जसवीर त्यागी की सात कविताएं
इंसान
====
इंसान रोना चाहता है
लेकिन अपार भीड़ में
कोई कन्धा उसे नसीब नहीं होता
जिस पर सिर रखकर
वह रो सके
मरता हुआ आदमी
जीना चाहता है
जिंदा आदमी
रोना चाहता है।
■
अलग होना
÷÷÷÷÷÷÷
भरी परात से
एक दाना अलग जा गिरा
देखने वालों को
दूर से ही चमकता है
जमीन पर गिरा दाना
चमकने के लिए
कभी-कभी
भीड़ से अलग होना होता है।
■
देखना
÷÷÷÷
एक दिन उसने कहा-
तुम कम हँसते हो
हँसा करो खुलकर
सुंदर लगते हो
उसकी बात सुनकर
मैं हँस दिया
उसने मुझे
हँसते हुए देखा
मैंने उसे
मेरी हँसी की चिंता करते देखा।
●
गूंगी
÷÷÷
कभी-कभी
लंबे समय तक
कोई बात नहीं होती
न खुद से
और न किसी दूसरे से
बात न हो पाए
यह बड़ा संकट नहीं
बड़ा संकट है
बात करने की चाह
गूंगी हो जाये।
■
अनेक अर्थ
————–
सुबह-शाम
ज्यों ही दूध का समय होता है
भैंस का लवारा खूँटे पर पैर पटकने लगता है
गले में बंधी रस्सी को
खींचता है अपनी माँ की ओर
दूधिया हाथों में लिए बाल्टी
इत्मीनान से आता है
लवारे को देता है ढील
बैचेनी और भूख से भरा लवारा
लपकता है माँ के थनों की ओर
भैंस चाटती-चूमती है लाडले को
कुछ ही देर में थनों में भर जाता है दूध
दूधिया तुरंत खींचता है लवारे को खूँटे पर
बच्चे को दूर जाता देख
भरे गले से रंभाती है भैंस
माँ और बच्चा देखते हैं
एक-दूसरे को तरस भरी निगाहों से
दूधिया खाली बाल्टी
और महीने की पहली तारीख देखता है
वैसे तो देखना शब्द है एक
लेकिन उसके अर्थ हैं अनेक।
■
हिम्मत
÷÷÷÷
पड़ोस में रहने वाले एक आदमी के
पाँच बेटे और एक बेटी थी
तीन विवाहित बेटे
अलग-अलग दुर्घटनाओं में चल बसे
बिटिया भी ससुराल में सुखी नहीं
बुजुर्ग पति-पत्नी
साँसों की रस्सी पर
एक-दूसरे का हाथ पकड़कर चलते हैं
मेरा उनके संग बैठने का मन होता है
उनसे बात करने की हिम्मत
मैं जुटा नहीं पाता।
■
शेर-बेटा
÷÷÷÷÷
बारह वर्षीय बच्चे की
सप्ताह में तीन दिन डायलेसिस होती है
बच्चा हर बार
आना-कानी,ना-नुकुर करता है
रोग की रस्सी पर चलते बच्चे को
माता-पिता बाहों में भरकर कहते हैं-
तू हमारा शेर बेटा है
बच्चा हौसले से हाथ मिलाता हुआ
माता-पिता को एकटक देखता है
माता-पिता नन्हें शेर को
डॉक्टर और नर्स के साथ जाता हुआ देखते हैं।
■

बहुत सुंदर और जरूरी कविताएं। रोजमर्रा के जीवन में आसपास के दृश्यों को भावपूर्ण ढंग से दर्ज करती हुईं।
मानवीय संवेदनाओं और जीवन की कड़वी-मीठी सच्चाइयों को उकेरने वाली बेहद सुंदर कविताएं। हर एक कविता जीवन के किसी न किसी पहलू को बहुत सादगी और गहराई से उजागर करती है!
