- सूचना विभाग के महानिदेशक डॉ अमित अग्रवाल ने कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा
- जिला प्रशासन के अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
- विकसित भारत जन संवाद संकल्प यात्रा का उद्देश्य आमजन में गर्व का भाव पैदा करना: डॉ. अग्रवाल
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल वीरवार को जिला फरीदाबाद के फतेहपुर बिलोच गांव से वैन को हरी झंडी दिखाकर विकसित भारत जन संवाद संकल्प यात्रा की शुरुआत करेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना और अंत्योदय की भावना से समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति का उत्थान सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव और सूचना, लोक संपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक डॉ अमित अग्रवाल ने फतेहपुर बिलोच गांव में संकल्प यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि भारत आज दुनिया के विकसित देशों में शामिल हो रहा है, यह हमारे देश के नागरिकों के लिए गौरव की बात है। विकसित भारत- जन संवाद संकल्प यात्रा का उद्देश्य आम जन में गर्व का भाव पैदा करना है। उन्होंने कहा कि हमें सरकार की प्रत्येक योजना को समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंचाकर अंत्योदय की भावना को साकार रूप देना है।
डॉ. अमित अग्रवाल ने कहा कि जब हमारा देश तरक्की की राह पर है तो यह हम सब के लिए सबसे गर्व और गौरव का विषय है। आज पूरी दुनिया में भारत के लोगों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। देश की जनसंख्या हमारे लिए सबसे बड़ी पूंजी है और दुनिया के प्रत्येक देश में आज हमारे लोगों ने अपने काम की बदौलत अपनी पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत-जन संवाद संकल्प यात्रा का उद्देश्य भी यही है कि प्रत्येक भारतीय तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे और वह देश की तरक्की में शामिल होकर गर्व महसूस करे। उन्होंने कहा कि हमें लोगों को जोड़ना है और उन्हें देश की तरक्की के बारे में बताना है। उन्होंने बच्चों को भी इन कार्यक्रमों से जोड़ने का आह्वान किया ताकि भविष्य में यह उनके लिए प्रेरणा बन सके।