताओं और अन्य प्रदर्शनकारियों ने आकाशवाणी भवन के सामने ही बैठकर विरोध शुरू कर दिया। विपक्षी दलों का यह प्रदर्शन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमारके इस्तीफे और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर है. विपक्षी नेता चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूचियों को लेकर अपनी आपत्तियां उठा रहे हैं।

 

पुलिस ने पहले ही साफ कर दिया था कि आकाशवाणी भवन के पास प्रदर्शन को रातभर जारी रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रदर्शनकारियों से परिसर खाली करने को कहा गया। पुलिस ने यह भी कहा कि जो लोग वहां से नहीं हटेंगे, उन्हें हिरासत में लिया जाएगा।

वड़िंग भी राहुल के साथ दिखे

इसी दौरान पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी राहुल गांधी के साथ नजर आए। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से धरना खत्म करने और वहां से हटने को कहा। कांग्रेस ने इससे पहले आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस प्रदर्शन स्थल से राहुल गांधी और विपक्ष के दूसरे सांसदों को हिरासत में लेने की कोशिश कर रही है।
रिहाई के बाद कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा, बवाल तो अब शुरू हुआ है।ज्ञानेश कुमार पछताएगा कि आज मिला क्यूं नहीं…आगे आगे देखिए क्या होता है।

50 सांसदों समेत 250 लोगों को हिरासत में लेने का दावा

इंडिया टीवी की रिपोर्ट में कहा गया है कि दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत करीब 50 सांसद और लगभग 250 लोगों को हिरासत में लिया।

दिल्ली पुलिस का बयान

“राहुल गांधी ने आकाशवाणी परिसर से बाहर जाने से इनकार कर दिया और कहा कि जब तक सांसदों के प्रतिनिधिमंडल को निर्वाचन आयोग (ECI) से मिलने के लिए समय नहीं दिया जाता, तब तक वे वहां से नहीं जाएंगे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस को प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने की कार्रवाई करनी पड़ी। इस कार्रवाई के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित अन्य प्रदर्शनकारियों को भी परिसर से हटाया गया और आवश्यकतानुसार निरुद्ध किया गया। कार्रवाई कानून के अनुसार की गई तथा इस दौरान कानून-व्यवस्था एवं सार्वजनिक सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई। दिल्ली पुलिस द्वारा क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की व्यवस्था की गई है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सभी संबंधित व्यक्तियों से शांति बनाए रखने और पुलिस द्वारा दिए गए वैध निर्देशों का पालन करने की अपील की जाती है।”

 

Comments

Your email address will not be published.

0