अनुपम शर्मा की कविता- जुर्म बार-बार करना होगा

कविता

जुर्म बार-बार करना होगा

अनुपम शर्मा

यौवन अवस्था में कदम रखने वाली अल्हड़-सी लड़कियों !
क्या तुम्हें पता है
तुम्हारा हँसना, मुस्कुराना
बहुत बड़ा जुर्म है

ये जाहिलों की बस्ती है
यहाँ गीत गुनगुनाना भी
बहुत बड़ा जुर्म है

ये संस्कारी लोगों का देश है
कोई तुम्हें नोच डाले, रौंद डाले
पर तुम्हारा आवाज उठाना
बहुत बड़ा जुर्म है

और हाँ,
हक के लिए लड़ना
तुम्हारा सड़कों पर आंदोलन करना
संघर्ष करना ,गालियाँ देना
और भी बड़ा जुर्म है

गार्गी , मैत्रेयी की तरह
पुस्तक पढ़ना फिर तर्क करना
आत्मसम्मान के साथ जीना भी
सबसे बड़ा जुर्म है

पर सुनो—
संस्कारों की संस्कृति को बदलना होगा
समतामूलक समाज रचना होगा।
गर यह सब जुर्म है
तो ये जुर्म बार-बार करना होगा।

Comments

Your email address will not be published.

0