जयपाल की कविता – भंवर लाल जैन
भंवर लाल जैन – 1
भंवर लाल जैन को मुस्लिम समझ कर
मध्यप्रदेश के नीमच में मार देना
एक तरह से मुनादी करना है
कि हर समय अपने पास रखो
एक तस्दीकशुदा हल्फिया बयान
जिस पर लिखा हो
तुम्हारा धर्म, जाति, वर्ग और देश
मतलब तुम्हारी औकात
जिससे तय किया जा सके
तुम्हारी मौत का समय और स्थान
….…….
भंवर लाल जैन-2
भंवर लाल जैन विक्षिप्त थे
अपना धर्म और जाति भूल गए
नहीं बता सके सही-सही
सो मार दिए गए
हत्यारे को याद थे अच्छी तरह
अपनी जाति और धर्म
_-भंवर लाल जैन एक सत्तर वर्षीय विक्षिप्त बुजुर्ग जिसे मुस्लिम समझ कर मध्यप्रदेश के नीमच में 19/5/2022 को पीट-पीट मार दिया गया।
