नाते-रिश्ते
मन की बात कहाँ कहें?
रिश्तों में प्रेम हमें जोड़ता है, लेकिन विश्वास बिना डर के मन का दरवाज़ा खोल पाते हैं
डॉ. रीटा अरोड़ा
“दीदी, अब मैं किसी से अपने मन की बात नहीं करती।”
सोनल ने चाय का कप मेज़ पर रखते हुए कहा।
नेहा ने हैरानी से उसकी ओर देखा – “तू? तू तो छोटी-सी बात भी मन में नहीं रख पाती थी।”
सोनल हल्का-सा मुस्कुराई – “तभी तो अब रखना सीख गई हूँ।”
“ऐसा क्या हुआ?”
“कुछ खास नहीं… बस जिन्हें अपना समझकर कुछ बातें कहीं थीं, वही बातें घूम-फिरकर दूसरों के मुँह से सुनने को मिलीं।”
नेहा कुछ पल चुप रही।
“दुख बात फैलने का हुआ?”
सोनल ने खिड़की के बाहर देखते हुए कहा – “नहीं दीदी… दुख इस बात का हुआ कि बात वहाँ से निकली, जहाँ मैंने उसे सुरक्षित समझकर रखा था।”
यह छोटी-सी बातचीत केवल सोनल की कहानी नहीं है। शायद हममें से बहुत से लोग जीवन के किसी न किसी मोड़ पर इस अनुभव से गुज़रते हैं। हम किसी के सामने इसलिए मन नहीं खोलते कि हमारे पास कहने को बहुत कुछ है, बल्कि इसलिए खोलते हैं क्योंकि हमें विश्वास होता है – यहाँ मेरी बात सुरक्षित रहेगी।
रिश्ते केवल साथ बैठने, मिलने-जुलने, त्योहार मनाने या एक-दूसरे की मदद करने से गहरे नहीं होते। उनकी असली गहराई तब दिखाई देती है, जब कोई व्यक्ति हमारे सामने अपने मन का वह हिस्सा रख सके, जिसे वह पूरी दुनिया से छिपाकर रखता है।
किसी ने अपनी परेशानी बताई, किसी ने परिवार की उलझन, किसी ने अपने बच्चे की चिंता, किसी ने पति-पत्नी के बीच की कोई बात और किसी ने अपनी कमजोरी। सुनने वाले के लिए वह शायद एक घटना हो, लेकिन कहने वाले के लिए वह उसके मन का सबसे नाज़ुक कोना हो सकता है।
और जब वही बात किसी तीसरे व्यक्ति तक पहुँचती है, तो केवल एक राज़ नहीं खुलता – मन का एक दरवाज़ा बंद हो जाता है।
सबसे अधिक चोट भी अक्सर अजनबी नहीं देते। अजनबियों के सामने हम पहले से सावधान रहते हैं। चोट वहाँ लगती है, जहाँ हमने सावधानी उतारकर विश्वास पहन लिया हो।
कई बार बात आगे पहुँचाने वाला व्यक्ति इसे गंभीरता से भी नहीं लेता। वह सहजता से कह देता है – “अरे, मैंने तो बस यूँ ही बता दिया।” या “इसमें छिपाने वाली कौन-सी बात थी?”
लेकिन यह तय करने का अधिकार किसका था कि वह बात छिपाने योग्य थी या नहीं?
जिस व्यक्ति ने आपको विश्वास में लेकर कुछ कहा, उसकी बात कितनी छोटी या बड़ी है, इसका निर्णय सुनने वाला कैसे कर सकता है?
आज के समय में यह समस्या और गहरी हो गई है। पहले बातें चार लोगों तक पहुँचती थीं, अब एक संदेश, स्क्रीनशॉट या समूह में कही गई टिप्पणी कुछ ही क्षणों में न जाने कहाँ तक पहुँच सकती है। हम दूसरों के जीवन की बातें इतनी सहजता से साझा करने लगे हैं कि कभी-कभी भूल जाते हैं – हर जानकारी हमारी नहीं होती, भले ही वह हमारे पास हो।
विश्वास टूटने की आवाज़ नहीं होती।
कोई गिलास टूटे तो सुनाई देता है। कोई दरवाज़ा बंद हो तो आहट होती है। लेकिन जब किसी के भीतर भरोसा टूटता है, तो अक्सर बाहर कुछ भी नहीं होता।
वह व्यक्ति पहले की तरह मिलता है। मुस्कुराता है। त्योहार पर संदेश भेजता है। आपके साथ चाय भी पीता है।
बस अब वह अपने मन की बात नहीं करता।
उसके “सब ठीक है” के पीछे बहुत कुछ होता है, लेकिन वह आपको वहाँ तक आने नहीं देता।
यही विश्वास टूटने की सबसे बड़ी कीमत है – रिश्ता शायद बना रहता है, लेकिन उसकी गहराई चली जाती है।
यह भी सच है कि एक चोट के बाद पूरी दुनिया से मन बंद कर लेना समाधान नहीं है। हर व्यक्ति विश्वास तोड़ने वाला नहीं होता। उम्र और अनुभव शायद हमें यही सिखाते हैं कि दिल के दरवाज़े बंद नहीं करने चाहिए, लेकिन हर आने वाले को उसकी चाबी भी नहीं देनी चाहिए।
रिश्तों में विश्वास धीरे-धीरे बनता है। सामने वाला हमारी अनुपस्थिति में हमारे बारे में कैसे बोलता है, हमारी कमजोरी को कैसे संभालता है, मतभेद के समय हमारे सम्मान की रक्षा करता है या नहीं – इन्हीं छोटी-छोटी बातों से पता चलता है कि उसके सामने हम कितना खुल सकते हैं।
और हमें स्वयं से भी पूछना चाहिए – क्या हम किसी के विश्वास के योग्य हैं?
जब कोई अपना मन हमारे सामने खोलता है, तो वह हमें केवल शब्द नहीं सौंपता। वह अपने भीतर का एक नाज़ुक हिस्सा हमारे हाथ में रखता है। उसे संभालना भी रिश्ते की जिम्मेदारी है।
क्योंकि मन की बातें बहुत अजीब होती हैं।
एक बार चोट खा जाएँ तो अगली बार होंठों तक आकर ठहर जाती हैं। व्यक्ति कहना चाहता है, सामने कोई अपना भी बैठा होता है, लेकिन भीतर से एक आवाज़ आती है – “रहने दो…”
और धीरे-धीरे इंसान दूसरों से कम और खुद से ज्यादा बातें करने लगता है।
शायद इसीलिए रिश्तों में सबसे सुंदर भरोसा वह है, जहाँ हमें यह सोचने की जरूरत ही न पड़े कि “यह बात कहूँ या नहीं?”
जहाँ मन जानता हो –
मेरी बात सुनी जाएगी, समझी जाएगी…
लेकिन उछाली नहीं जाएगी।
