जनवादी लेखक संघ द्वारा प्रो. नित्यानंद तिवारी को श्रद्धांजलि
जनवादी लेखक संघ अपने पूर्व उपाध्यक्ष और हिंदी के अत्यंत समर्थ चिंतक-आलोचक प्रो. नित्यानंद तिवारी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करता है।
उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ीपुर से आनेवाले 88 वर्षीय प्रो. नित्यानंद तिवारी का निधन आज, तारीख 18 नवंबर 2026 को दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित एक अस्पताल में दोपहर बाद लगभग साढ़े चार बजे हुआ। वे लंबे समय से कई शारीरिक व्याधियों से ग्रस्त थे। एक महीने से उनकी हालत ज़्यादा नाजुक चल रही थी।
पिछली सदी के 50 और 60 के दशक में उभरे नवलेखन की आलोचनात्मक समझ विकसित करनेवालों में नित्यानंद तिवारी जी का नाम महत्त्वपूर्ण है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से उन्होंने अपना शोधकार्य तो मध्ययुगीन प्रेमाख्यानक काव्यों पर किया था, लेकिन उनका आलोचनात्मक लेखन मुख्यतः आधुनिक साहित्य पर केंद्रित रहा। पुस्तकाकार प्रकाशित शोध-प्रबंध के बाद से उनका लेखन निबंधात्मक ही रहा, यद्यपि उनके पाठक जानते हैं कि उन निबंधों का महत्त्व अनेक स्थूलकाय पुस्तकों से कहीं अधिक है। ‘आधुनिक साहित्य और इतिहास बोध’, ‘सृजनशीलता का संकट’, ‘प्रसंग और आलोचना’, ‘मध्यकालीन साहित्य : एक पुनरावलोकन’ इत्यादि उनके आलोचनात्मक निबंधों के संकलन हैं। अलग-अलग विधाओं से संबद्ध होने के बावजूद इस संकलित निबंधों में आलोचना-दृष्टि के स्तर पर एक प्रबंधात्मक अंतःसूत्रता है। उनका केंद्रीय प्रस्ताव यह है कि भाव और विचार ठोस वस्तुस्थितियों की उपज होते हैं और उन वस्तुस्थितियों के आसंग में उन्हें रखकर देखना-दिखाना ही साहित्य को सार्थक तथा आलोचना को मर्मग्राही बना सकता है। रचना की ‘संवेदना में तटस्थ नहीं, सक्रिय भूमिका’ निभाते हुए ठोस सामाजिक जीवन-संदर्भ न हों तो छिन्न-मूल विचारों और भावों की सूक्ष्मता-अद्वितीयता की दावेदारी करते हुए महान साहित्य नहीं रचा जा सकता। ये ऐसे जीवन-संदर्भ होते हैं ‘जिनकी सनातन नहीं, ऐतिहासिक सत्ता है, जिसमें परिवर्तन होता है’। यही विभाव हैं जिनसे दूरी बरत कर कोई सार्थक भाव-साधना नहीं की जा सकती। जो साहित्य इन सामाजिक-ऐतिहासिक विभावों की पहचान नहीं करता-कराता, वह भाव को, अनुभूति और चेतना को ‘स्वविषयान्वेषी’ स्थिति में रूपांतरित कर बंजर बना देता है। गोया अपने समय का न होकर हर समय का बन जाने और अपनी जगह-ज़मीन का न होकर पूरी दुनिया का बन जाने की महत्वाकांक्षा रचना को किसी भी समय और किसी भी जगह का नहीं रहने देती।
इस बुनियादी समझ के साथ नित्यानंद तिवारी ने हिंदी की अनेक कालजयी कृतियों का विवेचन-विश्लेषण किया और ‘कथानक की जरूरत’, ‘प्रेमचंद के उपन्यासों की संरचना’, ‘साहित्य और इतिहास बोध’ जैसे अविस्मरणीय निबंध लिखे।
नित्यानंद तिवारी ने दिल्ली विश्वविद्यालय में लगभग 35 सालों तक अध्यापन किया। अपनी जटिल और किसी हद तक गरिष्ठ व्याख्यान-शैली के बावजूद वे बेहद लोकप्रिय शिक्षक थे। ‘पदमावत’, ‘अंधा युग’ और ‘मैला आँचल’ पर उनके रससिक्त और अंतर्दृष्टिपूर्ण व्याख्यानों को सुनने के लिए हर पीढ़ी के विद्यार्थी लालायित रहते थे। उनके व्याख्यानों के कारण कई ऐसे विद्यार्थी साहित्य में गहरी रुचि लेने लगे जिन्होंने हिंदी विषय की पढ़ाई सिर्फ़ मजबूरी में, दाखिला लेने के वास्ते, क़ुबूल की थी। वे ऐसे शिक्षकों में से थे जिनके बारे में दंतकथाएँ उनके जीवनकाल में ही चल पड़ती हैं। वे अपने लेखन, अध्यापन, सामाजिक-राजनीतिक सरोकारों आदि तमाम वज़हों से व्यापक हिंदी समाज में बार-बार याद किए जाएँगे।
जनवादी लेखक संघ चिंतक, आलोचक और अध्यापक नित्यानंद तिवारी को हृदय से श्रद्धांजलि देता है तथा उनके शोक-संतप्त परिवार के प्रति अपनी शोक-संवेदना व्यक्त करता है।

(साथी प्रेम तिवारी के साथ प्रो. नित्यानंद तिवारी)
गुरुवर नित्यानंद तिवारी नहीं रहे। हिंदी के प्रगतिशील-जनवादी आंदोलन की एक लौ बुझ गई। दिल्ली स्थित पश्चिम विहार के एक अस्पताल में अपराह्न साढ़े चार बजे के आसपास उनका देहावसान हुआ। वे एक अविस्मरणीय शिक्षक और अत्यंत समर्थ चिंतक-आलोचक थे। वे जनवादी लेखक संघ के उपाध्यक्ष रहे। दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष के रूप में भी उनकी भूमिका सदैव याद रखी जाएगी। नमन!

भावपूर्ण श्रद्धांजलि