रोजमर्रे के जीवन से उपजी ये कविताएँ गहरे संवेदित करती हैं। मेरे प्यारे और न्यारे कवि को बधाई।
सभी क सादर नमस्कार
हार्दिक आभार
सभी का सादर नमस्कार
हार्दिक आभार
प्रतिबिम्ब मीडिया की समस्त टीम का तहेदिल से धन्यवाद।
और सभी पाठकों का हार्दिक आभार।
बहुत सुंदर कविताएं है एक से बढ़कर एक….आपकी कविताएं हमेशा मानवीय मन के संवेदनाओं को छू सकता है….एक एक कविताएं मानो पढ़कर ऐसा प्रतीत होता है कि ये सारी ऐसी भावनाएं है जो हम सब महसूस करते है….ऐसी संवेदनशील कविताओं के साथ मानव मन को छूने वाली पंक्तियां लेखन के लिए आपको साधुवाद
सभी को सादर नमस्कार।हार्दिक आभार।बना रहे आपका सहयोगी-व्यवहार।
बेहद मार्मिक कविताएं, बेहद सरल- सहज शब्दावली में जीवन के सबसे कठिन दुखों से बातचीत करती ये कविताएं मन के भीतर जमी हुई दुखों की दुनिया में एक शीतल निर्मल नदी की तरह दाखिल होती हैं।
जसवीर त्यागी जी की कविताएँ सहज भाषा में जीवन की गहरी संवेदनाओं, मानवीय रिश्तों और सामाजिक विडंबनाओं को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त करती हैं। उनकी कविताओं में छोटी-सी घटना या दृश्य के भीतर छिपे अनेक अर्थ खुलते हैं और पाठक को भीतर तक सोचने के लिए विवश करते हैं। विशेष रूप से ‘इंसान’, ‘अनेक अर्थ’ और ‘हिम्मत’ जैसी कविताएँ करुणा, संवेदना और मानवीय विवशता को मार्मिक स्वर देती हैं।
जसवीर जी की कविताएँ इस मायने में अद्भुत हैं कि वे जीवन के बेहद करीब हैं। जीवन की हल्की से हल्की हरकत को वे महसूस कर लेते हैं और उसे बेहद मार्मिकता और सहजता के साथ अपनी कविताओं में ले आते हैं. उनकी कविताएँ जीवन से संवाद हैं.
मैं प्रतिबिंब मीडिया श्री बलराम मीणा, जतिन शुक्ला, कवि-पत्रकार श्री राधेश्याम तिवारी जी,डॉक्टर अंकित अभिषेक, आयुष पांडेय मशहूर लेखक श्री पवन शर्मा जी, कवि,आलोचक,अनुवादक प्रोफ़ेसर संजीव कौशल जी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ।आशा करता हूँ कि निकट भविष्य में भी आप सभी का स्नेह-सहयोग मुझे मिलता रहेगा। सादर नमस्कार
बहुत सशक्त कविताएं
बढ़िया लिखते हैं आप
Lovely
Heart touching
बेहतरीन कविताएं। बधाई।
बेहतरीन कविताएं। बधाई।
वही छोटी छोटी घटनाएँ जो हम आसपास देखते हैं, उनके भीतर इतनी गहरी संवेदना हो सकती है वो आपकी कविताओ में है जिससे विचार ठहर जाते हैं।
हमारा सौभाग्य है जो आपका सानिध्य प्राप्त है गुरु जी ।
Poems written by you are very real
after reading we are forced to think
that you visualise the feelings of humans from the core of you soft and kind heart
Best wishes
Congratulations
Keep it up
इन कविताओं में जीवन की सच्ची और सुलझी हुई छवि दिखाई पड़ती है। सप्ताह के सात दिनों जैसी ज़रूरी कविताएँ।
प्रतिबिंब मीडिया की समस्त टीम,अजय कुमार श्रीवास्तव जी,सुबोध कुमार त्यागी जी,पंकज त्रिवेदी जी,देवांश कौशिक,ऋतिका का हार्दिक आभार
वाह… अद्भुत कविताएं हैं।
सभी कविताएं सराहनीय हैं हिम्मत और शेर बेटा काफ़ी हृदयस्पर्शी हैं।
सुंदर कविताएं सर ।