गरीबी भाग गई… लेकिन अमीरी कहीं जाने को तैयार नहीं!

व्यंग्य

गरीबी भाग गई… लेकिन अमीरी कहीं जाने को तैयार नहीं!

विजय शंकर पांडेय

 

भारत में गरीबी तेजी से खत्म हो रही है! वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट ने खुशखबरी दी है कि लगभग 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए हैं। लेकिन सवाल है कि भाई, ये लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं या अमीरों की नजरों से बाहर चले गए हैं?

साथ ही मुफ्त राशन लेने वाले 80 करोड़ लोग अब भी कतार में हैं। सरकार का तर्क है मुफ्त राशन इसलिए दिया जा रहा है ताकि वे दोबारा गरीबी रेखा के नीचे न फिसलें। यह खाद्य सुरक्षा के लिए एक ‘सेफ्टी नेट’ का काम करता है।

वाह रे भारत! क्या कमाल की तरक्की हो रही है!

मीडिया में ढोल बज रहे हैं कि देश में गरीबी का नामोनिशान मिटता जा रहा है। लगभग 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकल चुके हैं।

अब गरीब आदमी भी सोच रहा होगा कि भाई, हमें तो पता ही नहीं चला कि हम कब अमीर हो गए!

महंगाई ने जेब खाली कर दी, बेरोजगारी ने उम्मीदें खाली कर दीं और सरकार ने बताया कि बधाई हो… आप गरीबी से बाहर आ चुके हैं!

यानी आदमी के पास नौकरी नहीं, आमदनी नहीं, बचत नहीं… लेकिन गरीबी से प्रमोशन जरूर मिल गया!

मगर जरा देश की आर्थिक असमानता का हिसाब भी देख लीजिए।

देश के शीर्ष 10 प्रतिशत लोगों के पास राष्ट्रीय आय का 58 प्रतिशत हिस्सा है, जबकि नीचे के 50 प्रतिशत लोगों को सिर्फ 15 प्रतिशत मिलता है।

मतलब देश की अर्थव्यवस्था की मलाई ऊपर की 10 प्रतिशत आबादी खा रही है और बाकी 50 प्रतिशत जनता कटोरी लेकर विकास की खीर में अपना हिस्सा तलाश रही है!

संपत्ति का हाल तो और भी मजेदार है।

शीर्ष 10 प्रतिशत परिवारों के पास देश की 65 प्रतिशत संपत्ति है। अकेले शीर्ष 1 प्रतिशत के पास करीब 40 प्रतिशत संपत्ति है।

और नीचे के 50 प्रतिशत लोगों के पास 6 प्रतिशत से भी कम!

यानी देश में अमीरों के पास इतनी संपत्ति है कि सात पुश्तें बैठकर खा सकती हैं और गरीबों के पास इतनी कम है कि अगली पीढ़ी को भी किस्तों में सपने देखने पड़ेंगे!

अब महिलाओं की बात कर लीजिए।

श्रम बल में महिलाओं की भागीदारी महज 15.7 प्रतिशत बताई गई है।

यानी महिला सशक्तीकरण के पोस्टर तो खूब चमक रहे हैं, लेकिन रोजगार के दरवाजे पर महिलाओं के लिए अभी भी वेटिंग लिस्ट लगी हुई है!

विडंबना देखिए, एक तरफ हम विश्वगुरु बनने का सपना देख रहे हैं और दूसरी तरफ देश की आधी आबादी को आर्थिक तरक्की की दौड़ में बराबर का मौका ही नहीं मिल पा रहा।

सवाल यह नहीं कि 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए या नहीं।

सवाल यह है कि गरीबी से बाहर निकलने के बाद उनकी जिंदगी कितनी बदली? क्या आमदनी बढ़ी? क्या रोजगार मिला? क्या बच्चों की शिक्षा और परिवार का भविष्य सुरक्षित हुआ?

क्योंकि गरीबी रेखा से बाहर निकलना और खुशहाली की जिंदगी में प्रवेश करना… दोनों में जमीन-आसमान का अंतर है!

लगता है भारत में गरीबी खत्म करने का सबसे आसान तरीका यही है कि गरीब को गरीबी रेखा से बाहर कर दो… अमीर को संपत्ति के पहाड़ पर बैठा रहने दो और बीच में खड़े आदमी को विकास का सेल्फी पॉइंट दिखा दो!

Comments

Your email address will not be published.

0