जसवीर त्यागी की दो कविताएं
ढाबे का लड़का
ढाबे का लड़का
मुँह फेरकर
एक कोने में रोटी खा रहा था
उसकी प्लेट में
दो ठंडी रोटी के साथ
थोड़ा चावल-सब्जी था
मैंने पूछा-
इतने से पेट भर जायेगा?
उसने अन्यमनस्क आँखों से मुझे देखा
और कुछ देर बाद बोला-
इतनी रोटी तो बहुत हैं
खाने में लालाजी की डांट
और मार भी मिलती है।
■
छोटू का हिसाब
——————–
छोटू रोटी लाओ
छोटू दाल लाओ
चाय लाओ छोटू
तड़के छह बजे से लेकर
रात के बारह बजे तक
कितनी बार पुकारा जाता है उसका नाम?
वह खुद नहीं जानता
न ही उसके पुकारने वाले
और नहीं जानता ढाबे का वह लाला
जो रखता है हिसाब
रोटी,दाल,चाय का
यहाँ तक कि बर्तनों का भी
तो फिर
क्यों नहीं रखता वह हिसाब?
छोटू के नाम पुकारे जाने का
एक-एक चीज का हिसाब रखने वाले
लाला के बहीखाते में
कोई हिसाब नहीं है छोटू का
यह बात नहीं है हल्की
गरमागरम रोटी के स्वाद में भूल जाने की
और न ही चाय की भाप समझकर
फूँक मार-मारकर उड़ा देने की
यह उतनी ही जरूरी है
जितना जरूरी है
ढाबे में आग का होना
छोटू जब पहले-पहल आया था
मैंने पाया वह एक खरगोश है
जो भाग-भागकर फुदकता है
एक मेज से दूसरी मेज पर
मैंने देखा एक रोज
वहाँ फुदकने वाला खरगोश नहीं है
उसकी जगह पर खड़ा है
एक मरियल-सा बैल
फिर बैल से वह
एक बुत में तब्दील हो गया
आने-जाने वाले ग्राहक
पुकार रहे हैं उसका नाम
जोर-जोर से चिल्ला रहे हैं
छोटू….. छोटू…..
कहाँ मर गया…?
साला कामचोर ।
■
